Fact Check: मणिपुर में भारी मात्रा में हथियारों और विस्फोटकों की जब्ती के दावे से वायरल यह वीडियो म्यामांर का है
मणिपुर में भारी मात्रा में हथियारों, विस्फोटकों और नकदी की बरामदगी के दावे से वायरल हो रहा वीडियो म्यांमार का है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: May 22, 2025 at 02:37 PM
- Updated: May 22, 2025 at 06:22 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स एक वीडियो को शेयर कर रहे हैं, जिसमें बड़ी मात्रा में विस्फोटक, हथियार और नकदी रखी जगह पर यूनिफॉर्म में हथियारबंद व्यक्ति को देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो भारत के पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में उग्रवादियों के हथियारों की जब्ती का वीडियो है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक पाया। वायरल वीडियो का संबंध न तो मणिपुर से है और न ही भारत से। यह भारत के पड़ोसी देश म्यांमार का वीडियो है, जिसे मणिपुर के नाम से शेयर किया जा रहा है। मणिपुर फिलहाल राष्ट्रपति शासन के अधीन हैं। नौ फरवरी को राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद 13 फरवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की घोषणा की गई थी।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘DR Manesaria’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “बिग ब्रेकिंग
मणिपुर में उग्रवादियों से भारतीय सेना ने हथियारों का एक बहुत बड़ा जखीरा और नकदी बरामद की है देखिए।”
अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी कई यूजर्स ने इस वीडियो (आर्काइव लिंक) को समान दावे के साथ शेयर किया है। कई यूजर्स ने इस वीडियो को मणिपुर में कुकी उग्रवादियों से बरामद हथियार का बताते हुए शेयर किया है।
पड़ताल
दावे की पड़ताल के लिए हमने वायरल वीडियो के प्रत्येक फ्रेम को गौर से देखा। वीडियो के कई फ्रेम में नजर आ रहे हथियारबंद व्यक्ति के यूनिफॉर्म पर ‘BNRA’ का लोगो नजर आ रहा है।

सर्च में हमें ispmyanmarpeacedesk.com की वेबसाइट पर समान लोगो नजर आया। दी गई जानकारी के मुताबिक, यह लोगो बर्मा नेशनल रिवॉल्यूशनरी आर्मी (बीएनआरए) का है।
बीएनआरए के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर भी यह लोगो नजर आ रहा है। इस चैनल पर हमें ऐसे कई वीडियो मिले, जिसमें नजर आ रही सेना के जवानों के यूनिफॉर्म और उनके फ्लैग या झंडे पर यही लोगो लगा हुआ था।
म्यांमार (पूर्व में बर्मा) में सैनिक शासन (जिसके लिए जुंटा शब्द का इस्तेमाल किया जाता है) के खिलाफ कई समूह सशस्त्र विरोध कर रहे हैं और इन्हीं समूह में एक प्रमुख नाम बीएनआरए का है।
सीएनआई म्यांमार.कॉम की 2023 की एक रिपोर्ट ने राजनीतिक विश्लेषक यू थाई सोई नाइंग के हवाले से लिखा है, “बर्मा राष्ट्रीय क्रांतिकारी सेना का गठन एक उत्साहजनक स्थिति है।” रिपोर्ट के मुताबिक, बीएनआरए का गठन नौ सितंबर 2023 को हुआ था और इसके चेयरमैन बीओ नागर है और रिपोर्ट में उनकी तस्वीर भी मौजूद है। यही वीडियो हमें ‘LaiMi Page’ नाम के फेसबुक पेज पर मिला, जिसे म्यांमार का बताते हुए 24 अप्रैल को अपलोड किया गया है।
म्यामांर न्यूज एजेंसी नाम के फेसबुक पेज से भी इस वीडियो को 10 अप्रैल को “फलाम की लड़ाई में हासिल हथियार” के दावे से शेयर किया गया है।

फलाम म्यांमार के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित नगर है, जिसकी सीमा मिजोरम से लगती है। अल जजीरा की 15 मार्च 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, फलाम पर कब्जे के लिए सेना और विरोधी गुटों के बीच लड़ाई जारी है।
हमें यह वीडियो ‘Nway Oo Lin’ नाम के यू-ट्यूब चैनल पर मिला, जिसमें इसे म्यांमार का बताया गया है। यह वीडियो इस चैनल से 15 अप्रैल 2025 को शेयर किया गया है।
मणिपुर पुलिस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर हमें नौ मई का पोस्ट मिला, जिसमें सर्च ऑपरेशन के दौरान हथियार समेत अन्य की बरामदगी का जिक्र है। हालांकि न्यूज सर्च में हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें मणिपुर में वायरल वीडियो में नजर आ रही मात्रा में हथियारों और गोला बारूद की बरामदगी का जिक्र हो।
हमारी पड़ताल से स्पष्ट है कि वायरल वीडियो मणिपुर का नहीं, बल्कि म्यांमार का है। हमने इस वीडियो को लेकर मणिपुर के पुलिस महानिदेशक राजीव सिंह और वहां अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (लॉ एंड ऑर्डर) एल कैलून से संपर्क किया है। उनका जवाब आने पर इस रिपोर्ट को अपडेट किया जाएगा।
वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब तीन लाख लोग फॉलो करते हैं।
गौरतलब है कि 13 फरवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की घोषणा की गई थी। यह घोषणा नौ फरवरी को राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद की गई थी।
चार अप्रैल की न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, “संसद ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की पुष्टि करने वाले सांविधिक प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। राज्यसभा ने आज तड़के इसे मंजूरी दी। यह प्रस्ताव इस वर्ष 13 फरवरी को संविधान के अनुच्छेद 356 (1) के तहत मणिपुर में राष्ट्रपति शासन की घोषणा से संबंधित है। लोकसभा इसे पहले ही मंजूरी दे चुकी है।”
निष्कर्ष: मणिपुर में भारी मात्रा में हथियारों, विस्फोटकों और नकदी की बरामदगी के दावे से वायरल हो रहा वीडियो म्यांमार का है।
- Claim Review : मणिपुर में भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और जब्ती बरामद।
- Claimed By : FB User-DR Manesaria
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












