X
X

Fact Check: सीएम योगी का हाथ पकड़े आजम खान का आठ साल पुराना वीडियो वायरल

आजम खान के हाथ में हाथ डाले नजर आते सीएम योगी का वीडियो आठ साल पुराना है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सपा नेता आजम खान के जेल से रिहा होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आजम खान को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हंसते और बात करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को हाल का बताते हुए दावा किया जा रहा है कि आजम खान ने जेल से निकलते ही सीएम योगी से मुलाकात की। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो करीब आठ साल पुराना है। असल में यह वीडियो साल 2017 में यूपी विधानसभा में हुई मुलाकात के दौरान का है, जिसे अब भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल? 

फेसबुक यूजर ‘मनी मोहंती’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “हिंदुओं देख रहे हो न आप योगीजी का खौफ जेल से रिहा होने के बाद आजम खान अखिलेश को छोड़कर योगी जी के आगे पीछे कर रहा हे बाबा जी के चरणों में नतमस्तक होने के इशारे दे रहा।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखे।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो NYOOOZ UP- Uttarakhand l उत्तर प्रदेश- उत्तराखंड के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 14 दिसंबर 2017 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, “Uttar Pradesh की 17वीं Vidhansabha के विधानमंडल का पहला शीतकालीन सत्र का आज पहला दिन था। जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आजम खान को एक साथ देखा। जी हां शुरू से लेकर अभी तक एक-दूसरे का विरोध करते आए  दो दिग्गज नेता विधान सत्र से पहले एक-दूसरे का हाथ पकडकर विधानसभा में आए। सत्र शुरू होने के पहले विधानसभा का माहौल खुशनुमा दिखा।”

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट जनसत्ता की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 14 दिसंबर 2017 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान यूपी विधानसभा परिसर में हंसी-मजाक करते दिखे।”

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 23 सितंबर को छपी खबर के मुताबिक, आजम खान 23 सितंबर को जेल से बाहर आए। वह 22 अक्टूबर 2023 से जिला कारागार में थे।

अधिक जानकारी के लिए हमने लखनऊ के चीफ रिपोर्टर राजीव बाजपेयी  से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को पुराना बताया ।

अंत में हमने वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को आठ हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर झारखंड का रहने वाला है और  प्रोफाइल पर खुद को डिजिटल क्रिएटर  बताया हुआ है। यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। वीडियो करीब आठ साल पुराना है। असल में यह वीडियो साल 2017 में यूपी विधानसभा में हुई मुलाकात के दौरान का है, जिसे अब भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। 

  • Claim Review : जेल से रिहा होने के बाद आजम खान अखिलेश को छोड़कर योगी से मिलने पहुंचे।
  • Claimed By : FB User मनी मोहंती
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later