Fact Check: सोनिया गांधी ने नहीं किया राष्ट्रीय ध्वज का अपमान, कांग्रेस पार्टी का झंडा गिरने का पुराना वीडियो वायरल
राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के दावे से वायरल हो रहा सोनिया गांधी का वीडियो पुराना और असंबंधित है। असल में यह वीडियो साल 2021 का है और यह मामला कांग्रेस के झंडे से जुड़ा हुआ है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Aug 18, 2026 at 06:30 PM
- Updated: Aug 19, 2026 at 04:34 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लोकसभा में विपक्ष के नेता व कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर कथित तौर पर वंदे मातरम् के गायन को रोकने के आरोप लगाये जा रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि सोनिया गांधी झंडा फहराने की कोशिश करती हैं, लेकिन रस्सी समेत झंडा नीचे गिर जाता है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह स्वतंत्रता दिवस 2026 के दिन का है, जब सोनिया गांधी ने अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया था।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा फेक और निराधार है। असल में वायरल हो रहा वीडियो करीब चार साल पुराना है और इसका स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 से कोई संबंध नहीं है। साल 2021 में कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर सोनिया गांधी पार्टी का झंडा फहरा रही थीं। तभी रस्सी समेत झंडा नीचे गिर गया। अब उसी घटना के वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Narayan Poddar’ ने 15 अगस्त 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “सर्वप्रथम वन्देमातरम राष्ट्रीय गीत 3-10 सेकंड पुरा छह पदों को सुनने से इंकार करने वाली सोनिया गांधी जी अपने सरकारी आवास पर राष्ट्रीय ध्वज ऐसे फहराती है ? ले बेटा”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने इसके कई कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का एक लंबा वर्जन ‘एनडीटीवी’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। इस वीडियो को 28 दिसंबर 2021 को शेयर किया गया था। वीडियो में 47 सेकंड से देखा जा सकता है कि सोनिया गांधी झंडा फहराने आती हैं और इस दौरान उनसे रस्सी नहीं खुलती है। तभी वहां मौजूद एक शख्स उनकी मदद करता है और अचानक रस्सी समेत झंडा नीचे गिर जाता है। इसके बाद झंडे को वापस पोल पर लगाकर फहराया जाता है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गिरने वाला झंडा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी का झंडा है। मौजूद जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो कांग्रेस पार्टी के 137वें स्थापना दिवस का है।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक न्यूज रिपोर्ट ‘आजतक’ की वेबसाइट पर मिली। इस खबर को 28 दिसंबर 2021 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, कांग्रेस पार्टी के 137वें स्थापना दिवस पर दिल्ली के मुख्यालय में एक कार्यक्रम रखा गया था। इस दौरान सोनिया गांधी पार्टी का झंडा फहराने के लिए पहुंची थीं। कार्यक्रम के दौरान रस्सी समेत कांग्रेस का झंडा नीचे गिर गया था।
न्यूज एजेंसी ‘एएनआई’ के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी हमें दावे से जुड़ी एक पोस्ट मिली। इसे 28 दिसंबर 2021 को शेयर किया गया था। पोस्ट के वीडियो में 30 सेकंड पर साफ तौर पर देखा जा सकता है कि झंडा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी का झंडा है।
वीडियो में कांग्रेस के झंडे के बीच में एक चरखा बना हुआ है। दरअसल, कांग्रेस ने 1931 में इस झंडे को अपने आधिकारिक झंडे के तौर पर अपनाया था।
दोनों झंडों के बीच के अंतर को नीचे देखें।

विश्वास न्यूज ने जांच के अंत में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव प्रणव झा से संपर्क किया और उनके साथ वायरल वीडियो शेयर किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो पुराना है। वर्ष 2021 में कांग्रेस के स्थापना दिवस पर पार्टी की तत्कालीन अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी का ही झंडा फहराया था। उस दौरान झंडा नीचे गिर गया था। यह वीडियो पार्टी के पुराने मुख्यालय, 24 अकबर रोड का है।
क्या है संदर्भ?
कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। वहां पर पहले तिरंगा फहराया गया फिर वंदे मातरम गाया गया। इसे लेकर भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्यालय में हुए आयोजन के दौरान सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने पूरा वंदे मातरम गाने पर सवाल उठाए और रोकने की कोशिश की। हालांकि, कांग्रेस ने इन सभी आरोपों को खारिज किया है। पूरी रिपोर्ट को यहां और यहां पर पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस फेसबुक यूजर को 12 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल में खुद को झारखंड का रहने वाला बताया है। यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ी पोस्ट शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के दावे से वायरल हो रहा सोनिया गांधी का वीडियो पुराना और असंबंधित है। असल में यह वीडियो साल 2021 का है और यह मामला कांग्रेस के झंडे से जुड़ा हुआ है।
- Claim Review : सोनिया गांधी ने स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया।
- Claimed By : FB User Narayan Poddar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












