X
X

Fact Check: कांग्रेस के कार्यक्रम में जॉर्जिया मेलोनी पर संदीप दीक्षित की टिप्पणी के बाद इटली के दूतावास का फर्जी लेटर वायरल

कांग्रेस के कार्यक्रम में जॉर्जिया मेलोनी पर टिप्पणी के बाद इटली के दूतावास के एक फेक एक्स अकाउंट से एक फेक लेटर पोस्ट किया गया, जिसे कुछ यूजर्स असली समझकर शेयर कर रहे हैं।  

Italian Embassy, Sandeep Dikshit News, Giorgia Meloni News, Rahul Gandhi, Viral News, Congress Event, Meloni Remark, Italian Embassy Letter

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली में आयोजित ‘रचनात्मक कांग्रेस कन्वेंशन’ में 13 अगस्त 2026 को राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर तंज कसते हुए संदीप दीक्षित को गले लगाया था, जिसके बाद संदीप दीक्षित ने कहा था, ‘मेलोनी समझकर तो नहीं पकड़ा था’। संदीप दीक्षित की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर इटली के दूतावास का एक कथित लेटर वायरल हो रहा है। इसमें कांग्रेस के कार्यक्रम में मेलोनी पर की गई टिप्पणी को लेकर आपत्ति जताते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा गया है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इस लेटर को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि इटली के दूतावास ने मेलोनी पर की गई टिप्पणी को लेकर आपत्ति और नाराजगी जताई है।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल लेटर फर्जी है। इटली के दूतावास के आधिकारिक एक्स हैंडल से इस तरह का कोई लेटर पोस्ट नहीं किया गया है।

क्या है वायरल पोस्ट?

एक्स यूजर ‘Jitendra pratap singh’ ने 14 अगस्त 2026 को वायरल लेटर शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

और जिसका डर था वही हुआ, दिल्ली स्थित इटली के दूतावास ने राहुल गांधी ने जो अपने स्टेज पर जॉर्जिया मेंलोनी  पर घटिया और अभद्र टिप्पणी किया उसे पर कड़ी आपत्ति और नाराजगी जताई, यह —– पूरे दुनिया के देशों से संबंध खराब करवायेगा, यह —– चाहता भी है कि भारत सिर्फ फिलिस्तीन से अच्छे संबंध रखें

इटली का दूतावास: नई दिल्ली, कथन, इटली का दूतावास भारत की लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बारे में की गई अपमानजनक टिप्पणियों पर गहरी चिंता और कड़ी निंदा व्यक्त करता है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का एक अनिवार्य हिस्सा है। हालांकि, भारत के आंतरिक राजनीतिक मामलों को इटली के प्रधानमंत्री का उपहास करने या उनका अपमान करने का बहाना नहीं बनाया जाना चाहिए। हम भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं और राजनीतिक विमर्श का सम्मान करते हैं, और हम इटली और उसके लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित नेतृत्व के लिए भी उसी सम्मान की अपेक्षा करते हैं।

राजनीतिक बहस का स्वागत है. हमारे प्रधानमंत्री का अनादर करना उचित नहीं है। इटली और भारत आपसी सम्मान, गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित एक दीर्घकालिक मित्रता साझा करते हैं।

इटली का दूतावास, नई दिल्ली, 14 अगस्त 2026।”

विश्वास न्यूज के वॉट्सऐप नंबर 9205270923 पर भी एक यूजर ने इस लेटर को भेजकर इसकी सच्चाई बताने का आग्रह किया।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने पड़ताल की शुरुआत गूगल ओपन सर्च से की, जिसमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली। यदि ऐसा कोई पत्र इटली के दूतावास की ओर से जारी होता तो खबरों में जरूर आता।

विश्वास न्यूज के वॉट्सऐप नंबर पर भेजे गए लेटर में एक्स हैंडल का नाम भी दिया गया है। इस पर अकाउंट नेम ‘Italy In India’ दिया गया है, जबकि यूजर नाम ‘@AINga5f’ लिखा है।

इस आधार पर हमने ‘@AINga5f’ यूजर नेम वाले एक्स हैंडल को चेक किया। हमें इसका अकाउंट नेम ‘John Smith‘ दिखा, जबकि बायो के अनुसार, यह अकाउंट अगस्त 2026 से सक्रिय है।

गूगल पर इस अकाउंट के बारे में सर्च करने पर पता चला कि इसकी पोस्ट पर कई यूजर्स ने रिप्लाई किया है। इस अकाउंट की पोस्ट्स को डिलीट भी किया गया है।

इस अकाउंट के बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने इसे ‘वेबैक’ मशीन पर चेक किया। 14 अगस्त 2026 को इसके पेज को सेव किया गया था। इसके बायो में ‘सटायर अकाउंट’ भी लिखा हुआ था और यह जुलाई 2026 में बना था।  

इस अकाउंट से पोस्ट किया गया वायरल लेटर भी इसमें देखा जा सकता है।

इसके बाद हमने इटली के दूतावास के आधिकारिक एक्स हैंडल को स्कैन किया। इस पर हमें ऐसी कोई पोस्ट नहीं मिली।

इस बारे में हमने ‘दैनिक जागरण’ में विदेश मामलों को कवर करने वाले विशेष संवाददाता जय प्रकाश रंजन से बात की। उन्होंने बताया कि यह लेटर फेक है।

क्या है संदर्भ?

दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में रचनात्मक कांग्रेस कन्वेंशन का आयोजन हुआ था। ‘आजतक’ की 13 अगस्त 2026 की एक रिपोर्ट के अनुसार, “कार्यक्रम में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर तंज कसते हुए कहा कि पता नहीं कहां से इनके दिमाग में घुस गया कि गले पड़ना ही विदेश नीति है। इस बीच उन्होंने कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को गले लगा लिया। इस दौरान संदीप दीक्षित ने जॉर्जिया मेलोनी का जिक्र करते हुए कहा था, ‘मेलोनी समझकर तो नहीं पकड़ा था।’ भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने इस टिप्पणी को अपमानजनक बताया था।” संदीप दीक्षित के बयान के बाद भाजपा आक्रामक हो गई थी और इस बयान की जमकर आलोचना की गई।

कांग्रेस के यूट्यूब चैनल पर इस कार्यक्रम के वीडियो को 13 अगस्त 2026 को लाइव किया गया था। 45 मिनट के बाद इससे जुड़ी क्लिप को देखा जा सकता है।

फेक लेटर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को इसके बाद हमने स्कैन किया। एक खास विचारधारा से प्रभावित इस यूजर का यह अकाउंट अप्रैल 2012 का है और एक्स पर इसके 1 लाख 21 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: कांग्रेस के कार्यक्रम में जॉर्जिया मेलोनी पर टिप्पणी के बाद इटली के दूतावास के एक फेक एक्स अकाउंट से एक फेक लेटर पोस्ट किया गया, जिसे कुछ यूजर्स असली समझकर शेयर कर रहे हैं।  

  • Claim Review : जॉर्जिया मेलोनी पर संदीप दीक्षित की टिप्पणी के बाद इटली के दूतावास ने पत्र लिखकर जताई आपत्ति।
  • Claimed By : X User- Jitendra pratap singh
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later