Fact Check : बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की रैली में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगने का दावा फर्जी है
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। इस वीडियो को एडिट करके इसमें ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारों को जोड़ा गया है। वायरल हो रहा यह वीडियो जुलाई 2025 का एक रोड शो के दौरान का है।
- By: Umam Noor
- Published: Sep 26, 2025 at 04:44 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कई तरह की फर्जी और भ्रामक पोस्ट का सोशल मीडिया के अलग- अलग प्लेटफॉर्म पर वायरल होना जारी है। इसी बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बस पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि सम्राट चौधरी की मौजूदगी में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए गए हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। इस वीडियो को एडिट करके इसमें ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारों को जोड़ा गया है। वायरल हो रहा यह वीडियो जुलाई 2025 का एक रोड शो के दौरान का है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक पेज ‘द मीडिया हिंदी’ ने 24 सितंबर को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी बस पर हैं नीचे से जनता वोट चोर,गद्दी छोड़ का नारा लगा रही है।”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें इसी मौके का वीडियो चंदल नाम के एक यूट्यूब चैनल पर 26 जुलाई 2025 को अपलोड किया हुआ मिला।
जुलाई 26 की बुनियाद पर हमने वीडियो को ढूंढ़ना शुरू किया। सर्च में हमें वायरल वीडियो के ही दुसरे फ्रेम्स का वीडियो जहूरी मधुबनी बिहार1 नाम एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला। 26 जुलाई 2025 को वीडियो को अपलोड किया गया है। दी गई जानकारी के अनुसार, “नितीश कुमार जी का आगमाग जहूरी लोकहि में।”
इस वीडियो में हमें कहीं भी ‘वोट चोरी’ जैसे कोई नारे नहीं सुनने को मिले। पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने न्यूज सर्च किया। सर्च में हमें दैनिक जागरण की 26 जुलाई 2025 की खबर मिली। जानकारी के अनुसार, “मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को मधुबनी में रोड शो और प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान 649 करोड़ की पांच योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके बाद वे सीतामढ़ी के लिए रवाना हो गए। उनके साथ रोड शो में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और संजय झा ऊपर थे। परिवहन मंत्री शीला कुमारी और स्थानीय सांसद भी वहीं पर थे।”
बता दें, बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अगस्त में वीडियो जारी करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर ‘वोट चोरी’ का कथित आरोप लगाया था। वहीं, बिहार के मुख्यमंत्री का वायरल हो रहा ये वीडियो जुलाई का है।
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे साथी दैनिक जागरण पटना में सरकार व बीजेपी को कवर करने वाले विशेष संवाददता रमन शुक्ल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया , उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की रैली में ऐसे कोई नारे नहीं लगे थे। इस तरह के रोड शो में पार्टी समर्थक बड़ी तादाद में आते हैं और विरोध में नारे लगाना आसान नहीं होता, जैसा कि वीडियो में दिख रहा है, यह वीडियो एडिटेड है।”
इसी तरह बिहार चुनाव को लेकर फर्जी खबरों का वायरल होना भी जारी है, जिनका विश्वास न्यूज लगातार फैक्ट चेक कर रहा है। हमारे फैक्ट चेक यहां पढ़ें जा सकते हैं।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक पेज ‘द मीडिया हिंदी’ की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि इस पेज को दो हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल किया जा रहा दावा फर्जी है। इस वीडियो को एडिट करके इसमें ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारों को जोड़ा गया है। वायरल हो रहा यह वीडियो जुलाई 2025 का एक रोड शो के दौरान का है।
- Claim Review : सम्राट चौधरी की मौजूदगी में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे लगाए गए हैं।
- Claimed By : फेसबुक पेज 'द मीडिया हिंदी'
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












