Fact Check: महाकुंभ भगदड़ के बारे में धीरेंद्र शास्त्री की भविष्यवाणी का दावा फेक, वायरल पर्चा AI क्रिएटेड है
प्रयागराज महाकुंभ में हुई भगदड़ के बारे में धीरेंद्र शास्त्री की भविष्यवाणी का दावा फेक है और इस दावे से वायरल हो रही पर्चा या चिट्ठी की तस्वीर वास्तविक नहीं, बल्कि एआई क्रिएटेड है।
- By: Abhishek Parashar
- Published: Feb 5, 2025 at 05:00 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। प्रयागराज महाकुंभ में हुई भगदड़ को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में एक चिट्ठी की प्रति को शेयर किया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि धीरेंद्र शास्त्री (बागेश्वर धाम सरकार) ने पहले ही भगद़ड़ की भविष्यवाणी करते हुए पर्ची लिख दी थी।
विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल पोस्ट में भगदड़ की भविष्यवाणी के दावे से नजर आ रही पर्ची या चिट्ठी वास्तविक नहीं, बल्कि एआई क्रिएटेड है। साथ ही धीरेंद्र शास्त्री ने भी ऐसी कोई भविष्यवाणी नहीं की थी।
क्या है वायरल?
सोशल मीडिया यूजर ‘Vipin Kumar Pàl’ ने वायरल पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “मुझे यह पेज घाट से मिला है, जिसमे कल शाम को ही पं.धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जी ने अपने त्रिनेत्र से देख कर रात में हुई घटना के बारे में पहले से लिख लिया था। लेकिन स्नान करते समय वह गीला हो गया था इसलिए वो प्रशासन को दे नहीं पाये थे ।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर कई अन्य यूजर्स ने इस पोस्ट को समान दावे के साथ शेयर किया है।
पड़ताल
न्यूज सर्च में हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें महाकुंभ में भगदड़ को लेकर धीरेंद्र शास्त्री के नाम से किसी भविष्यवाणी का जिक्र हो।
वायरल पोस्ट में नजर आ रही पर्ची की तस्वीर की प्रमाणिकता को चेक करने के लिए हमने एआई डिटेक्शन टूल की मदद ली। हाइव मॉडरेशन टूल की एनालिसिस में इस तस्वीर के एआई से बने होने की संभावना 100 फीसदी है। टूल की एनालिसिस रिपोर्ट के मुताबिक, इस तस्वीर को स्टेबल डिफ्यूजन की मदद से क्रिएट किए जाने की संभावना सर्वाधिक है।

स्टेबल डिफ्यूजन, जेनेरेटिव एआई मॉडल है, जो टेक्स्ट और इमेज प्रॉम्प्ट की मदद से वास्तविक दिखने वाली तस्वीर को क्रिएट करता है।
अन्य टूल की एनालिसिस में भी इस पर्ची की तस्वीर के एआई क्रिएटेड होने की पुष्टि होती है। वायरल दावे को लेकर हमने हमारे सहयोगी दैनिक जागरण के प्रयागराज के प्रभारी राकेश पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने वायरल पोस्ट में किए गए दावे को फेक बताया।
वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर छह सौ से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
इंडियन एक्सप्रेस की 30 जनवरी की रिपोर्ट के मुताबिक, महाकुंभ में हुई भगदड़ में 30 लोगों की मौत हो गई और 60 लोग घायल हुए। इस भगदड़ की जांच के लिए तीन सदस्यीय आयोग का गठन किया जा चुका है। महाकुंभ से संबंधित अन्य वायरल दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: प्रयागराज महाकुंभ में हुई भगदड़ के बारे में धीरेंद्र शास्त्री की भविष्यवाणी का दावा फेक है और इस दावे से वायरल पर्चा या चिट्ठी की तस्वीर वास्तविक नहीं, बल्कि एआई क्रिएटेड है।
- Claim Review : धीरेंद्र शास्त्री ने कर दी थी महाकुंभ में भगदड़ की भविष्यवाणी।
- Claimed By : FB User-Vipin Kumar Pàl
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












