Fact Check: पीएम मोदी का इमैनुएल मैक्रों के साथ संयुक्त प्रेस मीट का वीडियो एडिट कर गलत दावे से वायरल
पीएम मोदी की मुंबई में संयुक्त प्रेस मीट के दौरान की वीडियो क्लिप को एडिट कर गलत दावा किया जा रहा है। उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Feb 20, 2026 at 06:04 PM
- Updated: Feb 25, 2026 at 03:29 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के लोक भवन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ एक संयुक्त प्रेस मीट की थी। इससे जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी ने स्वीकार किया है कि पाकिस्तान ने हमारे राफेल विमानों को मार गिराया था
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की जो पता चला कि यह वीडियो एडिटेड है। असल में उन्होंने प्रेस मीट में ऐसा कुछ नहीं कहा था।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर iamsohail.007 (आर्काइव लिंक) ने 18 फरवरी 2026 को वायरल वीडियो को अपलोड किया था। इसमें पीएम मोदी को कहते हुए दिखाया गया है, “जब पाकिस्तान ने हमारे राफेल विमानों को नष्ट किया, तब पूरी दुनिया भारत का मजाक उड़ाने लगी। लोग कहने लगे कि भारत कैसा विश्व गुरु है? भारत के साथ तो कोई वेंचर भी नहीं करेगा। तब हमने आदरणीय मैक्रों जी से कहा कि भारत इस समय मुश्किल में है। अगर हमारा मजाक उड़ाया जा रहा है तो इसकी वजह आप भी हैं। अगर आप हमारे साथ खड़े नहीं होंगे, तो हम बाकी राफेल विमानों से भारत में गधा गाड़ी चलाएंगे। मैंने 56 इंच की छाती रखकर जब उनसे विनती की, तो मैं उनकी आलोचना भी करना चाहता हूं कि मैक्रो जी मान गए। अब पाकिस्तान हमारे 10 विमान गिराए या 200, भारत को फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि फ्रांस अब हमारा डिफेंस पार्टनर है।“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। बीजेपी दिल्ली के फेसबुक पेज से इस इवेंट का लाइव टेलीकास्ट किया गया है। वीडियो में शुरू के एक मिनट में ही वायरल क्लिप को देखा जा सकता है। इसमें पीएम मोदी कह रहे हैं, “दोनों देशों के डेलीगेट्स, मीडिया के साथियों, नमस्कार। मेरे प्रिय मित्र प्रेसिडेंट मैक्रों का मुंबई में स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। पिछले वर्ष उन्होंने मुझे फ्रांस में आयोजित ‘एआई एक्शन समिट’ के लिए बुलाया था। उस समय हमने मार्सिले की यात्रा की, जो फ्रांस का सबसे बड़ा पोर्ट और फ्रांस और पूरे यूरोप का एक प्रमुख गेटवे भी है। मार्सिले वही शहर है, जहां से पहले विश्व युद्ध में हमारे भारतीय सैनिकों ने यूरोप में अपने कदम रखे।“
इसके बाद हमने पूरा वीडियो देखा, लेकिन इसमें पीएम मोदी को ऐसा कुछ बोलते हुए नहीं सुना गया, जैसा वायरल पोस्ट में दावा किया गया है।

प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई) के एक्स हैंडल पर 17 फरवरी 2026 को इस कार्यक्रम के वीडियो को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, “मुंबई में पीएम मोदी ने कहा, मेरे प्यारे दोस्त प्रेसिडेंट इमैनुएल मैक्रों, दोनों देशों के डेलीगेट्स और मीडिया के सदस्यों, नमस्ते। पिछले साल, प्रेसिडेंट मैक्रों ने मुझे AI एक्शन समिट के लिए फ्रांस बुलाया था। इस बार, जब प्रेसिडेंट मैक्रों इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के लिए भारत आए हैं, तो हमें भारत के गेटवे, मुंबई में उनका स्वागत करने का मौका मिला है।”
पीएम मोदी के यूट्यूब चैनल पर भी 17 फरवरी 2026 को इस कार्यक्रम का वीडियो अपलोड किया गया था। इसके बारे में लिखा है, “फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ संयुक्त प्रेस मीट के दौरान पीएम मोदी की टिप्पणी।”
दैनिक जागरण के यूट्यूब चैनल पर भी 17 फरवरी 2026 को इस प्रेस मीट के वीडियो को देखा जा सकता है।
इससे साबित होता है कि इस कार्यक्रम के एक वीडियो क्लिप की आवाज बदलकर, गलत दावे के साथ वायरल किया गया है।
इस बारे में हमने मुंबई के जर्नलिस्ट वरुण सिंह से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने ऐसा कोई बयान नहीं दिया था। पीएम ने अपने फ्रांस दौरे के बारे में बताते हुए राष्ट्रपति मैक्रों का मुंबई में स्वागत किया था।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल के अनुसार, अक्टूबर 2014 में बने इस अकाउंट की लोकेशन यूएई बेस्ड है। यूजर ने पांच बार अपना नाम भी बदला है और यह अकाउंट फरवरी 2026 में वेरिफाई हुआ है। इस अकाउंट से भारत के खिलाफ कुछ भड़काऊ पोस्ट भी की गई हैं।

निष्कर्ष: पीएम मोदी की मुंबई में हुई संयुक्त प्रेस मीट के वीडियो क्लिप को एडिट कर गलत दावा किया जा रहा है। उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
- Claim Review : पीएम मोदी ने स्वीकारा, "पाकिस्तान ने हमारे राफेल विमानों को मार गिराया।"
- Claimed By : Insta User- iamsohail.007
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












