Fact Check: उल्टा तिरंगा फहराने वाली भाजपा अध्यक्ष की वायरल तस्वीर एडिटेड है, असली नहीं
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा उल्टा तिरंगा फहराने वाली वायरल तस्वीर एडिटेड है। असली फोटो में नितिन नवीन ने तिरंगा सही तरीके से पकड़ा था और उसे सीधा ही फहरा रहे थे।
- By: Pragya Shukla
- Published: Aug 15, 2026 at 05:43 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। देशभर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी से जोड़कर सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की एक फोटो तेजी से वायरल हो रही है। इस फोटो में उन्हें राष्ट्रीय ध्वज को उल्टा पकड़े हुए देखा जा सकता है। इसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि नितिन नवीन ने तिरंगे को उल्टा फहराया और उसका अपमान किया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल हो रही तस्वीर एडिटेड है। ओरिजिनल फोटो में नितिन नवीन ने तिरंगा सही तरीके से पकड़ा था और वह उसे सीधा ही फहरा रहे थे। एडिटेड फोटो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘Gagan Yadav’ ने 14 अगस्त 2026 को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “BJP बड़ी पार्टी का दावा करने वाली पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तिरंगा यात्रा के दौरान!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने बीजेपी और नितिन नवीन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमें असली तस्वीर बीजेपी के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिली। इस फोटो को 13 अगस्त 2026 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने घर की छत पर तिरंगा फहराया और गर्व से सेल्फी ली। आप भी इस अभियान का हिस्सा बनें, अपने घर पर तिरंगा लहराएं, सेल्फी लें और पूरे गर्व के साथ पोस्ट करें!”
पड़ताल के दौरान हमें वायरल तस्वीर से जुड़ा वीडियो नितिन नवीन के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर मिला। इस वीडियो को 13 अगस्त 2026 को शेयर किया गया था। कैप्शन के अनुसार, “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा। आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आज अपने आवास पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति हमारे साझा संकल्प और स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों का स्मरण किया। आइए, अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और इस गौरवपूर्ण अभियान में सहभागी बनें। तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर लेकर सोशल मीडिया पर ‘हर घर तिरंगा’ के साथ साझा करें और जनभागीदारी के इस आंदोलन को देशभर में और व्यापक बनाएं।”
दोनों तस्वीरों के बीच के अंतर को नीचे देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने बीजेपी प्रवक्ता विजय सोनकर शास्त्री से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। तस्वीर को एडिट कर गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या है संदर्भ?
आज देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। लाल किले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और 21 तोपों की सलामी दी गई। इस साल पहली बार स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले पर वंदे मातरम गाया गया। पीएम मोदी ने 76 मिनट की स्पीच दी। साथ ही कई ऐलान किये। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ें।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के फेसबुक अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को दस हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं और प्रोफाइल में यूजर ने खुद को यूपी का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा उल्टा तिरंगा फहराने वाली वायरल तस्वीर एडिटेड है। असली फोटो में नितिन नवीन ने तिरंगा सही तरीके से पकड़ा था और उसे सीधा ही फहरा रहे थे।
- Claim Review : बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने तिरंगा उल्टा फहराया।
- Claimed By : FB User Gagan Yadav
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












