Fact Check : बस से लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी का पुराना वीडियो बिहार यात्रा के नाम पर वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो जनवरी 2024 में असम-मेघालय बॉर्डर पर आयोजित भारत जोड़ो न्याय यात्रा का है। पुराने वीडियो को हालिया बताते हुए बिहार से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- By: Umam Noor
- Published: Aug 21, 2025 at 06:25 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कई तरह की फर्जी और भ्रामक पोस्ट का सोशल मीडिया के अलग- अलग प्लेटफार्म पर वायरल होना जारी है। वहीं, दूसरी तरफ लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी बिहार में ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ निकाल रहे हैं। इसी को लेकर सोशल पर उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में विपक्षी नेता राहुल गांधी को एक बस पर चढ़कर लोगों को संबोधित करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर दावा कर रहे हैं कि यह बिहार का हालिया वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो जनवरी 2024 में असम-मेघालय बॉर्डर पर आयोजित भारत जोड़ो न्याय यात्रा का है। पुराने वीडियो को हालिया बताते हुए बिहार से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक पेज ‘वॉइस ऑफ बिहार राहुल गांधी’ ने वायरल पोस्ट को 16 अगस्त को शेयर करते हुए लिखा, “बस की छत पर चढ़े जननायक। #voiceofbiharrahulgandhi.”
पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें।

पड़ताल
अपनी पड़ताल को शुरू करते हुए सबसे पहले हमने गूगल लेंस के जरिए वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को सर्च किया। सर्च किए जाने पर हमें यह वीडियो ईटीवी भारत डॉट कॉम पर 23 जनवरी 2024 को अपलोड किया हुआ मिला। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, भारत जोड़ो न्याय यात्रा इस समय असम में है। इसके तहत आज सुबह राहुल गांधी असम-मेघालय सीमा स्थित यूएसटीएम विश्वविद्यालय के कुछ छात्रों से बातचीत करने वाले थे, हालांकि, भारत जोड़ो न्याय यात्रा की भावना को ध्यान में रखते हुए, राहुल गांधी ने पास के एक होटल के पास एकत्रित छात्रों से बातचीत की।
इसी बुनियाद पर हमने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाया और हमें मनी कंट्रोल के यूट्यूब चैंनल पर 23 जनवरी 2024 को वायरल वीडियो के फ्रेम्स से जुड़ा हुआ वीडियो उपलोड किया हुआ मिला। दी गई जानकारी के अनुसार, “कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी असम-मेघालय सीमास्थित यूएसटीएम विश्वविद्यालय में सैकड़ों छात्रों के साथ बातचीत करने वाले थे, हालाँकि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने के बाद उनका निमंत्रण कथित तौर पर रद्द कर दिया गया। फिर भी यात्रा को देखते हुए कांग्रेस पार्टी ने बिना किसी तैयारी के पास के एक होटल में सैकड़ों छात्रों के साथ बातचीत की।’’
मेघालय से असम यात्रा का राहुल गांधी के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर 23 जनवरी 2024 को लाइव के तौर पर अपलोड किया हुआ मिला। इसमें भी उन्हें यूनिवर्सिटी के छात्रों को सम्बोधित करते हुए देखा जा सकता है।
वायरल वीडियो से जुड़ी पुष्टि के लिए हमने हमारे साथी दैनिक जागरण दैनिक जागरण बिहार में कांग्रेस को कवर करने वाले प्रधान संवाददता सुनील राज से संपर्क किया। उन्होंने भी हमें पुष्टि देते हुए बताया कि यह वीडियो बिहार का नहीं है। किसी पुरानी यात्रा का है।
जानकारी के अनुसार, “बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी पूरे राज्य में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ पर निकले हैं। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ-साथ महागठबंधन के नेता जनता से सीधा संवाद कर रहे हैं, हालांकि उप राष्ट्रपति के लिए होने वाले चुनाव के कारण राहुल गांधी बुधवार को यात्रा में शामिल नहीं हो सके थे, जिसके बाद आज से यात्रा का दूसरा चरण होने वाला है।”
बिहार चुनाव को लेकर पिछले दिनों एक नेता की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ जिसको शेयर करते हुए दावा किया गया कि बिहार में एआईएमआईएम के ‘भगोड़े’ एमपी के समर्थक की लोगों ने पिटाई कर दी, हालांकि, हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वीडियो का बिहार से कोई संबंध नहीं था। वीडियो असम की ग्राम पंचायत के दौरान हुई हिंसा से जुड़ा हुआ एक मामला था।
इसी तरह बिहार चुनाव को लेकर फर्जी खबरों का वायरल होना भी जारी है, जिनका विश्वास न्यूज लगातार फैक्ट चेक कर रहा है। हमारे फैक्ट चेक यहां पढ़ें जा सकते हैं।
अब बारी थी फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले फेसबुक पेज की सोशल स्कैनिंग करने की। हमने पाया कि फेसबुक पेज ‘वॉइस ऑफ बिहार राहुल गांधी’ को 64 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो जनवरी 2024 में असम-मेघालय बॉर्डर पर आयोजित भारत जोड़ो न्याय यात्रा का है। पुराने वीडियो को हालिया बताते हुए बिहार से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : यह बिहार का हालिया वीडियो है।
- Claimed By : FB User- Voice of Bihar Rahul Gandhi
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












