Fact Check: भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी का यह वीडियो उनके पीए की हत्या से संबंधित नहीं, बल्कि पुराना है
बंगाल चुनाव के नतीजे आने के बाद भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई है। इस घटना से जोड़कर शुभेंदु का पुराना वीडियो वायरल हो रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: May 8, 2026 at 04:19 PM
- Updated: May 8, 2026 at 04:25 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें गोद में एक छोटे बच्चे को लिए शुभेंदु को गुस्से में देखा जा सकता है। साथ में एक महिला को बांग्ला भाषा में बोलते और रोते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि शुभेंदु का यह वीडियो चंद्रनाथ के परिजनों से मुलाकात के दौरान का है।
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो करीब एक साल पुराना है। दरअसल, शुभेंदु ने 22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले कोलकाता के एक युवक के परिजनों से मुलाकात की थी। उस दौरान के वीडियो को अब उनके पीए चंद्रनाथ की हत्या से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Naman Shukla’ ने 7 मई 2026 को वीडियो को पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “अपने पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या होने के बाद बंगाल में सुवेंदु अधिकारी बेहद गुस्से में हैं।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। एक्स यूजर ‘Subham’ ने 23 अप्रैल 2025 को वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि शुभेंदु अधिकारी और बंगाल के अन्य भाजपा नेताओं ने पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले बंगाल के बितान अधिकारी की पत्नी से मुलाकात की।
शुभेंदु ने भी 23 अप्रैल 2025 को वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “अत्यंत भारी मन से मैंने कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के कार्गो होल्ड क्षेत्र में, पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों की गोली से बेरहमी से मारे गए पश्चिम बंगाल के मेरे सहनागरिक, समीर गुहा और बितान अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की। मैं उनके शोकसंतप्त परिवारजनों से मिला और इस गहन दुखद घड़ी में शोकाकुल परिवारों को संवेदना व्यक्त करने की कोशिश की। घटना की भयावहता सुनकर मैं आश्चर्यचकित रह गया कि केवल हिंदू होने के कारण आतंकवादियों ने पर्यटकों की इतनी क्रूरता से हत्या कर दी। हमारे हिंदू भाइयों की स्मृति, जिन्होंने कल जम्मू और कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले में दुखद रूप से अपनी जान गंवाई, हमारे हृदय में अत्यंत सम्मान और गंभीरता के साथ अंकित रहेगी। मुझे दृढ़ विश्वास है कि भारत सरकार इस जघन्य और नारकीय घटना का कठोर से कठोरतम प्रतिशोध लेगी।”
इस बारे में हमने कोलकाता में दैनिक जागरण के वरिष्ठ संवाददाता राजीव कुमार झा से संपर्क किया। उन्होंने वायरल वीडियो को पुराना बताया।
क्या है संदर्भ?
पश्चिम बंगाल में चुनाव के नतीजे आने के बाद हिंसा भड़क गई थी। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ की हत्या कर दी गई। आजतक की वेबसाइट पर 7 मई 2026 को छपी रिपोर्ट के अनुसार, कोलकाता से अपने घर लौट रहे चंद्रनाथ की मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि हमले में घायल ड्राइवर की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस मामले में शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि यह एक सुनियोजित हत्या थी। 2-3 दिन पहले रेकी की गई थी। बीबीसी की वेबसाइट पर 7 मई 2026 को प्रकाशित इस मामले पर रिपोर्ट को पढ़ा जा सकता है।
इस मामले में एएनआई के फेसबुक पेज पर 7 मई 2026 को बंगाल के डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता का वीडियो बयान पोस्ट किया गया है। इसमें डीजीपी कह रहे हैं कि वारदात में इस्तेमाल किए गए चौपहिया वाहन को जब्त कर लिया गया है। उसमें फर्जी नंबर प्लेट प्रयोग की गई है। बाकी जांच जारी है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
‘न्यूज 24’ के यूट्यूब चैनल पर 8 मई 2026 को अपलोड वीडियो में शुभेंदु अधिकारी को चंद्रनाथ की अंतिम यात्रा में रोते हुए देखा जा सकता है।
पुराने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। लखनऊ के रहने वाले फेसबुक यूजर एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं और उनके करीब 3600 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: बंगाल चुनाव के नतीजे आने के बाद भाजपा विधायक शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या कर दी गई है। इस घटना से जोड़कर शुभेंदु का पुराना वीडियो वायरल हो रहा है।
- Claim Review : चंद्रनाथ रथ के परिजनों से मुलाकात के दौरान गुस्से में दिखे शुभेंदु अधिकारी।
- Claimed By : FB User- Naman Shukla
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












