Fact Check: शक्ति सिंह गोहिल के संबोधन के दौरान राज्यसभा में मौजूद नहीं थे PM मोदी, वायरल वीडियो एडिटेड है
बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान गुजरात से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने पीएम मोदी पर खुद को 'गरीब' बताए जाने के दावे पर निशाना साधा था। उनके इस संबोधन में लोकसभा में पीएम मोदी के संबोधन के विजुअल को जोड़ दिया गया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि जब शक्ति सिंह गोहिल पीएम मोदी पर हमलावर थे, तब उस वक्त नरेंद्र मोदी और अमित शाह राज्यसभा में मौजूद थे।
- By: Abhishek Parashar
- Published: May 23, 2025 at 03:40 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया यूजर्स राज्यसभा में बोलते कांग्रेस के सांसद शक्ति सिंह गोहिल का एक वीडियो शेयर कर रहे हैं। वायरल वीडियो में महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए गोहिल, नरेंद्र मोदी पर उनके ‘गरीब’ होने के दावे पर तंज कसते हैं। वीडियो में नजर आ रहा है कि जब गोहिल ऐसा कहते हैं तो वहां नरेंद्र मोदी और अमित शाह मौजूद होते हैं। वीडियो को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि गोहिल, प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में उन पर तंज कस रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो वास्तव में एडिटेड है। हाल ही में संपन्न बजट सत्र के दौरान शक्ति सिंह गोहिल राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर राज्यसभा में बोल रहे थे और इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा था। गोहिल जब ऐसा कह रहे थे, तब प्रधानमंत्री मोदी राज्यसभा में मौजूद नहीं थे। लोकसभा की कार्यवाही के विजुअल को एडिट कर राज्यसभा की कार्यवाही में जोड़ दिया गया है। वायरल क्लिप में प्रधानमंत्री मोदी का जो विजुअल नजर आ रहा है, वह इसी बजट सत्र के दौरान लोकसभा की कार्यवाही का है, जिसे गोहिल के राज्यसभा वाले क्लिप में एडिट कर जोड़ दिया गया है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘The News’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर किया है, जिसे अब तक एक करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है।

पड़ताल
वायरल वीडियो नई बनी संसद के राज्यसभा का है, जिसमें शक्ति सिंह गोहिल को बोलते हुए देखा जा सकता है। संसद की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, शक्ति सिंह गोहिल गुजरात से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद हैं।
राज्यसभा में उनका कार्यकाल 2020-26 का है। इसके बाद, हमने ऑरिजिनल क्लिप को ढूंढने के लिए की-वर्ड सर्च का सहारा लिया। सर्च में हमें संसद टीवी के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर उनके संबोधन का ऑरिजिनल वीडियो मिला।
दी गई जानकारी के मुताबिक, शक्ति सिंह गोहिल का यह संबोधन बजट सत्र (2025) के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का है। चार फरवरी को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान बोलते हुए गोहिल ने कई मुद्दों को लेकर सरकार पर निशाना साधा था।
कुल 17 मिनट 10 सेकेंड के अपने भाषण के आखिरी मिनट में उन्होंने कहा था, “….सर (आसन को संबोधित करते हुए) दिल से भावना होनी चाहिए..गांधी जी गरीब के बेटे नहीं थे। उसके पिता के पास हवेली थी…सबसे बड़े अफसर थे वे नवाब के…जूनागढ़ के…गांधी जी खुद बैरिस्टर थे और सूट-बूट पहनते थे और जिंदगी भर मौज कर सकते थे। उसने कभी नहीं कहा कि मैं गरीब का बेटा हूं। पर जब देखा कि मेरे देश की आजादी की जरूरत है तो सूट-बूट छोड़ के धोती पहनकर आ गए और आधी धोती पहन के इस देश को आजादी दिलाई। वो गरीब का बेटा नहीं था।”
आगे उन्होंने कहा, “आज जब कोई कहता है कि मैं गरीब का बेटा हूं और दस लाख (रुपये) का सूट पहन के बड़े इन्डस्ट्रीअलिस्टकी सेवा करता है, तो उससे भला नहीं होगा। कहां पैदा हुए हो, वह जरूरी नहीं है, आपके मन की मंशा क्या है, देशवासी को उससे फर्क पड़ता है…और उसी की मैं उम्मीद जरूर करता हूं।”
इसके बाद उन्होंने जम्मू-कश्मीर के चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी के वादे पर ‘रेवड़ी राजनीति’ को लेकर गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। गोहिल के इस पूरे भाषण के दौरान राज्यसभा में नरेंद्र मोदी और अमित शाह नहीं दिखे, जैसा कि वायरल वीडियो क्लिप में नजर आ रहा है।
संसद टीवी की वेबसाइट पर हमने तीन फरवरी 2025 से पांच फरवरी 2025 की कार्यवाही के सभी उपलब्ध वीडियो फुटेज को चेक किया और इसमें कहीं भी हमें प्रधानमंत्री मोदी और शाह का वीडियो नहीं मिला।
प्रधानमंत्री मोदी ने छह फरवरी को राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित किया था। प्रधानमंत्री मोदी जब राज्यसभा में बोल रहे थे, तब आसन पर सभापति जगदीप धनखड़ मौजूद थे।
हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल वीडियो क्लिप एडिटेड है। वायरल वीडियो क्लिप में प्रधानमंत्री मोदी जिस जगह खड़े दिख रहे हैं, वह राज्यसभा नहीं बल्कि लोकसभा है।
वास्तव में यह फुटेज समान बजट सत्र के दौरान लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का है। लोकसभा में पीएम मोदी ने इस प्रस्ताव पर चार फरवरी को धन्यवाद ज्ञापित किया था।
वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने संसद को कवर करने वाले पीटीआई-भाषा के पत्रकार दीपक रंजन से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “शक्ति सिंह गोहिल राज्यसभा से सांसद है और वायरल वीडियो राज्यसभा की कार्यवाही का है।”
वायरल वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर पांच लाख लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: बजट सत्र के दौरान राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान गुजरात से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने पीएम मोदी पर खुद को ‘गरीब’ बताए जाने के दावे पर निशाना साधा था। उनके इस संबोधन में लोकसभा में पीएम मोदी के संबोधन के विजुअल को जोड़ दिया गया है, जिससे यह प्रतीत हो रहा है कि जब शक्ति सिंह गोहिल पीएम मोदी पर हमलावर थे, तब उस वक्त नरेंद्र मोदी और अमित शाह राज्यसभा में मौजूद थे।
- Claim Review : राज्यसभा में शक्ति सिंह गोहिल ने पीएम मोदी की मौजूदगी में उनके गरीब होने के दावे पर तंज कसा।
- Claimed By : FB User-The News
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












