Fact Check : IPL फाइनल से जोड़कर वायरल किया जा रहा फर्जी रिचार्ज ऑफर का दावा
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि फ्री रिचार्ज के दावे के साथ वायरल हो रही पोस्ट फर्जी है। फ्री रिचार्ज के नाम से फर्जी वेबसाइट का लिंक वायरल हो रहा है।
- By: Pallavi Mishra
- Published: Jun 4, 2025 at 03:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि आईपीएल में RCB की जीत की ख़ुशी में तीन महीने का रिचार्ज फ्री दिया जा रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि यूजर की प्रोफाइल के बायो में मौजूद लिंक पर क्लिक कर किसी भी कंपनी का सिम रिचार्ज किया जा सकता है।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। फ्री रिचार्ज के नाम से वायरल हो रहा लिंक फर्जी है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि यूजर के निजी डेटा को चोरी करने के मकसद से इस तरह की फर्जी वेबसाइट चलाई जा रही है और उसे गलत जानकारी के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
इंस्टाग्राम यूजर yojana_news99 ने 3 जून 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “Rcb के मैच जीतने की खुशी में 3 महीने का फ्री रिचार्ज।” वीडियो में व्यक्ति कह रहा है कि यूजर की प्रोफाइल के बायो में मौजूद लिंक पर क्लिक कर किसी भी कंपनी का सिम रिचार्ज किया जा सकता है।
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
पड़ताल शुरू करते हुए हमने सबसे पहले पोस्ट में बताये गए फ़ोन ऑपरेटर्स की वेबसाइट्स और सोशल मीडिया को खंगाला। हमें कहीं भी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली, जिसमें आईपीएल को लेकर कोई फ्री रिचार्ज दिए जाने की बात कही गई हो।
इसके बाद हमने सेफ्टी टूल्स की मदद से प्रोफाइल में मौजूद लिंक पर क्लिक किया। हमें लिंक oneyojana dot com नाम की वेबसाइट की एक रिपोर्ट पर ले गया। रिपोर्ट में रिचार्ज के कुछ तरीकों के बारे में बताया गया है। साथ ही रिपोर्ट के बीच में लिखा है, लिंक पर क्लिक कर रिचार्ज करें। हमने अंग्रेजी के 6 अल्फाबेट डाले और सबमिट किया। मैसेज आया कि रिचार्ज हो गया है। साफ़ है कि यह फर्जी स्कीम है, वरना अंग्रेजी के 6 अल्फाबेट डालने पर रिचार्ज होने का कन्फर्मेशन नहीं आता।

हमने इस विषय में पुष्टि के लिए साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट और राजस्थान सरकार की लोक शिकायत समिति के पूर्व आईटी कंसल्टेंट आयुष भारद्वाज को भेजा। उन्होंने इस लिंक की जांच की और बताया कि यह एक क्लिकबेट लिंक है और इस पर अपनी निजी जानकारी शेयर करने से इसके चोरी होने का खतरा रहता है। इस तरह के क्लिकबेट से मैलवेयर आपके मोबाइल तक पहुंच जाता है और उसका कंट्रोल हासिल किया जा सकता है। निजी जानकारी चुराकर डीप वेब पर बेची जा सकती है। आपके ई-वॉलेट को हैक करने से आपको आर्थिक नुकसान भी हो सकता है।”
अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर yojana_news99
को 1.5 लाख लोग फॉलो करते हैं। यूजर की प्रोफाइल पर इसी तरह के कई फर्जी पोस्ट्स शेयर किये गये हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि फ्री रिचार्ज के दावे के साथ वायरल हो रही पोस्ट फर्जी है। फ्री रिचार्ज के नाम से फर्जी वेबसाइट का लिंक वायरल हो रहा है।
- Claim Review : Rcb के मैच जीतने की खुशी में 3 महीने का फ्री रिचार्ज।
- Claimed By : Instagram User yojana_news99
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












