X
X

Fact Check: आंध्र में पुलिस पर हमले के आरोपियों की पिटाई का वीडियो ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद का बताकर किया जा रहा शेयर

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि आंध्र प्रदेश में कॉन्स्टेबल पर हमला करने के आरोपियों की सार्वजनिक तौर पर डंडों से पिटाई की घटना के वीडियो को 'आई लव मोहम्मद' विवाद में पुलिस के मुस्लिम युवकों की पिटाई और पाकिस्तान का नारा लगाने के आरोपियों की पिटाई के गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: Oct 6, 2025 at 02:32 PM
  • Updated: Oct 6, 2025 at 03:04 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ पुलिस वालों को सड़क पर तीन युवकों की सरेआम पिटाई करते हुए देखा जा सकता है।’आई लव मोहम्मद’ विवाद के बीच सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स इस वीडियो को दो अलग-अलग दावों के साथ शेयर कर रहे हैं। पहला दावा पाकिस्तान का नारा लगाने के आरोपियों की पिटाई का है, वहीं कई अन्य यूजर्स इसे ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद का जोड़कर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में दोनों ही दावों को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो आंध्र प्रदेश के गुंटुर जिले में हुई पुरानी घटना से संबंधित है, जब पुलिस ने तीन युवकों की सरेआम पिटाई की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये तीनों युवक पुलिस कॉन्स्टेबल पर हमले के आरोपी थे और पुलिस द्वारा इनकी सरेआम पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने राज्य सरकार पर निशाना साधा था।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Vihan Singh Rajput’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “पाकिस्तान के लिए नारे लगाने का इनाम दिया जा रहा हैं #socialmedia #trendingpost #videoreelsシ #pramanandmaharajji”

सोशल मीडिया पर दो अलग-अलग दावों से वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।

वहीं, एक अन्य यूजर ने इस वीडियो (आर्काइव लिंक)को ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद का बताते हुए शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें ऑरिजिनल वीडियो आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी की आधिकारिक एक्स प्रोफाइल से शेयर किया हुआ मिला, जिसमें उन्होंने राज्य पुलिस की कार्रवाई को लेकर मौजूदा सरकार पर निशाना साधा है।

27 मई 2025 को शेयर किए गए इस वीडियो को आंध्र प्रदेश के तेनाली का बताया गया है।

कई अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में इस घटना का जिक्र है। एनडीटीवी की 28 मई की रिपोर्ट के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के तेनाली में पुलिस ने सरेआम सड़क पर बिठाकर तीन युवकों की पिटाई की। रिपोर्ट के मुताबिक- विक्टर, बाबूलाल और राकेश एक स्थानीय डॉन लड्डू के लिए काम करते हैं, जिन्होंने एटानगर में ड्रग्स के नशे में पुलिस कॉन्स्टेबल चिरंजीवी पर हमला किया था।

टाइम्स ऑफ इंडिया की 27 मई की रिपोर्ट में इस घटना का समान संदर्भ में जिक्र है। कई अन्य रिपोर्ट्स में भी इस घटना का जिक्र है।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल हो रहा वीडियो आंध्र प्रदेश का है। इस वीडियो को लेकर हमने हैदराबाद स्थित  स्थानीय टीवी पत्रकार नूर मोहम्मद से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “यह वीडियो तेनाली (आंध्र प्रदेश) का है, जहां पुलिस ने एक कॉन्स्टेबल पर कथित रूप से हमला करने के आरोपियों की सरेआम डंडों से पिटाई की थी।” उन्होंने हमारे साथ इस पिटाई की घटना का वीडियो भी शेयर किया, जिसमें नजर आ रहे पुलिस आंध्र प्रदेश पुलिस की वर्दी पहने हुए हैं।

वायरल वीडियो को पाकिस्तान का नारा लगाने के दावे से जोड़कर शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब छह हजार लोग फॉलो करते हैं, वहीं इसे ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद में मुस्लिम युवकों की पिटाई का बताकर शेयर करने वाले यूजर को इंस्टाग्राम पर करीब 500 लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि आंध्र प्रदेश में कॉन्स्टेबल पर हमला करने के आरोपियों की सार्वजनिक तौर पर डंडों से पिटाई की घटना के वीडियो को ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद में पुलिस के मुस्लिम युवकों की पिटाई और पाकिस्तान का नारा लगाने के आरोपियों की पिटाई के गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : आई लव मोहम्मद विवाद में पुलिस ने की मुस्लिम युवाओं की पिटाई।
  • Claimed By : Insta User qwean_adult_up's profile picture qwean_adult_up
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later