Fact Check: कोलकाता का वीडियो जयपुर में UGC के नए नियमों के विरोध प्रदर्शन का बताकर वायरल
जयपुर में श्री राजपूत करणी सेना ने यूजीसी के नए नियमों के विरोध समेत कुछ अन्य मांगों को लेकर एक रैली निकाली थी, जिस पर पुलिस ने बल प्रयोग किया था। इससे जोड़कर वायरल हो रहा वीडियो कोलकाता में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन का है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Aug 4, 2026 at 06:22 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। जयपुर में 3 अगस्त 2026 को ‘श्री राजपूत करणी सेना’ ने यूजीसी के नए नियमों (फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगा दिया है) के विरोध में एक रैली निकाली थी, जिस पर पुलिस ने बल प्रयोग किया था। इससे जोड़कर एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है, जिसमें पुलिस को प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज करते हुए और लोगों को भागते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे जयपुर में प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज का बताकर शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल दावे की जांच की तो पता चला कि यूजीसी के नए नियम वापस लेने और सवर्ण समाज की विभिन्न मांगों को लेकर 3 अगस्त 2026 को जयपुर में निकाली गई रैली पर पुलिस ने लाठीचार्ज के साथ वाटर कैनन का प्रयोग किया था। हालांकि, वायरल वीडियो पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से पहले कोलकाता में हुए प्रदर्शन का है, न कि जयपुर का।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘amankumar_5902’ ने 4 अगस्त 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “पुलिस द्वारा लाठी चार्ज करने के बाद, जयपुर में यूजीसी रोल बैक और सवर्ण समाज की विभिन्न मांगों को सोमवार को रैली निकाल रहे श्री राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने वाटर कैनन के बीच में घुसने की कोशिश भी की। कलेक्टर को ज्ञापन देने की जगह प्रदर्शनकारी बीजेपी कार्यालय की ओर बढ़ने लगे। पुलिस ने खासाकोठी पुलिया के नीचे उन्हें रोक लिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी श्री राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट सर्किल पर रास्ता जाम कर बैठ गए। यहां पर मकराना ने निकाय और पंचायत चुनाव में भाजपा को वोट नहीं देने की शपथ दिलाई।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। इंस्टाग्राम यूजर ‘नदीम अहमद’ ने वायरल वीडियो को 24 जुलाई 2026 को शेयर करते हुए इसे कोलकाता में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रदर्शन का बताया था।

‘AMP NEWS’ यूट्यूब चैनल पर 24 जुलाई 2026 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज पोस्ट किया गया था। इसमें वायरल क्लिप भी दिख रही है। इसके अनुसार, ”प्रदर्शनकारियों ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।”
‘Deccan Herald’ के फेसबुक पेज पर 25 जुलाई 2026 को वायरल क्लिप पोस्ट करते हुए लिखा गया, “परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों लोग कोलकाता की सड़कों पर उतरे। SFI के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च को अलग-अलग राजनीतिक विचारधारा वाले छात्र संगठनों का समर्थन मिला और CJP के समर्थक भी विरोध-प्रदर्शन में शामिल हुए, लेकिन एस्प्लेनेड पर प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिस पर पत्थर, जूते और बोतलें फेंकीं। जवाब में पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।”

गूगल मैप्स पर भी हमें यह लोकेशन कोलकाता की मिली।

इससे यह तो साफ हो गया कि वायरल क्लिप धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर हुए प्रदर्शन की है और कोलकाता की है।
इस बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने जयपुर के स्वतंत्र पत्रकार संतोष कुमार पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यहां प्रदर्शन तो हुआ था, लेकिन वायरल वीडियो जयपुर का नहीं है।
क्या है संदर्भ?
श्री राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने 3 अगस्त 2026 को जयपुर में यूजीसी के नए नियमों को वापस लेने समेत अन्य मांगों को लेकर रैली निकाली थी। ‘दैनिक भास्कर’ की रिपोर्ट के अनुसार, ”प्रदर्शनकारियों के साथ धक्का-मुक्की होने के बाद पुलिस ने भीड़ को काबू में करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया था। शाम को सारे प्रदर्शनकारी वापस लौट गए थे।”
बता दें कि यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमिशन (यूजीसी) ने कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भेदभाव रोकने के लिए 13 जनवरी 2026 को नए नियम जारी किए थे, जिसमें ‘जाति‑आधारित भेदभाव’ को जोड़ा गया था। इसका मतलब जाति के आधार पर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़े वर्गों के सदस्यों के विरुद्ध किया जाने वाला भेदभाव था। इसे लेकर देशभर में हुए विरोध के बाद सुप्रीम कोर्ट ने इसके दुरुपयोग की आशंका जताते हुए 29 जनवरी 2026 को इन नियमों पर रोक लगा दी थी।
वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर का यह अकाउंट जुलाई 2022 में बना है और इसके करीब 40 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: जयपुर में श्री राजपूत करणी सेना ने यूजीसी के नए नियमों के विरोध समेत कुछ अन्य मांगों को लेकर एक रैली निकाली थी, जिस पर पुलिस ने बल प्रयोग किया था। इससे जोड़कर वायरल हो रहा वीडियो कोलकाता में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन का है।
- Claim Review : जयपुर में UGC के नए नियमों के विरोध में आयोजित रैली पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज।
- Claimed By : Insta User- amankumar_5902
- Fact Check : भ्रामक
- Insta Post of Nadim Ahmed, Dated 24 Jul 2026
- Video of AMP News YT, Dated 24 Jul 2026
- FB Post of Deccan Herald, Dated 25 Jul 2026
- Google Map
- News Report of Dainik Bhaskar, Dated 3 Aug 2026
- News Report of BBC, Dated 29 Jan 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












