X
X

Fact Check: केजरीवाल ने ‘दारू पीकर संविधान लिखने’ का बयान कांग्रेस के संविधान पर तंज कसते हुए 12 साल पहले दिया था

शराब पीकर संविधान लिखे जाने का बयान अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पार्टी के संविधान पर तंज कसते हुए दिया था, जिसे अंबेडकर विवाद में देश के संविधान से जोड़कर फेक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अंबेडकर विवाद को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और अरविंद केजरीवाल लगातार भारतीय जनता पार्टी को निशाना बना रहे हैं। इसी संदर्भ में अरविंद केजरीवाल का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर यह कहा कि जिसने भी संविधान लिखा होगा, उसने दारू पीकर इसे लिखा होगा। इस वीडियो क्लिप को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा कि केजरीवाल ने भीमराव अंबेडकर को निशाना बनाते हुए ऐसा बयान दिया।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल बयान कांग्रेस के संविधान को लेकर दिया गया था, जिसे एडिट कर कांग्रेस के संदर्भ को हटा दिया गया है।

करीब 12 साल पहले आम आदमी पार्टी के गठन के बाद केजरीवाल ने दिल्ली के राजघाट पर कांग्रेस पार्टी को निशाना बनाते हुए उसके संविधान को लेकर यह बयान दिया था, लेकिन वायरल क्लिप से इस संदर्भ को गायब कर दिया गया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि उन्होंने देश के संविधान के विषय में ऐसा बयान दिया, जबकि उन्होंने यह बयान कांग्रेस के संविधान का मजाक उड़ाते हुए दिया था।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Kapil Mishra For Delhi CM’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, ““जिसने भी संविधान लिखा दारू पीकर लिखा होगा” ये वही केजरीवाल है जिसने संविधान लिखने वाले के लिए ऐसे शब्दों का प्रयोग किया…आज ये ठग्गूलाल चंद वोटो के लालच में बाबा साहेब का भक्त बना घूम रहा है।”

कई अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर इस वीडियो क्लिप को समान और मिलते-जुलते संदर्भ में शेयर किया गया है।

https://twitter.com/alphavictorva/status/1870837286377857290?s=48

पड़ताल

वायरल वीडियो कुल नौ सेकेंड का है, जिसमें अरविंद केजरीवाल को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “……तो हमलोग बैठे थे….कोई कह रहा था कि जिसने संविधान लिखा होगा, उसने भी दारू पी के ही संविधान लिखा होगा…!”

वीडियो क्लिप को सुनकर यह स्पष्ट है कि यह भाषण का अंश है, जिसे उसके संदर्भ से अलग कर शेयर किया जा रहा है। ऑरिजिनल क्लिप को ढूंढने के लिए हमने इसके की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया और हमें ऑरिजिनल वीडियो क्लिप आम आदमी पार्टी के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर मिला।

इस वीडियो को तीन दिसंबर 2012 को अपलोड किया गया है, जो  25 नवंबर 2012 को दिल्ली के राजघाट पर अरविंद केजरीवाल के दिए गए भाषण का वीडियो है।

वायरल वीडियो आम आदमी पार्टी के गठन के एक दिन बाद का है और इस भाषण में केजरीवाल ने अपनी पार्टी के संविधान को अन्य दलों के संविधान से अलग बताते हुए उन पर निशाना साधा था। इसी दौरान कांग्रेस पार्टी के संविधान पर निशाना साधते हुए वह कहते हैं, “….कल जो संविधान हम लोगों ने अपनाया पार्टी का…वो अपने ही किस्म का संविधान है। कल सुबह पार्टी की वेबसाइट का एलान किया जाएगा…नई वेबसाइट बन रही है…कई दिनों से बन रही है। वो वेबसाइट कल लॉन्च की जाएगी…उस पर हम लोग पार्टी का संविधान डाल देंगे…आप लोग भी उसको देखिएगा कि वह बाकी पार्टियों से कैसे अलग है? बाकी पार्टियों का संविधान झूठा है…वो मानते ही नहीं हैं अपना संविधान।”

इसके बाद वह कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहते हैं, “…जैसे कांग्रेस का संविधान कहता है कि हर कांग्रेसी चरखा कातेगा…कोई कातता है कांग्रेसी…देखा है किसी कांग्रेसी को चरखा कातते हुए…आप देख लीजिए इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट पर…..इस दौरान मैंने सारी पार्टियों के संविधान पढ़े हैं…कांग्रेस का संविधान कहता है कि कोई कांग्रेसी शराब नहीं पिएगा….तो हम लोग बैठे थे…कोई कह रहा था कि जिसने संविधान लिखा होगा, उसने भी दारू पी के ही संविधान लिखा होगा।”

हमारी जांच से स्पष्ट है कि अरविंद केजरीवाल ने यह बयान भारतीय संविधान के संदर्भ में नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी के संविधान के संदर्भ में दिया था।

बताते चलें कि राज्यसभा में भीमराव अंबेडकर पर गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर कांग्रेस विरोध प्रदर्शन (देखें रिपोर्ट) करते हुए उनका इस्तीफा मांग रही है, वहीं आम आदमी पार्टी भी इस मुद्दे को लेकर बीजेपी पर हमलावर है। आम आदमी पार्टी लगातार अपने आधिकारिक हैंडल से एआई क्रिएटेड वीडियो की मदद से बीजेपी पर निशाना साध रही है।

https://twitter.com/AamAadmiParty/status/1870429598833320089

वहीं,बीजेपी ने कांग्रेस पर शाह के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया है और इसे लेकर अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखते हुए कांग्रेस पर भ्रांति फैलाने का आरोप लगााया था।

गौरतलब है कि इस मुद्दे की वजह से संसद का शीतकालीन सत्र हंगामेदार रहा।

वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता अनमोल पंवार से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह “वीडियो क्लिप फेक है।”

वायरल वीडियो क्लिप को शेयर करने वाला पेज,कपिल मिश्रा का फैन पेज है, जिसे फेसबुक पर 20 हजार लोग फॉलो करते हैं।

हालिया संपन्न विधानसभा चुनाव और अन्य उप-चुनावों से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट को विश्वास न्यूज के चुनाव सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 2012 में कांग्रेस पार्टी को निशाना बनाते हुए कहा था, उनकी संविधान में ऐसी बातें लिखी हुई है, जिसे देखकर लगता है कि किसी ने शराब पीकर कांग्रेस पार्टी का संविधान लिखा है। उनके इसी बयान के एक एडिटेड अंश को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि उन्होंने देश के संविधान को लेकर ऐसा कहा था, जबकि उन्होंने यह बयान कांग्रेस के संविधान पर तंज कसते हुए दिया था।

  • Claim Review : अरविंद केजरीवाल ने भीमराव अंबेडकर पर शराब के नशे में संविधान लिखने का आरोप लगाया।
  • Claimed By : FB User-Kapil Mishra For Delhi CM
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later