Fact Check: बांग्लादेश में मुस्लिम की दाढ़ी पकड़कर पिटाई की घटना के वीडियो को भारत का बताकर किया जा रहा शेयर
मुस्लिम व्यक्ति को पीटते शख्स के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो भारत का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है। दरअसल, एक कंप्यूटर दुकान के मालिक पर वहां आए ग्राहक ने हमला कर दिया था। इस वीडियो में नजर पीड़ित और आरोपी दोनों ही मुस्लिम हैंं।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jul 1, 2025 at 02:38 PM
- Updated: Jul 1, 2025 at 03:23 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक मुस्लिम व्यक्ति का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है मुस्लिम व्यक्ति कुर्सी पर बैठा हुआ है और एक शख्स आकर उसकी दाढ़ी नोचना और उसे पीटना शुरू कर देता है। इस वीडियो को भारत में हुई घटना का बताते हुए दावा किया जा रहा है कि एक हिंदू शख्स ने मुस्लिम व्यक्ति को पीटा।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो भारत में हुई घटना का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है। दरअसल, एक कंप्यूटर दुकान के मालिक पर वहां आए ग्राहक ने हमला कर दिया था। घटना में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है, दोनों ही शख्स मुस्लिम हैं। इस वीडियो में नजर पीड़ित और आरोपी दोनों ही मुस्लिम हैंं।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘अजय बौद्ध’ ने 29 जून 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “एक व्यक्ति आया और अचानक से मुस्लिम व्यक्ति की दाढ़ी पकड़ कर मारने लगा! नफरत समाज में किस कदर जहर बन चुकी है वो अब हर कदम पर दिखने लगी है। मुस्लिम पहचान मुसलमानों की प्रताड़ना के लिए काफी है। वो अपनी दाढ़ी टोपी और पहचान की वजह से कभी भी नफरत शिकार हो कर मोब लिंच हो सकता है! सबसे अफसोस कि बात तो ये है कि इस नफरत को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है!”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

अन्य यूजर ने इसी दावे के साथ वीडियो को शेयर किया है।
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने इनविड टूल की मदद से वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट बांग्लादेश की वेबसाइट ‘देश टीवी’ पर मिली। खबर को 25 जून 2025 में बंगाला भाषा में प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, “मामला मानिकगंज जिले के घियोर उपजिला बस स्टैंड क्षेत्र का है। जहां पर कंप्यूटर व्यवसायी अली आजम मानिक पर नसीम भुइयां नाम के एक ग्राहक ने हमला कर दिया था। पीड़ित ने इसकी शिकायत घियोर पुलिस थाने में दर्ज करवाई थी। पीड़ित का कहना था कि वो आजम माणिक घियोर बस स्टैंड पर “माणिक कंप्यूटर” नाम से दुकान चलाते हैं। आरोपी नसीम भुइयां अक्सर अपने कई कामों के लिए दुकान पर आता था और बिना बिल चुकाए ही चला जाता था। जब पीड़ित उससे बिल भरने के लिए कहता था, तो वो उसे धमकाता था और दुकान बंद करवा देने की बात कहता था।’

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पर देखा जा सकता है।
इत्तेफाक डॉट कॉम की वेबसाइट पर 27 जून 2025 को बंगाला भाषा में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, “वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नसीम भुइयां को गिरफ्तार कर लिया था। दरअसल, 23 जून को रात करीब 9 बजे नसीम भुइयां जमीन के कुछ काम करवाने दुकान पर गया तो आजम माणिक ने उसे रुकने को कहा, क्योंकि वह दूसरे ग्राहक का काम कर रहा था। इस पर गुस्साए नसीम ने उसकी दाढ़ी पकड़ ली, उसे गंदी-गंदी गालियां दीं और मारपीट की।”

अधिक जानकारी के लिए बांग्लादेश के यूट्यूब चैनल 21 न्यूज के ओनर मुशिर रहमान से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो बांग्लादेश के मानिकगंज जिले में हुई घटना का है। दोनों ही शख्स मुस्लिम हैं।
अंत में हमने वीडियो को फर्जी दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर अजय बौद्ध के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से प्रेरित पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को करीब चार हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मुस्लिम व्यक्ति को पीटते शख्स के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो भारत का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है। दरअसल, एक कंप्यूटर दुकान के मालिक पर वहां आए ग्राहक ने हमला कर दिया था। इस वीडियो में नजर पीड़ित और आरोपी दोनों ही मुस्लिम हैंं।
- Claim Review : हिंदू शख्स ने मुस्लिम व्यक्ति को पीटा।
- Claimed By : FB User Ajay Bouddh
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












