X
X

Fact Check: वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुफ्त यात्रा योजना जैसी केंद्र सरकार की कोई स्कीम नहीं है, वायरल दावा फर्जी

मुफ्त यात्रा योजना को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। भारत सरकार की तरफ से इस तरह की कोई योजना नहीं शुरू की गई है। फर्जी पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: May 29, 2025 at 06:09 PM
  • Updated: May 29, 2025 at 06:13 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि भारत सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुफ्त यात्रा योजना की शुरुआत की है। इस योजना के तहत 15 जून 2025 से 60 साल या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक मुफ्त में कहीं भी यात्रा कर सकते हैं। उनके लिए ट्रेन, घरेलू उड़ानें, सरकारी बसों और मेट्रो फ्री होंगी। टिकट को ऑनलाइन सरकारी पोर्टल, स्टेशनों/टर्मिनलों के काउंटर या फिर सीनियर ट्रैवलिंग ऐप के जरिए बुक किया जा सकता है। यात्रा के दौरान आयु की पुष्टि के लिए आधार, मतदाता पहचान पत्र और पासपोर्ट दिखाना होगा।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। भारत सरकार की तरफ से इस तरह की कोई योजना नहीं शुरू की गई है। फर्जी पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘अंकुर वर्मा (पटेल साहेब)’ ने 28 मई 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर किया है। यूजर ने लिखा है, “भारत सरकार ने 15 जून, 2025 से वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुफ़्त यात्रा योजना की घोषणा की है । इस योजना में ट्रेन, घरेलू उड़ानों, सरकारी बसों और मेट्रो में मुफ़्त यात्रा शामिल है। 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक इस पहल के लिए पात्र होंगे। यहाँ अधिक विस्तृत विवरण दिया गया है: पात्रता: 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के भारतीय नागरिक इसके पात्र हैं। यात्रा के साधन: इस योजना में रेलगाड़ियां, घरेलू उड़ानें, सरकारी बसें और मेट्रो शामिल हैं। कोई सीमा नहीं: किसी वरिष्ठ नागरिक द्वारा की जाने वाली मुफ्त यात्राओं की संख्या पर कोई सीमा नहीं है। बुकिंग: टिकट ऑनलाइन सरकारी पोर्टल, स्टेशनों/टर्मिनलों पर समर्पित काउंटरों या आगामी सीनियर ट्रैवल ऐप के माध्यम से बुक किए जा सकते हैं। पहचान: यात्रा के दौरान आयु की पुष्टि करने वाला कोई भी सरकारी फोटो पहचान पत्र (जैसे, आधार, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट) आवश्यक है।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली। 

हमने भारत सरकार की वेबसाइट माय स्कीम, राष्ट्रीय पोर्टल और वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी योजनाओं को देखने वाले मंत्रालय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की वेबसाइट पर जाकर भी सर्च किया। हमें यहां पर भी दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।

हमने भारतीय रेल और एयर इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर भी जाकर इस बारे में सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली। हालांकि, रेलवे वरिष्ठ नागरिकों को किराये में कुछ छूट देता था। लेकिन इसे 20 मार्च 2020 को बंद कर दिया गया था। उसके बाद से लेकर अभी तक इसका संचालन फिर शुरू नहीं किया गया है। हमने इसे लेकर एक फैक्ट चेक भी किया था, जिसे आप यहां पर पढ़ सकते हैं।

पड़ताल के दौरान हमने पाया कि आंध्र प्रदेश और कर्नाटक सरकार कई ऐसी योजनाएं चलाती  हैं, जिनमें वरिष्ठ नागरिकों को बस से यात्रा करने पर छूट दी जाती है। इसी तरह हरियाणा और राजस्थान भी वरिष्ठ नागरिकों को बस के किराये में छूट देती है, लेकिन वो फ्री नहीं है। हालांकि, कई राज्यों में औरतों के लिए बसें फ्री है, लेकिन इसका उनकी आयु से कोई संबंध नहीं है। इसी तरह तीर्थ यात्रा करने के लिए कई राज्य सरकार स्कीम चलाती हैं, जिसके तहत वो मुफ्त में यात्रा करवाते हैं।

अधिक जानकारी के लिए हमने नॉर्दर्न रेलवे के पीआरओ अमित मालवीय से संपर्क किया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के मुफ्त में यात्रा करने जैसी किसी भी सूचना से इनकार किया। 

हमने दिल्ली डीटीसी पीआरओ नवीन चौधरी से इस पोस्ट को लेकर बातचीत की। उन्होंने भी हमें यही बताया कि अभी तक उनके पास इस तरह की कोई सूचना नहीं आई है कि सरकार की तरफ से वरिष्ठ नागरिकों के लिए बसें फ्री कर दी गई हैं। 

हमने डीएमआरसी के पीआरओ हिमांशु कुमार से बातचीत की। उन्होंने भी दावे का खंडन किया और कहा कि अभी तक सरकार की ओर से ऐसी कोई  भी सूचना नहीं है।

अंत में हमने फर्जी पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 13 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को उत्तर प्रदेश का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मुफ्त यात्रा योजना को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। भारत सरकार की तरफ से इस तरह की कोई योजना नहीं शुरू की गई है। फर्जी पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। 

  • Claim Review : भारत सरकार की मुफ्त यात्रा योजना के तहत 15 जून से सभी वरिष्ट नागरिकों के लिए यात्रा करना होगा फ्री।
  • Claimed By : FB User अंकुर वर्मा (पटेल साहेब)
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later