X
X

Fact Check: नीतीश कुमार की मौजूदगी में नहीं लगा ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा, वायरल दावा फेक और वीडियो एडिटेड है

बिहार के सासाराम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरकारी योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया था और इस दौरान उनके साथ उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे। इसी कार्यक्रम के वीडियो को एडिट कर उसमें 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा जोड़ दिया गया है।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: Oct 10, 2025 at 10:54 AM
  • Updated: Oct 10, 2025 at 11:32 AM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बिहार चुनाव के तारीखों की घोषणा हो चुकी है और इसी संदर्भ में राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे मंचासीन नजर आ रहे हैं और इसके बैकग्राउंड में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ की कथित नारेबाजी हो रही है। दावा किया जा रहा है कि नीतीश कुमार और सम्राट चौधरी जब एक कार्यक्रम के दौरान मंच साझा कर रहे थे, तब वहां उनके विरोध में इस तरह की नारेबाजी हुई।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत और वीडियो को ए़डिटेड पाया। बिहार के सासाराम में हुई रैली के ऑरिजिनल वीडियो में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे को एडिटिंग की मदद से जोड़ दिया गया है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘बिस्फी न्यूज़ 24/7’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “सम्राट-नीतीश मंच पर फिर लग गया, वोट चोर गद्दी छोड़ का नारा

नीतीश कुमार ने सर किया नीचे।”

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें कई यू-ट्यूब चैनल पर ऑरिजिनल वीडियो मिला। द इंडियन क्लब लाइव नाम के यू-ट्यूब चैनल पर दो हफ्ते पहले अपलोड किए हुए वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार ने बिहार के सासाराम में करीब 921 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया था। इस दौरान उन्होंने एक कार्यक्रम को भी संबोधित किया था।

एक अन्य यू-ट्यूब चैनल पर हमें यह वीडियो समान संदर्भ में मिला।

हालांकि, किसी भी वीडियो में हमें इस कार्यक्रम के दौरान ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ की नारेबाजी सुनाई नहीं दी। जनता जल यूनाइटेड (जेडी-यू) ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से सासाराम की इस रैली की तस्वीरों को शेयर किया है।

फर्स्टबिहार.कॉम की 24 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, “सासाराम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 931 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। सीएम ने विकास कार्यों की जानकारी दी और लालू परिवार पर भी साधा निशाना।”

सर्च में एक यू-ट्यूब चैनल पर ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान का वीडियो मिला, जिसमें हो रही नारेबाजी का ऑडियो वायरल वीडियो में सुनने में आ रहे ऑडियो से मेल खाता है।

साफ है कि इस वीडियो के ऑडियो को एडिटिंग की मदद से नीतीश कुमार के रैली वाले वीडियो में जोड़ दिया गया है। वायरल वीडियो को लेकर हमने दैनिक जागरण, पटना के स्थानीय संपादक अश्विनी सिंह से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि ऐसी कोई घटना सासाराम की रैली में नहीं हुई थी।

गौरतलब है कि चुनाव आयोग बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर चुका है। बिहार में इस बार दो चरणों में छह और 11 नवंबर को चुनाव होंगे और इसके नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।

https://twitter.com/ECISVEEP/status/1975584396733522093

वायरल वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब चार हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं। चुनाव से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को विश्वास न्यूज के चुनाव और पॉलिटिक्स सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: बिहार के सासाराम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सरकारी योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया था और इस दौरान उनके साथ उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे। इसी कार्यक्रम के वीडियो को एडिट कर उसमें ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा जोड़ दिया गया है।

  • Claim Review : नीतीश कुमार की रैली में लगा 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा।
  • Claimed By : FB User-बिस्फी न्यूज़ 24/7
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later