X
X

Fact Check : जियो हॉटस्टार का फ्री सब्सक्रिप्शन पाने की ट्रिक बताता यह वीडियो फर्जी, ना करें भरोसा

जियो हॉटस्टार का फ्री सब्सक्रिप्शन पाने की ट्रिक बताने वाला वीडियो फर्जी है। वीडियो में बताई जा रही ट्रिक और वेबसाइट जियो हॉटस्टार की नहीं है। निजी जानकारी चुराने और यूजर्स के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से फर्जी लिंक को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Mar 21, 2025 at 05:06 PM
  • Updated: Mar 21, 2025 at 05:09 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इंडियन प्रीमियर लीग जल्द शुरू होने वाला है। ऐसे में इसी से जोड़ते हुए एक दावा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल एक वीडियो को शेयर कर जियो हॉटस्टार के सब्सक्रिप्शन को फ्री में पाने की ट्रिक बताई जा रही है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पोस्ट में बताये गये लिंक पर क्लिक कर कुछ जानकारियां देने के बाद तीन महीने के लिए जियो हॉटस्टार के सब्सक्रिप्शन को फ्री में पाया जा सकता है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो में बताई जा रही ट्रिक और वेबसाइट जियो हॉटस्टार की नहीं है। निजी जानकारी चुराने और यूजर्स के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से फर्जी लिंक को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, किसी भी लालच में आकर अनजान लिंक पर क्लिक करना आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर ने 20 मार्च 2025 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “फ्री में IPL देखों।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने हॉटस्टार की आधिकारिक वेबसाइट पर सब्सक्रिप्शन के बारे में खंगालना शुरू किया। वेबसाइट के जरिए हेल्प डॉट हॉटस्टार की आधिकारक वेबसाइट पर पहुंचे। यहां पर जियो हॉटस्टार के सभी सब्सक्रिप्शन प्लान के बारे में बताया गया है। सभी प्लान पेड हैं यानी इन्हें पाने के लिए यूजर्स को पैसे देने होंगे। वेबसाइट पर हमें इन प्लान को फ्री में पाने का जिक्र नहीं मिला।

हमने जियो हॉटस्टार के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाला। हमें वहां पर भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने वीडियो को गौर से देखा। वीडियो में बताया गया है कि बायो में दिये गये लिंक पर क्लिक कर फ्री सब्सक्रिप्शन पाया जा सकता है। हमने बायो में मौजूद लिंक पर क्लिक किया। हमारे सामने गो डॉट रोजगारतक डॉट इन नामक एक वेबसाइट खुलकर सामने आ गई। इसके बाद हमारे सामने इंस्टा पासवर्ड, कॉल डिटेल्स, और जियो हॉट स्टार जैसे कई ऑप्शन खुलकर सामने आ गये। जैसे कि वीडियो में बताया गया था। हमने जियो हॉट स्टार पर क्लिक किया।

इसके बाद उसी वेबसाइट पर मौजूद एक अन्य पेज पर रीडायरेक्ट कर दिया जाता है। जहां पर हम से कुछ निजी जानकारियां मांगी जाती हैं। जब हमने जानकारियों को भरकर सबमिट पर क्लिक किया।

हमें फ्री सब्सक्रिप्शन प्लान तो नहीं मिला, बल्कि हमें एक अन्य वेबसाइट मैक्सजानकारी डॉट कॉम पर रिटायरेक्ट कर दिया गया। इस वेबसाइट का यूआरएल मैक्सजानकारी डॉट कॉम था। यहां पर बताया गया था कि किस तरह से फ्री रिचार्ज को पाया जा सकता है। यहां पर भी फ्री रिचार्ज पाने के लिए यूजर्स से उनकी निजी जानकारी मांगी गई थी।  

गौर करने वाली बात यह है कि हॉटस्टार की आधिकारिक वेबसाइट का यूआरएल हॉटस्टार डॉट कॉम है। वहीं,  वीडियो में बताई गई वेबसाइट का यूआरएल  गो डॉट रोजगारतक डॉट है। जबकि दूसरी वेबसाइट का यूआरएल मैक्सजानकारी डॉट कॉम है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने साइबर एक्सपर्ट एवं सेंटर फॉर रिसर्च ऑन साइबर क्राइम एंड साइबर लॉ के चेयरमैन अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि जब इस तरह के इवेंट होते हैं। हैकर्स अक्सर नकली वेबसाइट बनाकर या फिर फ्री सब्सक्रिप्शन का लालच देकर यूजर्स का डेटा चोरी करने का प्रयास करते हैं,  ताकि वो इसके जरिए उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचा सके। ऐसे में लालच में आकर किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक कर अपनी निजी जानकारी नहीं शेयर करनी चाहिये।

अंत में वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को दो लाख से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि जियो हॉटस्टार का फ्री सब्सक्रिप्शन पाने की ट्रिक बताने वाला वीडियो फर्जी है। वीडियो में बताई जा रही ट्रिक और वेबसाइट जियो हॉटस्टार की नहीं है। निजी जानकारी चुराने और यूजर्स के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से फर्जी लिंक को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, किसी भी लालच में आकर अनजान लिंक पर क्लिक करना आर्थिक नुकसान पहुंचा सकता है। 

  • Claim Review : जियो हॉटस्टार का फ्री सब्सक्रिप्शन पाने का तरीका।
  • Claimed By : FB User offer_wall27
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later