X
X

Fact Check: अखिलेश और खेसारी के मुलाकात की यह तस्वीर पुरानी, बिहार चुनाव में मिली हार के बाद की नहीं

अखिलेश और खेसारी लाल यादव की तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल हो रही तस्वीर हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि फरवरी 2025 की है। अक्टूबर 2025 में खेसारी लाल यादव राष्ट्रीय जनता दल के साथ जुड़े थे और राजद ने छपरा सीट से उन्हें उम्मीदवार घोषित किया था। हालांकि, वह चुनाव हार गए थे। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में छपरा विधानसभा सीट से हारने के बाद भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस फोटो में उन्हें समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव से मुलाकात करते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि हार के बाद खेसारी लाल ने अखिलेश यादव से मुलाकात की। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पोस्ट में किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल हो रही तस्वीर हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि फरवरी 2025 की है। अक्टूबर 2025 में खेसारी लाल यादव राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ जुड़े थे और राजद ने छपरा सीट से उन्हें उम्मीदवार घोषित किया था। हालांकि, वह चुनाव हार गए थे। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Atul Yadav’ ने वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, ‘हारने के बाद भी खेसारी लाल यादव के साथ खड़े है अखिलेश यादव अब यूपी के चुनाव में भी खेसारी।’

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वायरल तस्वीर ईटीवी भारत डॉट कॉम की वेबसाइट पर पब्लिश एक खबर में मिली। इस रिपोर्ट को 26 फरवरी 2025 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से लखनऊ में मुलाकात की थी।’ 

जी न्यूज उत्तर प्रदेश उत्तराखंड की वेबसाइट पर 27 फरवरी 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, दोनों की मुलाकात के बाद खेसारी लाल के सपा ज्वाइन करने की अटकलें तेज हो गई थीं। उस समय कहा जा रहा था कि खेसारी समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर सकते हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर किसी ने कोई बयान नहीं दिया था।

पड़ताल के दौरान हमें वायरल तस्वीर, अखिलेश यादव के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर 26 फरवरी 2025 को शेयर हुई मिली। कैप्शन में लिखा गया है, ‘कलाकार अपनी प्रस्तुति के माध्यम से समाज को सही दिशा देने की क्षमता रखता है, इसके लिए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सुनिश्चित करना सत्ता का कर्तव्य होता है।’ इसी को रीपोस्ट करते हुए खेसारी लाल यादव ने लिखा है, ‘अखिलेश भैया, आपकी यह सोच हर कलाकार के लिए प्रेरणा से भरा हुआ है। आपके विचारों से मैं पूरी तरह सहमत हूं। कलाकारों और समाज के हित में हम सभी को मिलकर काम करना ही होगा।’

खेसारी लाल यादव ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर 16 अक्टूबर 2025 को एक पोस्ट जारी कर बताया था कि वह राजद में शामिल हो गए हैं और छपरा से विधानसभा 2025 का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कैप्शन में लिखा था, ‘मैं, आप सभी का बेटा और भाई खेसारी लाल यादव, इस बार छपरा विधानसभा से चुनाव लड़ रहा हूँ। मैं कोई परंपरागत नेता नहीं हूँ, मैं आप सभी जनता जनार्दन का बेटा हूँ, खेत-खलिहान का लाल हूँ, हर तबके की आवाज़ हूँ और युवा भाइयों का जोश हूँ। मेरे लिए राजनीति कोई कुर्सी की दौड़ नहीं है, ये एक ज़िम्मेदारी है, छपरा के हर घर तक विकास पहुँचाने की, हर दिल की आवाज़ बनने की। राष्ट्रीय जनता दल की विचारधारा, आदरणीय श्री लालू प्रसाद यादव जी का संघर्ष और बड़े भाई श्री तेजस्वी प्रसाद यादव जी का युवा नेतृत्व एवं आप सभी का आशीर्वाद व भरोसा अब यही मेरे रास्ते का दीपक हैं।’

नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 15 नवंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘छपरा से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को अपना उम्मीदवार बनाया था। खेसारी के आने से यह सीट और ज्यादा चर्चा में आ गई थी। एनडीए में यह सीट बीजेपी के हिस्से में आई है, जहां पार्टी ने छोटी कुमारी को मैदान में उतारा है। छोटी कुमारी ने कड़े मुकाबले में खेसारी लाल यादव को 7600 वोटों से हरा दिया है।’

हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। लेकिन हमें हाल-फिलहाल में दोनों के मुलाकात करने की कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के चीफ रिपोर्टर जितेंद्र कुमार से संपर्क किया। उन्होंने फोटो को पुराना बताया है।

अंत में हमने फोटो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 70 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यह यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट्स को शेयर करता है। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अखिलेश और खेसारी लाल यादव की तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। असल में वायरल हो रही तस्वीर हाल-फिलहाल की नहीं, बल्कि फरवरी 2025 की है। अक्टूबर 2025 में खेसारी लाल यादव राष्ट्रीय जनता दल के साथ जुड़े थे और राजद ने छपरा सीट से उन्हें उम्मीदवार घोषित किया था। हालांकि, वह चुनाव हार गए थे। 

  • Claim Review : बिहार चुनाव में हार के बाद खेसारी लाल ने अखिलेश यादव से मुलाकात की।
  • Claimed By : FB User Atul Yadav
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later