
नई दिल्ली (Vishvas News)। फेसबुक पर एक युवती की तस्वीर वायरल हो रही है। युवती को सीपीआई नेता और जेएनयू के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार की बहन बताया जा रहा है। वायरल पोस्ट के दावे के मुताबिक, कन्हैया कुमार की बहन इसरो में वैज्ञानिक बन गई हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। हमारी जांच में दावा झूठा साबित हुआ। वायरल तस्वीर प्रियंका कुमारी की हैं। ये कन्हैया कुमार की बहन नहीं हैं।
फेसबुक यूजर अभय प्रताप ने 20 नवंबर को एक युवती की तस्वीर के साथ लिखा : ‘JNU छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार की बहन इसरो की वैज्ञानिक बनी। बहुत बहुत बधाई।’
पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल हो रही तस्वीर को रिवर्स इमेज टूल में अपलोड करके सर्च किया। सर्च के दौरान हमें वायरल तस्वीर भूमंत्र नाम की एक वेबसाइट पर मिली। खबर में बताया गया कि बिहार के बेगूसराय के बीहट की प्रियंका का चयन इसरो में हुआ। पूरी खबर आप यहां पढ़ सकते हैं।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए जब हमने गूगल में प्रियंका के बारे में सर्च किया तो हमें जागरण डॉट कॉम की एक पुरानी खबर मिली। 7 मार्च 2018 को पब्लिश इस खबर में बताया गया कि बीहट की प्रियंका कुमारी इसरो में वैज्ञानिक के तौर पर काम करती हैं। खबर में बताया गया कि प्रियंका के पिता राजीव कुमार रेल विभाग में गार्ड हैं, जबकि मां प्रतिभा देवी एक सरकारी स्कूल में टीचर हैं। उनकी एक बड़ी बहन हैं। भाई बिजनेस करता है। पूरी खबर यहां पढ़ें।
पुख्ता जानकारी के लिए विश्वास न्यूज ने दैनिक जागरण, बेगूसराय के ब्यूरो चीफ रूपेश कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल तस्वीर वाली युवती कन्हैया कुमार की बहन नहीं है। वायरल पोस्ट बेबुनियाद है।
पड़ताल के अंत में विश्वास न्यूज ने उस यूजर की जांच की, जिसने फर्जी पोस्ट की। हमें पता चला कि यूजर अभय प्रताप बिहार से हैं। वे 2017 से फेसबुक पर सक्रिय हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में कन्हैया कुमार की बहन के नाम से वायरल पोस्ट झूठी निकली। तस्वीर में दिख रही युवती का नाम प्रियंका कुमारी है।
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...