X
X

Fact Check: कार्यक्रम के दौरान कंगना रनौत पर हमले का दावा फेक, वीडियो मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर का है

कंगना रनौत पर एक कार्यक्रम के दौरान हमले का दावा फेक है। वायरल वीडियो मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर का है, जहां वह 18 अगस्त 2026 को गई थीं। 

Kangana Ranaut attack, Kangana Ranaut attack news, Siddhivinayak temple video, Kangana Ranaut News, Kangana Ranaut assault rumor

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। हिमाचल प्रदेश के मंडी से भारतीय जनता पार्टी की लोकसभा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के बैनर तले हुए छात्र आंदोलन के दौरान इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा के लिए ‘जेन-जी’ को ‘गटर जेनरेशन’ कहा था। इसके बाद अब सोशल मीडिया पर कंगना रनौत का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह किसी स्थल पर पुलिस से घिरी हुई दिख रही हैं। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ता ने कंगना रनौत पर चप्पल फेंकी है। उन पर दूसरी बार हमला हुआ है।  

विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल दावा फेक है। वीडियो मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर का है। कंगना रनौत 18 अगस्त 2026 को वहां गई थीं। उस दौरान के वीडियो को अब गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट?

इंस्टाग्राम यूजर ‘bobby_khanna_official’ ने 18 अगस्त 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) किया है। इसमें लिखा है, “प्रोग्राम के दौरान कंगना रनौत के मुंह पर चप्पल फेंकी पुलिस ने तुरंत संभाल, जयपुर कॉकरोच, कंगना पर दूसरी बार अटैक, चप्पल फेंकने वाला भी बीजेपी का था।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले गूगल पर कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। अगर ऐसी कोई घटना हुई होती, तो वह सुर्खियों में जरूर आती।

इसके बाद हमने वीडियो के बारे में पड़ताल की। वायरल वीडियो के ऊपर ‘voompla’ लिखा हुआ है। इस आधार पर हमने ‘voompla‘ का इंस्टाग्राम अकाउंट चेक किया। 18 अगस्त 2026 को इस अकाउंट से वायरल वीडियो शेयर किया गया था। जानकारी के अनुसार, यह वीडियो मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर का है, जहां कंगना गई थीं।

‘दैनिक भास्कर’ की वेबसाइट पर 18 अगस्त 2026 को छपी एक रिपोर्ट में कंगना के मंदिर जाने की क्लिप भी मौजूद है। इस रिपोर्ट के अनुसार, कंगना 18 अगस्त को सिद्धिविनायक और मुंबा देवी के मंदिर पहुंचीं। खबर में हमें कहीं भी वायरल दावे जैसा कोई जिक्र नहीं मिला।

कंगना के इंस्टाग्राम हैंडल से भी 18 अगस्त 2026 को कुछ तस्वीरों को पोस्ट करते हुए जानकारी दी गई कि वह मुंबई में सिद्धिविनायक और मुंबा देवी मंदिर गईं।

इस बारे में हमने मुंबई में दैनिक जागरण के रिपोर्टर विनोद राठौर से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यहां ऐसी कोई घटना नहीं हुई है।  

क्या है संदर्भ?

नीट और अन्य परीक्षाओं में धांधली को लेकर सीजेपी के बैनर तले हुए छात्र आंदोलन में बड़ी संख्या में जेन-जी शामिल हुए थे। आंदोलन के दौरान इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा और विवादास्‍पद रील्स शेयर करने के लिए कंगना ने जेन-जी को ‘गटर जेनरेशन’ कहा था। ‘बीबीसी’ की 30 जुलाई 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, बयान से उपजे विवाद के बाद कंगना ने 29 जुलाई को एक वीडियो जारी कर इस मुद्दे पर सफाई दी थी।

कंगना के इंस्टा हैंडल पर भी जेन-जी को लेकर दिए विवादास्‍पद बयान पर सफाई देने वाला उनका यह वीडियो 29 जुलाई 2026 को पोस्ट किया गया था। उन्होंने कहा, “मैंने सड़क पर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के सामने गटरछाप अनैतिक और अश्लील व्यवहार करने वाले कुछ प्रदर्शनकारियों को नॉर्मलाइज करने से मना किया है। हम समाज में इसको स्वीकार नहीं करते हैं। हम लोग नहीं चाहते कि हमारे घर के बच्चे ऐसा व्यवहार करें।”

बता दें कि जून 2024 में चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की एक महिला कॉन्स्टेबल ने किसान आंदोलन के दौरान दिए गए कंगना के एक विवादास्‍पद बयान को लेकर उन्हें थप्पड़ मारा था। 6 जून 2024 की ‘दैनिक भास्कर’ की रिपोर्ट में इस घटना के बारे में पढ़ा जा सकता है।  

इससे पहले भी कंगना पर हमले को लेकर फेक पोस्ट वायरल हो चुकी है, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर ने समान दावे के साथ कंगना का एक और वीडियो भी शेयर किया था। एक खास विचारधारा से प्रभावित यह अकाउंट अगस्त 2023 में बना था और इंस्टाग्राम यूजर के करीब एक लाख फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: कंगना रनौत पर एक कार्यक्रम के दौरान हमले का दावा फेक है। वायरल वीडियो मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर का है, जहां वह 18 अगस्त 2026 को गई थीं। 

  • Claim Review : कंगना रनौत पर कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ता ने चप्पल फेंकी।
  • Claimed By : Insta User- bobby_khanna_official
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later