Fact Check: महिला के साथ बदसलूकी का यह वीडियो मेक्सिको का है, CJP के प्रदर्शन का नहीं
मेक्सिको में फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जीत के जश्न का वीडियो दिल्ली के CJP के प्रदर्शन का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jul 28, 2026 at 05:48 PM
- Updated: Jul 29, 2026 at 04:44 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) का प्रदर्शन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद समाप्त हो गया था। इससे जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भीड़ में शामिल कुछ लोग नकाब पहने एक युवती से बदसलूकी करते हुए दिख रहे हैं। कुछ यूजर्स इस वीडियो को सीजेपी के प्रदर्शन का बताकर प्रदर्शनकारियों पर सवाल उठा रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल वीडियो मेक्सिको का है। इसका भारत से कोई संबंध नहीं है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘Ajay Rajput’ ने 28 जुलाई 2026 को एक वीडियो शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “दिल्ली जंतर मंतर पर लूटा रही अपनी इज्जत लड़की बात करती थी पेपर लीक होने की।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया तो पता चला कि इंस्टाग्राम यूजर ‘tunseaevents’ ने 5 जुलाई 2026 को इसे फीफा वर्ल्ड कप 2026 के जश्न से जोड़ते हुए शेयर किया था।

‘AlMomento Noticias’ के इंस्टाग्राम अकाउंट से 27 जून 2026 को इस वीडियो को शेयर किया गया था। हालांकि, इसमें कोई जानकारी नहीं दी गई थी।

यूट्यूब चैनल ‘@entertainingfox5006’ ने भी 30 जून 2026 को इस वीडियो को मेक्सिको और फीफा वर्ल्ड कप 2026 से जोड़ते हुए पोस्ट किया था। इसके साथ CDMX का हैशटैग भी दिया गया था।
मेक्सिको सरकार की वेबसाइट के अनुसार, CDMX का मतलब ‘Ciudad de Mexico’ है और यह मेक्सिको की राजधानी है।
सर्च में हमें मेक्सिको के डिजिटल न्यूजपेपर ‘Diario Basta’ के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 25 जून 2026 को पोस्ट की गई एक तस्वीर मिली। जानकारी के अनुसार, “रिफॉर्म के पास मेट्रोबस स्टेशनों को टेप से घेरा जा रहा है। चेक रिपब्लिक के खिलाफ राष्ट्रीय टीम के मैच से पहले, पासेओ डे ला रिफॉर्मा एवेन्यू पर मौजूद बस शेल्टर को सुरक्षित कर दिया गया था। मेट्रो बस सीडीएमक्स के डायरेक्टर जनरल रोसारियो कास्त्रो ने कहा कि इस कदम का मकसद इलाके में जश्न मना रहे फैंस को छतों पर चढ़ने से रोकना था, ताकि एक्सीडेंट से बचा जा सके।”

वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट और इंस्टाग्राम यूजर ‘Diario Basta’ की तस्वीर में समानताएं देखी जा सकती हैं।

‘एसोसिएटेड प्रेस’ के ‘एपी आर्काइव’ के यूट्यूब चैनल पर 30 जून 2026 को एक वीडियो न्यूज अपलोड किया गया था। इसके अनुसार, चेक रिपब्लिक को हराने के बाद 24 जून 2026 को मेक्सिको जश्न में डूब गया। इसमें बस शेल्टर के ऊपर लोगों को कूदते हुए भी देखा जा सकता है।
मेक्सिको के न्यूज पोर्टल ‘oem’ की 24 जून 2026 की रिपोर्ट में भी बस शेल्टर पर चढ़ें लोगों को देखा जा सकता है। इसके अनुसार, मेट्रोबस के कर्मचारियों ने लाइन 7 के पांच स्टेशनों पर घेराबंदी वाली टेप और ‘खतरा, क्षतिग्रस्त ढांचा’ लिखे साइन लगाए हैं। यह यह अपील दक्षिण कोरिया के खिलाफ पिछले मैच के बाद हुए जश्न के बाद की गई है, जिसमें कई प्रशंसकों ने संपत्ति को नुकसान पहुंचाया था।
इससे यह साफ हो गया कि वायरल वीडियो मेक्सिको का है, लेकिन हम इसकी पुष्टि नहीं करते कि यह किस मैच के बाद का है।
क्या है संदर्भ?
नीट और अन्य परीक्षाओं में धांधली को लेकर सीजेपी के बैनर तले 20 जून 2026 से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया गया था। 20 जुलाई को इसके तहत ‘संसद मार्च’ निकाला गया था, जिसमें प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने बल का प्रयोग किया था। इसके बाद देश में कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए थे। 25 जुलाई 2026 को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने और सरकार के साथ वार्ता के बाद सीजेपी ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया था।
इस प्रदर्शन को कवर करने वाले ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर नेमिश हेमंत से हमने संपर्क किया। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो दिल्ली का नहीं है।
मेक्सिको के इस वीडियो को सीजेपी के प्रदर्शन का बताकर शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। उत्तर प्रदेश के बहराइच के रहने वाले इस यूजर के करीब 5,400 फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: मेक्सिको में फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जीत के जश्न का वीडियो दिल्ली के CJP के प्रदर्शन का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : CJP के आंदोलन में प्रदर्शनकारियों ने युवती से की बदसलूकी।
- Claimed By : FB User- Ajay Rajput
- Fact Check : झूठ
- Insta Post of tunseaevents, Dated 5 Jul 2026
- Insta Post of AlMomento Noticias, Dated 27 Jun 2026
- Video of YT entertainingfox5006, Dated 30 Jun 2026
- Mexican Govt. Website CDMX
- Insta Post of Diario Basta, Dated 25 Jun 2026
- Video of AP Archive, 30 Jun 2026
- Report of OEM, Dated 24 Jun 2026
- Report of BBC, Dated 20 Jul 2026
- X Post of ANI, 25 Jul 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












