Fact Check: लाड़ली बहना योजना के नाम से वायरल लिंक फर्जी
दावा किया जा रहा है लिंक पर क्लिक कर लाड़ली बहना योजना स्कीम के तहत 650 रुपये खाते में पाये जा सकते हैं।
- By: Pragya Shukla
- Published: Dec 28, 2024 at 03:57 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लाड़ली बहना योजना के नाम से सोशल मीडिया पर एक लिंक तेजी से वायरल हो रहा है। लिंक को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि इस पर क्लिक कर 650 रुपये पाए जा सकते हैं। पैसे सीधे खाते में ट्रांसफर होंगे।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल लिंक फर्जी है। लोगों के साथ धोखाधड़ी करने और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए इस वेबसाइट के लिंक को शेयर किया जा रहा है। यह असली लाड़ली बहना योजना की वेबसाइट का लिंक नहीं है। फर्जी लिंक को धोखाधड़ी करने के मकसद से शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘क्लेम योर गिफ्ट’ ने 21 दिसंबर 2024 को वायरल पोस्ट को शेयर किया है। पोस्ट पर लिखा हुआ है, “जल्दी से लिंक पर क्लिक करे और अपने खाते में ले। योजना के तहत आपको मिलता है 650/- तक की राशि।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने पोस्ट में मौजूद यूआरएल को गौर से देखा। हमने पाया कि पोस्ट में मौजूद यूआरएल गैजेट स्फीयर डॉट इन है, जबकि भारत सरकार के यूआरएल में गवर्नमेंट डॉट इन होता है। जब हमने असली वेबसाइट के बारे में सर्च किया तो हमने पाया कि उसका यूआरएल सीएम लाड़ली बहन डॉट एमपी डॉट गवर्नमेंट डॉट इन है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने सेफ्टी टूल्स की मदद से यूआरएल पर क्लिक किया। हमने पाया कि वेबसाइट पर ऊपर की तरफ लाड़ली बहन योजना से जुड़ी एक फोटो लगी हुई है। जबकि नीचे की तरफ लिंक पर क्लिक करने के लिए कहा जा रहा है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि लिंक पर क्लिक करते ही खाते में 1500 रुपये आ जाएगें। लिंक पर क्लिक करने पर हमें हमारे सिस्टम ने चेतावनी दी और इसे खतरनाक बताया।
अधिक जानकारी के लिए हमने साइबर एक्सपर्ट अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि हैकर्स लोगों को यकीन दिलाने के लिए प्रॉक्सी वेबसाइट्स का इस्तेमाल करते हैं। इस तरह का यूआरएल बनाते हैं, ताकि लोगों को यकीन आ सके कि यह असली वेबसाइट है और यूजर्स इस पर आसानी से क्लिक कर सके। ऐसे में लोगों के साथ धोखाधड़ी करना आसान हो जाता है। लेकिन हमें बिना जांचे इस तरह से किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए।
गौरतलब है कि लाड़ली बहन योजना मध्य प्रदेश सरकार की ओर से राज्य के लोगों के लिए चलाई जा रही है। महाराष्ट्र में भी राज्य सरकार इस तरह की एक योजना चला रही है, जिसका नाम लड़की बहिन योजना है।
अंत में हमने गलत दावे को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर इसी तरह के फेक पोस्ट को शेयर करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि लाड़ली बहना योजना के नाम से वायरल लिंक फर्जी है। लोगों के साथ धोखाधड़ी करने और उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाने के लिए इस वेबसाइट के लिंक को शेयर किया जा रहा है। यह असली लाड़ली बहना योजना की वेबसाइट का लिंक नहीं है। फर्जी लिंक को धोखाधड़ी करने के मकसद से शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : लिंक पर क्लिक कर लाड़ली बहना योजना स्कीम के तहत 650 रुपये खाते में पाये जा सकते हैं।
- Claimed By : Claim your gift
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












