Fact Check: लड़की बन परीक्षा देने की कोशिश में पकड़े गए युवक की घटना पिछले साल की, भ्रामक दावे से वायरल
पंजाब के फरीदकोट में पिछले साल जनवरी महीने में बिंदी और लिपस्टिक लगाकर परीक्षा देने पहुंचे युवा के पकड़े जाने की घटना सामने आई थी। इसी पुरानी घटना की तस्वीर को हालिया संदर्भ में भ्रामक दावे से वायरल किया जा रहा है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Jan 7, 2025 at 02:45 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। बीपीएससी परीक्षा को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक इन्फोग्राफिक्स को शेयर किया जा रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि बिंदी और लिपस्टिक लगाकर एक प्रेमी अपनी प्रेमिका की जगह परीक्षा देने पहुंचा, लेकिन वह अपनी कोशिश में कामयाब नहीं हुआ और उसे पकड़ लिया गया। इन्फोग्राफिक्स को जिस तरह से शेयर किया जा रहा है, उससे यह प्रतीत हो रहा है कि यह हाल की घटना है।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। संबंधित घटना हाल की नहीं, बल्कि एक साल पुरानी है, जब पंजाब के फरीदकोट में एक परीक्षा में एक लड़की की जगह सजधज कर परीक्षा देने पहुंचा था, लेकिन बायोमीट्रिक की वजह से उसे पकड़ लिया गया। इसी पुरानी घटना की तस्वीर को हालिया संदर्भ में भ्रामक दावे से शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Jitender Bishnoi Jitu’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर किया है।

कई अन्य यूजर्स ने इस तस्वीर को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
वायरल पोस्ट में किए गए दावे की पड़ताल के लिए इसमें नजर आ रही तस्वीर को हमने रिवर्स इमेज सर्च किया और हमें यह तस्वीर कई पुरानी रिपोर्ट्स में लगी मिली।
लाइव हिंदुस्तान.कॉम की 15 जनवरी 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, “पंजाब के फरीदकोट में एक परीक्षा में लड़की की जगह एक लड़का सजधजकर परीक्षा देने पहुंच गया। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बायोमीट्रिक की बदौलत उसे पकड़ लिया।”
कई अन्य रिपोर्ट्स में भी इसका जिक्र है।
वनइंडिया हिंदी के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर 15 जनवरी 2024 को अपलोड किए गए वीडियो बुलेटिन के मुताबिक, “आपने अक्सर पेपर में नकल कराने के तरीके तो बहुत सुने होंगे, लेकिन फर्जी तरीके से पेपर दिलाने का ये मामला आपके होश फाख्ता कर देगा, क्योंकि यहां मामला नकल का नहीं, बल्कि वेश (Faridkot) बदलकर धोखा देकर (boy give paper posing fake girl) पेपर करना है। नहीं समझ आया। ये मामला है पंजाब का, जहां एक लड़का शादी के जोड़े में दुल्हन की ड्रेस पहनकर पेपर देने पहुंच गया। पेपर देते समय वो पकड़ा गया और उसको पुलिस के (Police arrest fake girl) हवाले कर दिया गया।”
हमारी जांच से स्पष्ट है कि यह मामला हाल का नहीं, बल्कि एक साल पुरानी घटना से संबंधित है। पोस्ट को लेकर हमने हमारे सहयोगी पंजाबी जागरण के फरीदकोट के जिला प्रभारी हरप्रीत चन्ना से संपर्क किया और उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “यह फरीदकोट में हुई पुरानी घटना से संबंधित है।”
वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर ने फेसबुक पर खुद को डिजिटल क्रिएटर बताया है।
निष्कर्ष: पंजाब के फरीदकोट में पिछले साल जनवरी महीने में बिंदी और लिपस्टिक लगाकर परीक्षा देने पहुंचे युवा के पकड़े जाने की घटना सामने आई थी। इसी पुरानी घटना की तस्वीर को हालिया संदर्भ में भ्रामक दावे से वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : https://www.facebook.com/jitenderbishnoi.jitu/posts/pfbid022XBhyywEgt1FtSEevyLGMjJrNN3HkZBbAZ8m6JcSRiSTsDK5ZEfxfjy7EJZvkoArl
- Claimed By : FB User-Jitender Bishnoi Jitu
- Fact Check : भ्रामक
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












