Fact Check: अतीक अहमद के बेटे अली का सीएम योगी से बचाने की अपील करने वाला वीडियो पुराना है, हाल का नहीं
अतीक अहमद के बेटे अली अहमद का सीएम योगी से मदद की अपील करने वाला वीडियो अक्टूबर 2025 का है, जब उसे प्रयागराज के नैनी जेल से झांसी जेल में शिफ्ट किया गया था। इसका हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 12, 2026 at 03:45 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान की 6 अगस्त 2026 को एक सड़क हादसे में मौत के बाद उसके दूसरे बेटे अली अहमद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह खुद को बचाने की अपील उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करते हुए दिख रहा है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इसे हाल का वीडियो बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज की जांच में वायरल वीडियो अक्टूबर 2025 का निकला, जब अली अहमद को नैनी सेंट्रल जेल से झांसी शिफ्ट किया गया था। झांसी पहुंचने पर उसने मीडिया के सामने कहा था, ”मुख्यमंत्री जी से यही कहना है कि अब उसे और न सताया जाए, जो होना था, वो हो गया और जो अन्यथा सताया जा रहा है, उससे बचा लीजिए।” इस पुराने वीडियो को हालिया बताकर वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Newsindia1st’ ने 10 अगस्त 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “अतीक अहमद के बेटे अली अहमद की गुहार— अब और नहीं सताया जाए… || एक बेटे की दर्द भरी अपील… आखिर कब तक ये दर्द और इंतज़ार?”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया। ‘आजतक’ की वेबसाइट पर 1 अक्टूबर 2025 को पब्लिश की गई एक वीडियो न्यूज में इस क्लिप के बारे में जानकारी दी गई थी। इस रिपोर्ट में वायरल क्लिप को भी देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, “अतीक के बेटे अली को नैनी जेल से झांसी जेल ले जाया गया। वहां मीडिया के सामने उसने सीएम योगी से गुहार लगाते हुए कहा, अब और न सताया जाए, जो होना था, वह हो गया। और जो अन्यथा सताया जा रहा है, उससे बचा लें।”

‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर भी 1 अक्टूबर 2025 को इस बारे में एक खबर छपी थी। इसके अनुसार, ”अली अहमद को नैनी सेंट्रल जेल से झांसी जिला कारागार शिफ्ट कर दिया गया। झांसी में मीडिया को सामने देखकर उसने सीएम योगी से खुद को बचाने की गुहार लगाई थी। बता दें कि 17 जून 2025 को डीआईजी (जेल) राजेश श्रीवास्तव ने अली की बैरक में छापेमारी की थी और 1100 रुपये नकद बरामद किए थे। इसके बाद बैरक की निगरानी बढ़ा दी गई थी।” खबर में वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट का भी प्रयोग किया गया है।

‘एबीपी न्यूज’ की वेबसाइट पर भी इस वीडियो से संबंधित खबर 2 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित की गई थी।
इस बारे में हमने झांसी में दैनिक जागरण के रिपोर्टर प्रकाश साहू से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो करीब एक साल पुराना है, जब अली अहमद को प्रयागराज से यहां शिफ्ट किया गया था।
क्या है संदर्भ?
माफिया अतीक अहमद का बेटा अबान 6 अगस्त 2026 को कुछ अन्य लोगों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। कानपुर-झांसी नेशनल हाईवे पर अबान की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में अबान समेत दो लोगों की मौत हो गई थी। ‘दैनिक जागरण’ की 8 अगस्त 2026 की रिपोर्ट में लिखा है कि अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए झांसी जेल में बंद अली अहमद को हाई सिक्योरिटी में प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में लाया गया था।
पुराने वीडियो को हालिया समझकर शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। 21 जनवरी 2023 को बने इस पेज के करीब दो लाख 27 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: अतीक अहमद के बेटे अली अहमद का सीएम योगी से मदद की अपील करने वाला वीडियो अक्टूबर 2025 का है, जब उसे प्रयागराज के नैनी जेल से झांसी जेल में शिफ्ट किया गया था। इसका हाल-फिलहाल से कोई संबंध नहीं है।
- Claim Review : भाई के जनाजे में शामिल होने के बाद अतीक अहमद के बेटे अली ने CM योगी से रहम की गुहार लगाई।
- Claimed By : FB Post- Newsindia1st
- Fact Check : भ्रामक
- News Report of Aaj Tak, Dated 1 Aug 2025
- News Report of Dainik Jagran, Dated 1 Aug 2025
- News Report of ABP Live, Dated 2 Aug 2025
- News Report of Dainik Jagran, Dated 8 Aug 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












