Fact Check: मोबाइल देख रहे युवक को बचाने वाले बैल का वीडियो AI से बना है
मोबाइल देख रहे एक युवक की जान बचाते बैल के दावे से वायरल हो रहा वीडियो एआई से बना है। हमारी जांच में पता चला कि इसे गूगल के एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Oct 8, 2026 at 05:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें एक बैल मोबाइल देख रहे युवक को धक्का मारकर उसकी जान बचाते हुए दिखाई दे रहा है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि सीसीटीवी में एक बैल द्वारा युवक की जान बचाने की घटना कैद हुई है।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो गूगल एआई की मदद से बनाया गया है। यह असली नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘रामचन्द्र आर्य’ ने 7 अक्टूबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “सीसीटीवी में कैद: बैल बना शख्स का रक्षक! मस्ट वॉच।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया, तो हमें फेसबुक यूजर ‘Powarstar Sumit Pathak‘ के पेज पर वीडियो मिला। 4 अक्टूबर 2026 को अपलोड किए गए इस वीडियो पर ‘AI content’ का लेबल लगा हुआ है।

‘सीसीटीवी फुटेज’ में तारीख 20-15-2023 दी हुई है, जो गलत है। साथ ही उसका टाइमर भी गलत चल रहा है। इससे हमें वीडियो के एआई से बने होने का संदेह हुआ।
हमने वीडियो को गूगल के ‘सिंथ आईडी’ टूल से चेक किया। इससे पता चला कि वीडियो को गूगल एआई की मदद से बनाया गया है।

वायरल वीडियो को एआई डिटेक्शन टूल ‘हाइव’ से भी चेक किया गया। इसमें वीडियो के ज्यादातर हिस्सों और पूरे ऑडियो के एआई-जेनरेटेड होने की संभावना निकली।

अधिक पुष्टि के लिए हमने अपने सहयोगी ‘टीआईए’ (पूर्व में एमसीए) की पहल ‘डीपफेक्स एनालिसिस यूनिट’ (डीएयू) से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो के ऑडियो को ‘हिया’ टूल से चेक किया। इस एनालिसिस में वीडियो के 97 फीसदी एआई से बने होने की संभावना जताई गई।

इससे साफ होता है कि वायरल वीडियो एआई से बना है, असली नहीं।
क्या है संदर्भ?
सोशल मीडिया पर अक्सर जानवरों के एआई वीडियो बनाकर वायरल किए जाते हैं। इनमें से कई वीडियो यूजर्स बिना सोचे-समझे शेयर कर देते हैं। कभी बाघों तो कभी हाथियों के काल्पनिक वीडियो एआई से बनाकर खूब शेयर किए जाते हैं। पिछले दिनों एआई की मदद से बनाए गए एक वीडियो में एक बछड़े को ट्रक पर लगी गाय की तस्वीर से दूध पीने की कोशिश करते हुए दिखाया गया था। इसी तरह नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद एक वीडियो वायरल किया गया, जिसमें एक कुत्ते को बच्चे को बचाते हुए दिखाया गया था। यह वीडियो भी एआई-जनरेटेड था।
एआई वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। एक संगठन से जुड़े यूजर पटना में रहते हैं और उनके करीब 26 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: मोबाइल देख रहे एक युवक की जान बचाते बैल के दावे से वायरल हो रहा वीडियो एआई से बना है। हमारी जांच में पता चला कि इसे गूगल के एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
- Claim Review : मोबाइल देख रहे युवक की बैल ने बचाई जान।
- Claimed By : FB User- रामचन्द्र आर्य
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












