Fact Check : फर्जी है नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की खबर, वायरल वीडियो राजस्थान की महिला का
विश्वास न्यूज की पड़ताल में नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी के नाम से वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। जिस वीडियो को उनकी गिरफ्तारी का बताया जा रहा है, वह राजस्थान की किसान नेता भूमि बिरमी का है।
- By Vishvas News
- Updated: June 22, 2022

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के विवादित बयान के बाद से ही सोशल मीडिया में उन्हें लेकर कई प्रकार की फर्जी पोस्ट वायरल हो रही है। अब सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर एक वीडियो को वायरल किया जा रहा है। इस वीडियो में एक महिला को देखा जा सकता है। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो को नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी का बताकर वायरल कर रहे हैं। विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। जिस महिला को नूपुर शर्मा बताया जा रहा है, वह दरअसल राजस्थान की किसान नेता भूमि बिरमी हैं। कुछ दिनों पहले राजस्थान के चूरू जिले में एक आंदोलन के दौरान पुलिस ने उनके साथ बदसलूकी की थी। वीडियो उसी घटना का है, लेकिन कुछ लोग इसे नूपुर शर्मा के नाम से वायरल कर रहे हैं।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक यूजर कुसैन आलम ने 20 जून को एक वीडियो को अपलोड करते हुए लिखा : ‘नूपुर शर्मा का क्या हाल हो गया।’
वीडियो के आडियो से भी छेड़छाड़ करके इसे नूपुर शर्मा से जोड़ा गया। फेसबुक पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर दूसरे यूजर्स भी शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने पड़ताल की शुरुआत गूगल सर्च से की। हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी की पुष्टि करती हो, जबकि यदि नूपुर शर्मा गिरफ्तार होती, तो वह बड़ी खबर होती। जांच को आगे बढ़ाते हुए विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो के ओरिजनल सोर्स को ढूंढना शुरू किया। ओरिजनल वीडियो हमें भूमि बिरमी नाम की एक महिला के फेसबुक अकाउंट पर मिला। इसे 15 जून 2022 को पोस्ट किया गया। 1:08 मिनट के वीडियो में उस फुटेज को भी देखा जा सकता है, जिसे नूपुर शर्मा के नाम से वायरल किया गया। ओरिजनल वीडियो राजस्थान में हुए किसान आंदोलन से जुड़ा हुआ है। चूरू के एसडीएम ऑफिस के सामने फसल बीमा क्लेम समेत कई मांगों को लेकर यह प्रदर्शन हुआ था। इससे संबंधित वीडियो यहां और यहां देखा जा सकता है।
सर्च के दौरान हमें फर्स्ट इंडिया न्यूज के यूट्यूब चैनल पर एक खबर मिली। 16 जून को अपलोड इस खबर में बताया गया कि राजस्थान के चूरू के तारानगर में पुलिस किसानों के बीच झड़प, एसडीएम ऑफिस के सामने हुआ प्रदर्शन। इस खबर में हमें वह फुटेज भी दूसरे एंगल से नजर आया, जिसे अब वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने पड़ताल के अगले चरण में दैनिक जागरण, दिल्ली के संवाददाता संतोष कुमार सिंह से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्होंने हमें जानकारी देते हुए बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहीं महिला नूपुर शर्मा नहीं है। उनकी गिरफ्तारी की कोई खबर नहीं है। ज्यादा पुष्टि के लिए विश्वास न्यूज ने भाजपा नेता व यूपी प्रवक्ता अवनीश त्यागी से भी बात की। उन्होंने भी वायरल पोस्ट को फर्जी बताया।
पड़ताल के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि फेसबुक यूजर कुसैन आलम को आठ लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी के नाम से वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। जिस वीडियो को उनकी गिरफ्तारी का बताया जा रहा है, वह राजस्थान की किसान नेता भूमि बिरमी का है।
- Claim Review : नुपूर शर्मा का वीडियो
- Claimed By : फेसबुक यूजर कुसैन आलम
- Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...
-
वॅाट्सऐप नंबर 9205270923
-