Fact Check: खेसारी लाल यादव का भाजपा में शामिल होने का दावा गलत, वायरल वीडियो पुराना
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि खेसारी लाल यादव के बीजेपी में शामिल होने का दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान का है। जब उन्होंने एकनाथ शिंदे की शिवसेना और बीजेपी के लिए प्रचार किया था। रिपोर्ट लिखे जाने तक खेसारी लाल यादव बीजेपी में शामिल नहीं हुए हैं।
- By: Pragya Shukla
- Published: Oct 6, 2025 at 03:47 PM
- Updated: Oct 6, 2025 at 06:05 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार में जल्द विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया पर भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वो भगवा रंग का गमछा गर्दन में लपेटे हुए एक जीप से प्रचार करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि खेसारी लाल यादव भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए हैं। ये वीडियो उसी के बाद का है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र चुनाव के दौरान का है। जब उन्होंने एकनाथ शिंदे की शिवसेना और बीजेपी के लिए प्रचार किया था। रिपोर्ट लिखे जाने तक खेसारी लाल यादव बीजेपी में शामिल नहीं हुए हैं ।
क्या हो रहा है वायरल?
इंस्टाग्राम यूजर ghanshyampassportpatna ने 2 अक्टूबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर किया था। वीडियो पर लिखा है, “खेसारी BJP Join कर लिया अब RJD वाले प्याज छिलो।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो khesari_yadav_fanclub नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वीडियो को 24 दिसंबर 2024 को शेयर किया गया था। ऐसे में साफ होता है कि वीडियो का बिहार चुनाव से कोई संबंध नहीं है और यह वीडियो पुराना है।

वीडियो को गौर से देखने पर हमने पाया कि जीप पर शिवसेना का चुनावी चिह्न छपा हुआ है और मराठी भाषा में कार्यक्रम के बारे में लिखा गया है। साथ ही संजय निरुपम का नाम लिखा हुआ है। प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो का लंबा वर्जन Slumdog Entertainment और Inam Khan के यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 18 नवंबर 2024 को शेयर किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो महाराष्ट्र चुनाव के दौरान का है।
जांच के दौरान हमें वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट in24news के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिली। वीडियो रिपोर्ट को 18 नवंबर 2024 को अपलोड किया गया था। मौजूद जानकारी के मुताबिक, संजय निरुपम ने एकनाथ शिंदे की शिवसेना की ओर से दिंडोशी सीट से चुनाव लड़ा था। खेसारी लाल यादव ने महाराष्ट्र में उनके लिए प्रचार किया था।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने खेसारी लाल के बीजेपी में शामिल होने के बारे में गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट एनडीटीवी की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 3 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ने को लेकर खेसारी लाल यादव का कहना था कि फिलहाल राजनीति में नहीं हैं।
न्यूज 18 की वेबसाइट पर 3 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने अपनी पत्नी चंदा देवी को राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से मांझी विधानसभा सीट पर उतारने का ऐलान कर दिया है।”
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण पटना के ब्यूरो चीफ अरुण अशेष से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वीडियो पुराना है। खेसारी लाल यादव ने अभी तक बीजेपी ज्वाइन नहीं की है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को 65 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि खेसारी लाल यादव के बीजेपी में शामिल होने का दावा गलत है। असल में वायरल वीडियो हाल-फिलहाल का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान का है। जब उन्होंने एकनाथ शिंदे की शिवसेना और बीजेपी के लिए प्रचार किया था। रिपोर्ट लिखे जाने तक खेसारी लाल यादव बीजेपी में शामिल नहीं हुए हैं।
- Claim Review : खेसारी लाल यादव के बीजेपी के साथ जुड़ने का वीडियो।
- Claimed By : Inst user ghanshyampassportpatna
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












