X
X

Fact Check: उत्तरकाशी में चिनूक हेलीकॉप्टर से JCB मशीन पहुंचाने के दावे से वायरल तस्वीर FAKE और एडिटेड है

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में रास्ते बंद होने के चलते धराली में चिनूक हेलीकॉप्टर से जेसीबी मशीन पहुंचाए जाने के दावे से वायरल हो रही तस्वीर एडिटेड और फेक है।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: Aug 11, 2025 at 03:45 PM
  • Updated: Aug 11, 2025 at 03:52 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तराखंड के धराली आपदा के बाद लापता लोगों को ढूंढने और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत व बचाव अभियान जारी है। हर्षिल-धराली आपदास्थल पर पुलिस, फायर व एसडीआरएफ के जवान संभावित स्थानों को चिह्नित कर सर्च अभियान में जुटे हैं। इस बीच सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई यूजर्स एक तस्वीर को शेयर कर रहे हैं, जिसमें चिनूक हेलीकॉप्टर को जेसीबी मशीन को हवाई मार्ग के जरिए आपदास्थल की तरफ ले जाते हुए देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि यह बचाव अभियान की तस्वीर है, जहां उत्तराखंड के रास्ते बंद होने के चलते धराली मे चिनूक हेलीकॉप्टर से जेसीबी मशीन पहुंचाई जा रही है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रही तस्वीर वास्तविक नहीं, बल्कि एडिटेड है। ऑरिजिनल तस्वीर गाजियाबाद स्थित एयर फोर्स स्टेशन, हिंडन में आयोजित 2021 के एयर फोर्स परेड डे की है, जिसमें चिनूक हेलीकॉप्टर ने होवित्जर तोप को एयरलिफ्ट करते हुए सैन्य क्षमता का प्रदर्शन किया था। इसी तस्वीर को एडिट कर उसमें जेसीबी मशीन की तस्वीर को जोड़कर फेक दावे के साथ धराली आपदा का बताकर शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘parsa.ram.suthar’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “रास्ते बंद होने के चलते उत्तराखंड धराली के चिनूक में हेलीकॉप्टर से पहुँचाई गई JCB मशीन।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर हमें यह तस्वीर समान संदर्भ में साझा की हुई मिली।

https://twitter.com/jpsin1/status/1953382441949028585

पड़ताल

हर्षिल-धराली आपदास्थल  पर जारी राहत व बचाव अभियान को लेकर उत्तरकाशी पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से लगातार अपडेट्स शेयर किया जा रहा है। 10 अगस्त को दी गई जानकारी के मुताबिक, “हर्षिल-धराली आपदा स्थल पर पुलिस, फायर व SDRF के जवान संभावित स्थानों को चिन्हित कर सर्च अभियान में जुटे हैं। उच्चधिकारियों द्वारा मौके पर रेस्क्यू को लीड किया जा रहा है।”

घटनास्थल पर खोज व बचाव अभियाव का काम तेजी से चल रहा है और आपदा क्षेत्र में फंसे लोगों को एयर लिफ्ट करते हुए आवश्यक आपूर्ति का काम भी किया जा रहा है। घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम चल रहा है।

हमें इस सोशल मीडिया हैंडल पर या किसी भी रिपोर्ट में ऐसी तस्वीर नहीं मिली, जिसमें चिनूक द्वारा उठाई गई जेसीबी मशीन नजर आ रही हो। इसके बाद वायरल तस्वीर के ऑरिजिनल सोर्स को ढूंढने के लिए हमने एडवांस्ड रिवर्स इमेज सर्च की मदद ली और सर्च में हमें ऐसी कई रिपोर्ट्स मिली, जिसमें हमें ऑरिजिनल तस्वीर मिली।

prokerala.com की वेबसाइट पर आठ अक्तूबर 2021 की रिपोर्ट के मुताबिक, यह तस्वीर एयर फोर्स स्टेशन (हिंडन) पर एयर फोर्स डे परेड, 2021 के दौरान की है, जिसमें चिनूक हेलीकॉप्टर्स ने होवित्जर तोप को एयरलिफ्ट करते हुए अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया था।

इस रिपोर्ट में परेड की अन्य तस्वीरें भी शामिल हैं। इसी आधार पर सर्च करने पर हमें यह तस्वीर पीआरओ डिफेंस पालम के आधिकारिक एक्स हैंडल पर लगी मिली, जिसमें मेघना फॉर्मेशन और चिनूक हेलीकॉप्टर के M777 होवित्जर्स टैंक को एयरलिफ्ट किए जाने की तस्वीर शामिल है।

यानी वायरल तस्वीर एडिटेड है, जिसमें होवित्जर टैंक की जगह जेसीबी मशीन की तस्वीर को जोड़ दिया गया है।

उत्तरकाशी पुलिस ने भी अपने आधिकारिक हैंडल से वायरल तस्वीर के साथ किए गए दावे का खंडन किया है। इन-विड टूल की मदद से हमने दोनों तस्वीरों की तुलना की और नतीजे में पाया कि तस्वीर में नजर आ रही जेसीबी और अन्य बैकग्राउंड को एडिट कर इसमें जोड़ा गया है।

इन-विड टूल की मदद से ऑरिजिनल और फेक तस्वीर के बीच की गई एनालिसिस, जिसमें एडिटेड स्पॉट को ब्लिंक होते हुए देखा जा सकता है।

वायरल तस्वीर को लेकर हमने देहरादून में दैनिक जागरण के संपादकीय प्रभारी देवेंद्र सती से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह तस्वीर उत्तरकाशी के हर्षिल,धराली आपदा राहत व बचाव अभियान से संबंधित नहीं है। उन्होंने कहा कि चिनूक हेलीकॉप्टर्स की मदद से आपदास्थल पर केवल बड़े जेनरेटर  व अन्‍य सामानों की आपूर्ति की गई थी।

वायरल पोस्ट को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को इंस्टाग्राम पर करीब तीन लाख लोग फॉलो करते हैं। उत्तराखंड आपदा से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में रास्ते बंद होने के चलते धराली में चिनूक हेलीकॉप्टर से जेसीबी मशीन पहुंचाए जाने के दावे से वायरल हो रही तस्वीर एडिटेड और फेक है।

  • Claim Review : उत्तराखंड रास्ते बंद होने के चलते धराली मे चिनूक हेलीकॉप्टर से पहुंचाई गई JCB मशीन
  • Claimed By : Insta User-parsa.ram.suthar
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later