Fact Check: महाराष्ट्र में आग लगने की घटनाओं के वीडियो बिहार में सरकार विरोधी प्रदर्शन के झूठे दावे से वायरल
विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि भीषण आग का वायरल वीडियो भागलपुर में सरकार के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन का नहीं है। असल में यह वीडियो मुंबई की दो अलग-अलग घटनाओं को जोड़कर बनाया गया है, जिसे अब बिहार के भागलपुर का बताकर फर्जी दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Dec 11, 2025 at 05:00 PM
- Updated: Dec 11, 2025 at 05:18 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया जा रहा है। वीडियो में भीषण आग लगी हुई नजर आ रही है। वीडियो में लोगों की भीड़ को भी देखा जा सकता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को बिहार का बताकर शेयर कर रहे हैं। वीडियो को बिहार के भागलपुर में सरकार विरोधी प्रदर्शन के दावे से वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की विस्तार से पड़ताल की और वायरल दावे को गलत पाया। असल में वायरल वीडियो में महाराष्ट्र में आग लगने की अलग-अलग घटनाओं को एडिट करके जोड़ा गया है। इसे अब भागलपुर के नाम से गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘pappu kumar’ ने 7 दिसंबर 2025 को वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। पोस्ट में लिखा है, “भागल पुर बिहार में नेपाल जैस चिंगारी लाग चुकी है।”

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट्स निकाले और उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें असली वीडियो ‘Hindustani Reporter’ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 22 नवंबर 2025 को अपलोड किया गया था। दी गई जानकारी के अनुसार, वीडियो मुंबई में धारावी के नवरंग कंपाउंड में लगी आग का है।
हमें वीडियो ‘@A1MUMBAINEWS’ के यूट्यूब चैनल पर भी मिला। 23 नवंबर 2025 को अपलोड वीडियो में इस घटना को मुंबई में धारावी के नवरंग कंपाउंड में सिलेंडर ब्लास्ट होने के बाद लगी आग का बताया गया है।
‘navbharatlive.com’ की वेबसाइट पर भी वीडियो से जुड़ी खबर मिली। 22 नवंबर 2025 को प्रकाशित खबर में बताया गया, “मुंबई के धारावी में सायन-माहिम लिंक रोड के पास स्थित माहिम फाटक के नजदीक नवरंग कंपाउंड में रविवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और धुआं दूर तक दिखाई देने लगा।”
वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें।
दूसरा वीडियो
वायरल वीडियो में मौजूद आग लगने के एक और फुटेज के स्क्रीनशॉट को गूगल लेंस के जरिए हमनें सर्च किया। हमें वीडियो ‘rambriksh_r_306’ नाम के इंस्टाग्राम हैंडल पर मिला। वीडियो को 22 नवंबर 2025 को शेयर किया गया है। वीडियो में इस घटना को बोरीवली वेस्ट के आईसी कॉलोनी (गणपत पाटिल नगर) का बताया गया है।
हमे वायरल वीडियो से मिलता-जुलता वीडियो ‘newsamchimumbai’ के इंस्टाग्राम हैंडल पर मिला। 23 नवंबर 2025 को शेयर किए गए वीडियो में बताया गया, “मुंबई आईसी कॉलोनी गणपत पटेल नगर बोरीवली पश्चिम खड़ी नंबर 7 में लगी आग।”
‘mid-day’ की वेबसाइट पर वीडियो से जुड़ी खबर पब्लिश की हुई मिली। 22 नवंबर 2025 को प्रकशित खबर में बताया गया, “मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित आईसी कॉलोनी के गणपत पाटिल नगर झुग्गी बस्ती में एक कबाड़ गोदाम में आग लग गई। आग कबाड़ व्यापारी की दुकान से शुरू हुई और आसपास की चार दुकानों में फैल गई, जिनमें से तीन पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। दमकलकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और रात 8.40 बजे तक आग पर काबू पा लिया।”
वायरल वीडियो से जुड़े अन्य वीडियो यहां देखें।
जांच में आगे हमने भागलपुर प्रोटेस्ट को लेकर सर्च किया। हमें वायरल दावे की पुष्टि करती कोई भी विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।
हमने वीडियो को महाराष्ट्र में मिड-डे के सीनियर रिपोर्टर समीउल्लाह खान के साथ शेयर किया। उन्होंने बताया कि, “यह वीडियो मुंबई कि अलग-अलग घटनाओं का है। आग लगने की यह घटनाएं हाल ही में हुई थीं।”
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर एक खास विचारधारा से प्रभावित पोस्ट्स को शेयर करता है।
इससे पहले भी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में नीतीश कुमार के नेतृत्व में जीतने वाले एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की सरकार बनने के बाद, सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट वायरल हुई थीं, जिनमें दावा किया गया था कि ये वीडियो बिहार में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन के हैं। विश्वास न्यूज की जांच में ये सभी दावे गलत निकले थे।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि भीषण आग का वायरल वीडियो भागलपुर में सरकार के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शन का नहीं है। असल में यह वीडियो मुंबई की दो अलग-अलग घटनाओं को जोड़कर बनाया गया है, जिसे अब बिहार के भागलपुर का बताकर फर्जी दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : भागलपुर में सरकार विरोधी प्रदर्शन का वीडियो।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -pappu kumar
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












