X
X

Fact Check: इफ्तार में शामिल अखिलेश के महाकुंभ नहीं जाने का दावा फेक, 26 जनवरी को अपने बेटे साथ लगाई थी संगम में डुबकी

इफ्तार पार्टी में अखिलेश यादव के शामिल होने की मौजूदगी के दावे से वायरल वीडियो में किया जा रहा यह दावा गलत है कि वे महाकुंभ में शामिल नहीं हुए थे। अखिलेश यादव अपने बेटे के साथ महाकुंभ पहुंचे थे और वहां उन्होंने त्रिवेणी संगम पर डुबकी लगाई थी।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: Apr 4, 2025 at 12:31 PM
  • Updated: Apr 4, 2025 at 03:51 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया यूजर्स उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा सांसद अखिलेश यादव का एक वीडियो क्लिप शेयर कर रहे हैं, जिसमें इफ्तार में उनकी मौजूदगी दिख रही है। दावा किया जा रहा है कि अखिलेश यादव प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में तो नहीं गए, लेकिन वे रमजान के दौरान मुस्लिमों की इफ्तार पार्टी में शामिल होने से नहीं चूके।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को फेक और सियासी दुष्प्रचार पाया। अखिलेश यादव ने 26 जनवरी को त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान किया था। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से महाकुंभ की यात्रा और संगम स्नान की तस्वीरों को भी साझा किया था।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Troll Indian Politics’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) क्लिप को शेयर किया है, जिसमें कहा गया है कि वे महाकुंभ में तो नहीं गए लेकिन इफ्तार में शामिल हुए।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो में अखिलेश यादव इफ्तार पार्टी में शामिल नजर आ रहे हैं। न्यूज सर्च में हमें यह वीडियो न्यूज9 लाइव के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला।

दी गई जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो लखनऊ में आयोजित इफ्तार पार्टी का है। अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में भी हमें यह वीडियो मिला, जिसमें उनके साथ पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद नजर आ रहे हैं।

इसके बाद हमने यादव के महाकुंभ में नहीं जाने के दावे को चेक किया। सर्च में हमें कई रिपोर्ट्स मिली, जिसमें अखिलेश यादव के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में पवित्र स्नान करने का जिक्र है।

इंडिया टुडे की 26 जनवरी 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक, “समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रयागराज में पवित्र त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाकर महाकुंभ 2025 के आध्यात्मिक उत्सव में भाग लिया। इंडिया टुडे से बातचीत में बताया कि उन्होंने संगम में 11 बार डुबकी लगाई।”

अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में उनके संगम में स्नान करने का जिक्र है।

जागरण.कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, “समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार दोपहर प्रयागराज पहुंचे। वह बमरौली एयरपोर्ट से सीधे संगम की ओर बढ़ गए। उनके साथ उनके पुत्र अर्जुन यादव भी मौजूद हैं। संगम में सपा प्रमुख ने बेटे संग डुबकी लगाई इसके बाद वह सीधे सेक्टर 16 की ओर बढ़ गए। वहां उन्होंने मुलायम सिंह यादव की प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाते हुए आशीर्वाद लिया।”

अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक एक्स प्रोफाइल से महाकुंभ की पुण्य यात्रा की तस्वीरों को साझा किया है।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि अखिलेश यादव के महाकुंभ में नहीं जाने का दावा गलत और तथ्यों से परे हैं। उन्होंने अपने बेटे के साथ संगम में स्नान किया था।

वायरल दावे को लेकर हमने प्रयागराज के दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी राकेश पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि अखिलेश यादव महाकुंभ आए थे और उन्होंने संगम में डुबकी लगाई थी।

वायरल वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब तीन लाख लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: इफ्तार पार्टी में अखिलेश यादव के शामिल होने की मौजूदगी के दावे से वायरल वीडियो में किया जा रहा यह दावा गलत है कि वे महाकुंभ में शामिल नहीं हुए थे। अखिलेश यादव अपने बेटे के साथ महाकुंभ पहुंचे थे और वहां उन्होंने त्रिवेणी संगम पर डुबकी लगाई थी।

  • Claim Review : महाकुंभ में नहीं गए लेकिन इफ्तार में शामिल हुए अखिलेश यादव।
  • Claimed By : FB User-Troll Indian Politics
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later