Fact Check: PM मोदी ने नहीं की रिटायरमेंट की घोषणा, संजय राउत के बयान पर वायरल हुआ FAKE दावा
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को फर्जी पाया। भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट रूप से इस दावे का खंडन किया है कि पीएम मोदी ने रिटायरमेंट की घोषणा की है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Apr 7, 2025 at 01:36 PM
- Updated: Apr 7, 2025 at 02:21 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की घोषणा के नाम पर सोशल मीडिया में एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया गया कि पीएम ने खुद घोषणा की है कि 16 सितंबर के बाद वह प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता की ओर से इसका स्पष्ट शब्दों में खंडन किया गया। दरअसल पिछले दिनों विपक्षी नेताओं ने पीएम के इस्तीफे को लेकर कुछ बयान दिया था। जिसके बाद से ही सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्टों की बाढ़-सी आ गई थी। भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से इसका पहले ही खंडन किया जा चुका है।
क्या हो रहा है वायरल
NewsOne Live Tv नाम के फेसबुक पेज ने 2 अप्रैल को एक ग्राफ़िक शेयर किया जिसपर लिखा था “Breaking News- Prime Minister Narendra Modi announces retirement from Politics ” September 16th will be my last day at work: PM Narendra Modi ” (ब्रेकिंग न्यूज़- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति से संन्यास की घोषणा की “16 सितंबर मेरे काम का आखिरी दिन होगा: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी)

पड़ताल
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले गूगल ओपन सर्च टूल की मदद ली। हमने कीवर्ड्स की मदद से ढूंढा मगर हमें ऐसी कोई खबर किसी प्रामाणिक न्यूज़ पोर्टल पर नहीं मिली। हालांकि हमें कई खबरें मिलीं, जिनमें शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत के हवाले से प्रधानमंत्री के इस्तीफे की बात की गई थी। मगर इन्ही ख़बरों में बीजेपी के द्वारा इस दावे का खंडन भी किया गया था।
न्यूज़ वेबसाइट मिंट की 31 मार्च 2025 की एक खबर के अनुसार, “शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को महाराष्ट्र के नागपुर में आरएसएस मुख्यालय गए और अपने रिटायरमेंट की घोषणा की। राउत ने यह भी दावा किया कि पीएम मोदी के उत्तराधिकारी पर चर्चा करने के लिए ‘बंद कमरे’ में बैठक हुई, उन्होंने कहा कि अगला पीएम महाराष्ट्र से होगा।”

हालांकि, इसी खबर में राउत के इस दावे के खंडन के तौर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के हवाले से कहा गया, “पीएम मोदी के उत्तराधिकारी की तलाश करने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि वह 2029 में फिर से शीर्ष पद पर बने रहेंगे।” खबर में आरएसएस के वरिष्ठ नेता सुरेश ‘भैयाजी’ जोशी ने भी कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री को बदलने की किसी चर्चा की जानकारी नहीं है।

