X
X

Fact Check: PM मोदी ने नहीं कहा 2047 में ‘आजाद’ होगा देश, वीडियो क्लिप एडिटेड है

बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के 2047 में 'आजाद' होने संबंधित बयान के दावे से वायरल क्लिप एडिटेड और फेक है, जिसे सियासी दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने संबंधित बयान 2047 में देश की आजादी के 100 साल पूरे होने के संदर्भ में दिया था, लेकिन वायरल क्लिप से इस संदर्भ को गायब कर दिया गया है।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: Feb 5, 2025 at 02:07 PM
  • Updated: Feb 5, 2025 at 04:34 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। संसद के बजट सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उनके इसी भाषण से संबंधित एक वीडियो क्लिप को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री ने संसद में अपने भाषण के दौरान 2047 में देश के ‘आजाद’ होने का जिक्र किया।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया और इसके साथ वायरल हो रहा क्लिप एडिटेड है। वास्तव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए कहा था कि भारत के पास डेमोग्राफी, डेमोक्रेसी और डिमांड तीनों है और इसके आधार पर वह सब कुछ हासिल कर सकता है। इसी दौरान उन्होंने (2047 में जब देश आजाद होगा) के बयान को तत्काल सुधारते हुए कहा कि जब (2047 में) आजादी के 100 साल होंगे, तब हम विकसित भारत बनकर रहेंगे।

हालांकि, वायरल क्लिप में केवल ‘2047 में जब देश आजाद होगा’ वाले बयान के हिस्से को दिखाया गया है, जबकि वे 2047 में भारत की आजादी के 100 साल होने का जिक्र कर रहे थे।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Mafizul Islam’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) क्लिप को शेयर करते हुए लिखा है, “मूर्खों की सरदार :2047 में जब देश आज़ाद होगा..।”

बिहार यूथ कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल समेत कई अन्य सोशल मीडिया हैंडल से इस एडिटेड वीडियो क्लिप को शेयर किया गया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो क्लिप संसद के बजट सत्र से संबंधित है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है, “…..और हम भी…2047…जब देश आजाद होगा तब????”

क्लिप को देखने और सुनने से यह स्पष्ट हो जाता है कि यह मूल भाषण का एडिटेड क्लिप है, जिसमें पूरे बयान का संदर्भ शामिल नहीं है।

वायरल वीडियो क्लिप संसद के बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब से संबंधित है। चार फरवरी को धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान सदन में भाषण देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष के लगाए गए आरोपों का जवाब देते हुए पलटवार किया था और उनका यह भाषण संसद के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल समेत कई अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में मौजूद है।

कुल 1.35.25 सेकेंड के वीडियो में 1.32.14 सेकेंड के फ्रेम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण को सुनने पर वायरल क्लिप का संदर्भ स्पष्ट हो जाता है।

आसन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए देश आगे बढ़ रहा है और बड़े आत्‍मविश्‍वास के साथ आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत का सपना, यह कोई सरकारी सपना नहीं होता है। वो 140 करोड़ देशवासियों का सपना है और इस सपने को अब सबने जितनी ऊर्जा दे सकते हैं, देने का प्रयास करना है और दुनिया में उदाहरण हैं, 20-25 साल के कालखंड में दुनिया के कई देशों ने विकसित बनकर के दिखाया है, तो भारत के पास तो सामर्थ्य अपार है।”

प्रधानमंत्री आगे कहते हैं,  “हमारे पास डेमोग्राफी है, डेमोक्रेसी है, डिमांड है, हम क्यों नहीं कर सकते? इस विश्वास के साथ हमें आगे बढ़ना है और हम भी 2047, जब देश आजाद होगा तब आजादी के 100 साल होंगे जब तब हम विकसित भारत बनकर रहेंगे, यह सपने लेकर के चल रहे हैं।”

हालांकि, वायरल क्लिप में केवल “…2047 में जब देश आजाद होगा” वाले बयान का जिक्र है, जो आधा-अधूरा है। pmindia.gov.in की वेबसाइट पर पीएम मोदी के भाषण की मूल और अंग्रेजी में अनूदित कॉपी दोनों ही उपलब्ध है, जिसमें उनके भाषण को पढ़ा जा सकता है।

कई अन्य वीडियो रिपोर्ट्स में भी पीएम के इस भाषण को देखा और सुना जा सकता है।

वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने संसद को कवर करने वाले पीटीआई-भाषा के पत्रकार दीपक रंजन से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो क्लिप को फेक और एडिटेड बताया।

वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब तीन हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के 2047 में ‘आजाद’ होने संबंधित बयान के दावे से वायरल क्लिप एडिटेड और फेक है, जिसे सियासी दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने संबंधित बयान 2047 में देश की आजादी के 100 साल पूरे होने के संदर्भ में दिया था, लेकिन वायरल क्लिप से इस संदर्भ को गायब कर दिया गया है।

  • Claim Review : PM मोदी ने कहा, 2047 में आजाद होगा भारत।
  • Claimed By : FB User-Mafizul Islam
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later