
नई दिल्ली (Vishvas News)। दिल्ली की सीमाओं पर किसान आंदोलन के बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि किसान बिल के विरोध में हरियाणा में भाजपा विधायक उदय सिंह पर किसानों ने हमला कर दिया।
विश्वास न्यूज ने सच जानने के लिए पूरे मामले की जांच की। हमें पता चला कि राजस्थान के पंचायत चुनाव में घटी एक घटना के वीडियो को कुछ लोग झूठे दावे के साथ किसान आंदोलन और हरियाणा से जोड़कर वायरल कर रहे हैं। पोस्ट फर्जी साबित हुई।
फेसबुक यूजर कॉमरेड सुरेश कुमार ने 28 दिसंबर 2020 को एक वीडियो अपलोड करते हुए इसे किसान आंदोलन से जोड़कर वायरल किया। यूजर ने पोस्ट में दावा किया : ‘हरियाणा किसान बिल के विरोध में #रुझान आने लगे. पहला #भूमि सूजन #भाजपा विधायक #उदय सिंह सिंह का जोरदार स्वागत किसानों द्वारा.’
फेसबुक पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखें।
विश्वास न्यूज ने सबसे पहले वायरल हो रहे वीडियो को InVID टूल में अपलोड करके कई ग्रैब्स निकाले। इसके बाद इन्हें रिवर्स इमेज टूल में अपलोड करके सर्च किया। खोज के दौरान हमें जी न्यूज की वेबसाइट पर एक खबर मिली। खबर में हमें एक तस्वीर नजर आई। यह तस्वीर वीडियो ग्रैब्स थी। इसमें हमें वही गाडि़यां और लोग नजर आए, जो वीडियो में दिखे।
खबर में बताया गया कि 27 नवंबर 2020 को राजस्थान के जालोर जिले के सरनाऊ पंचायत समिति के सेडि़या ग्राम पंचायत में वोटिंग के वक्त दो गुट आपस में भिड़ गए थे। पूरी खबर यहां पढ़ें।
तहकीकात के दौरान हमने राजस्थान के प्रकाशित दैनिक भास्कर के ईपेपर को खंगाला। 28 नवंबर 2020 के जालोर संस्करण में हमें एक खबर मिली। खबर में बताया गया कि दो गुटों के बीच झड़प पंचायत चुनाव में हुई। घटना सरनाऊ पंचायत समिति क्षेत्र के सेडि़या ग्राम पंचायत में मतदान के दौरान हुई। ये झड़प कांग्रेस व निर्दलीय प्रत्याशी के बीच हुई। पूरी खबर नीचे पढ़ें।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए विश्वास न्यूज ने पाली के वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र सिंह से संपर्क किया। उनके साथ वायरल पोस्ट वॉट्सऐप पर शेयर किया। उन्होंने वायरल वीडियो को देखकर बताया कि यह घटना जालोर की है। यहां पंचायत चुनाव में दो गुट आपस में भिड़ गए थे। वीडियो उसी दौरान का है।
अब बारी थी फेसबुक यूजर कॉमरेड सुरेश कुमार के अकाउंट की जांच करने की। हमें पता चला कि यूजर एक खास विचारधारा से जुड़ा हुआ है। ये बिहार के सिवान का रहने वाला है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट झूठी निकली। हरियाणा में भाजपा विधायक के नाम पर वायरल वीडियो राजस्थान के जालोर का निकला। इसका किसान आंदोलन या हरियाणा से कोई संपर्क नहीं है।
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...