Fact Check: पुलिस लाठीचार्ज के दौरान रोती हुई महिला का वीडियो आरजेडी प्रवक्ता कंचना यादव का बताकर वायरल
विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि लाठीचार्ज में रोती महिला का वायरल वीडियो आरजेडी प्रवक्ता कंचना यादव का नहीं है। वीडियो मद्दुर निवासी ज्योति का है। यह वीडियो सितंबर 2025 को मद्दुर में गणेश विसर्जन जुलूस पर कथित पथराव की घटना के बाद आयोजित एक विरोध रैली के दौरान हुए लाठीचार्ज का है। जिसे बिहार की घटना बताकर कंचना यादव के नाम से गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- By: Jyoti Kumari
- Published: Sep 25, 2025 at 03:36 PM
- Updated: Sep 25, 2025 at 05:48 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर पुलिस लाठीचार्ज का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लाठीचार्ज के दौरान एक महिला को जोर-जोर से रोते हुए देखा जा सकता है। अब कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि वायरल वीडियो में रोती महिला राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की प्रवक्ता कंचना यादव हैं।
विश्वास न्यूज ने जांच में वायरल दावे को फर्जी पाया। वीडियो में नजर आ रही महिला आरजेडी प्रवक्ता कंचना यादव नहीं हैं। वीडियो कर्नाटक के मद्दुर में गणेश विसर्जन के दौरान हुए पथराव के बाद पुलिस लाठीचार्ज का है। वीडियो में दिख रही महिला मद्दुर निवासी ज्योति हैं। वीडियो का बिहार से और आरजेडी प्रवक्ता कंचना यादव से कोई संबंध नहीं है। वीडियो को गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘न्यूज नाइंटी टू’ ने (आर्काइव लिंक) 23 सितंबर 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “पुलिस ने RJD की प्रवक्ता कंचना यादव पर चलाई लाठी ये वायरल वीडियो विहार की बताई जा रही है।”

पड़ताल
वीडियो की पड़ताल के लिए सबसे पहले हमने वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। सर्च करने पर हमें वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट Dainik Jagran – दैनिक जागरण के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। 8 सितंबर 2025 को अपलोड वीडियो में दी गई जानकारी के अनुसार,” वीडियो कर्नाटक के मांड्या का है। जहां गणेश विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच हुई झड़प के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। जानकारी के अनुसार, मौके पर पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा था। इस दौरान कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए।” यहां कहीं भी यह नहीं बताया गया कि वीडियो में दिख रही महिला कंचना यादव हैं।
हमें kannada.news18.com की वेबसाइट पर वीडियो से जुड़ी खबर मिली। 11 सितंबर 2025 को प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया,” मद्दुर में गणेशोत्सव के दौरान एक मस्जिद के पास से गुज़र रहे जुलूस पर उपद्रवियों ने पथराव किया था। इसके बाद मद्दुर में हिंदूवादी संगठनों, जनता, भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान ज्योति नाम की एक महिला ने ध्यान खींचा। पुलिस ने प्रदर्शन में शामिल ज्योति पर लाठीचार्ज किया। इस दौरान ज्योति सड़क पर बैठकर दर्द से तड़प रही थी। ज्योति ने गुस्से में कहा था कि वह लाठीचार्ज करने वाले पुलिस वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएगी। अब लाठीचार्ज की शिकार ज्योति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है!”
वायरल वीडियो से जुड़ी वीडियो रिपोर्ट हमें Trivarna News नाम के यूट्यूब चैनल पर मिली। 9 सितंबर 2025 को अपलोड वीडियो में लाठीचार्ज के दौरान रोती महिला का नाम ज्योति बताया गया है। वीडियो को मांड्या ज़िले के मद्दुर में गणेश चतुर्थी विसर्जन जुलूस के दौरान का बताया गया है।
वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें।
वायरल वीडियो की पुष्टि के लिए हमने आरजेडी प्रवक्ता कंचना यादव से संपर्क किया। उन्होंने जवाब में बताया, “वीडियो में दिख रही महिला मैं नहीं हूँ। वीडियो कर्नाटक कि किसी अन्य महिला का है। वीडियो को मेरे नाम से गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।”
अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। पता चला यूजर को 19 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि लाठीचार्ज में रोती महिला का वायरल वीडियो आरजेडी प्रवक्ता कंचना यादव का नहीं है। वीडियो मद्दुर निवासी ज्योति का है। यह वीडियो सितंबर 2025 को मद्दुर में गणेश विसर्जन जुलूस पर कथित पथराव की घटना के बाद आयोजित एक विरोध रैली के दौरान हुए लाठीचार्ज का है। जिसे बिहार की घटना बताकर कंचना यादव के नाम से गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : वीडियो में रोती महिला आरजेडी की प्रवक्ता कंचना यादव हैं।
- Claimed By : फेसबुक यूजर -न्यूज नाइंटी टू
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