वहीं, 31 मार्च की द हिन्दू की खबर के अनुसार, “शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने सोमवार (31 मार्च, 2025) को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराधिकारी का फैसला राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ करेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराधिकारी संभवतः महाराष्ट्र से होगा। भाजपा ने इन अटकलों का खंडन करने में देर नहीं लगाई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि देश और पार्टी 2029 में भी नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में देखती है और यह मुगल परंपरा है कि जब पिता जीवित हों तो उत्तराधिकार की बात की जाती है।”
प्रधानमंत्री मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को हुआ था और इस हिसाब से वे आने वाले 17 सितंबर को 75 वर्ष के हो जाएंगे। उनके रिटायरमेंट को लेकर अटकलें लगाए जाने का कारण राउत ने उनकी उम्र बताई थी। राउत का कहना था कि आरएसएस और बीजेपी में एक अघोषित नीति है कि 75 साल की उम्र होने के बाद नेताओं का रिटायरमेंट हो जाता हैऔर इसलिए पीएम मोदी को भी अब रिटायरमेंट लेना पड़ेगा। हमने कीवर्ड्स से ढूंढा तो हमें लाइव मिंट की 22 मई 2024 की एक खबर मिली।
खबर के अनुसार, “भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह कभी तय नहीं हुआ कि 75 साल से ऊपर के लोग चुनाव नहीं लड़ेंगे।” खबर के अनुसार, पूर्व पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने 22 मई 2024 को प्रकाशित टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ एक इंटरव्यू में यह टिप्पणी की। जब उनसे पार्टी के उस नियम के बारे में पूछा गया कि 75 साल से ऊपर के लोग चुनाव नहीं लड़ेंगे और यह निर्णय तब लिया गया जब वे पार्टी अध्यक्ष थे, तो वरिष्ठ भाजपा नेता ने जवाब दिया: “यह कभी तय नहीं हुआ। आप मोटे अक्षरों में लिख सकते हैं कि ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया… मैं पार्टी अध्यक्ष था मैं जोर देकर कह रहा हूं कि ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया था। अगर यह तय होता, तो पार्टी के संविधान में इसका उल्लेख होता।” सिंह ने कहा।”

रिटायरमेंट की उम्र को लेकर महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले ने भी संजय राउत के दावे के बाद टिप्पणी की और इस दावे का खंडन करते हुए X पोस्ट कर लिखा, “संजय राउत का बयान महज एक राजनीतिक स्टंट है। ऐसा कोई नियम या निर्णय नहीं है कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को 75 वर्ष की आयु के बाद राजनीति छोड़ देनी होगी। भाजपा की किसी आधिकारिक नीति में ऐसा नहीं कहा गया है। भारतीय संविधान में भी ऐसा कोई संकल्प या नियम नहीं है। भाजपा नेता अटल बिहारी वाजपेयी 79 वर्ष की आयु तक प्रधानमंत्री रहे। जबकि मोरारजी देसाई 83 वर्ष और डॉ. मनमोहन सिंह 81 वर्ष की आयु तक प्रधानमंत्री रहे। लेकिन मानसिक संतुलन खो चुके और भाजपा के प्रति नफरत से भरे राउत को यह याद नहीं रहेगा। भारतीय लोकतंत्र में, एक प्रधानमंत्री का सेवानिवृत्त होना संजय राउत की तरह सुबह की घंटी पर निर्भर नहीं करता है, बल्कि चुनावी जनादेश और जनता के आशीर्वाद पर निर्भर करता है। प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री का कार्यकाल कब तक होगा, यह देश की जनता तय करेगी , संजय राउत या विपक्ष को यह अधिकार नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। यह संकल्प उनके ही नेतृत्व में पूरा होगा।”
हमने इस विषय में बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री से बात की। उन्होंने इस पोस्ट को फर्जी बताते हुए कन्फर्म किया कि प्रधानमंत्री मोदी ने रिटायर होने की घोषणा कोई घोषणा नहीं की है।
एक बार पहले भी एक इसी तरह का एक सोशल मीडिया पोस्ट कर दावा किया गया था कि बीजेपी ने नरेंद्र मोदी और राजनाथ सिंह को मार्गदर्शक मंडल में शामिल किया है जिसे पीएम मोदी ने रिटायरमेंट का संकेत बताया गया था। हालांकि, विश्वास न्यूज की जांच में यह पाया गया था कि दोनों नेता 2014 से ही इस मंडल का हिस्सा हैं। इस पूरे फैक्ट चेक को यहाँ पढ़ा जा सकता है।
वायरल क्लिप को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर ‘NewsOne Live Tv’ को फेसबुक पर 13 हजार से अधिक यूजर फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को फर्जी पाया। भारतीय जनता पार्टी ने स्पष्ट रूप से इस दावे का खंडन किया है कि पीएम मोदी ने रिटायरमेंट की घोषणा की है।
- Claim Review : - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजनीति से संन्यास की घोषणा की
- Claimed By : FB User NewsOne Live Tv
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












