X
X

Fact Check: अमरनाथ श्रद्धालुओं पर हमले के दावे से वायरल वीडियो, बेंगलुरु में हुए एक हादसे का है

अमरनाथ यात्रा के दौरान बस में आग लगने के नाम पर वायरल किए जा रहे वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो अमरनाथ यात्रा का नहीं, बल्कि बेंगलुरु में हुए एक हादसे का है। इसी हादसे के वीडियो को अब गलत दावे के साथ अमरनाथ यात्रा 2026 का बताकर वायरल किया जा रहा है। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमरनाथ यात्रा शुरु हो चुकी है और सिर्फ तीन ही दिनों में 56 से अधिक लोगों दर्शन कर चुके हैं। इसी तीर्थयात्री से जोड़ते हुए जलती हुई बस का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह बस अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही थी और इस पर ग्रेनेड से हमला हो गया। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। इस वीडियो का अमरनाथ यात्रा से कोई संबंध नहीं है। असल में बस केरल राज्य परिवहन की थी और जब यह बेंगलुरु में ज्ञान भारती मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी थी, तभी इसमें आग लग गई थी। हालांकि, बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। अब इस वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘অবুঝ বালক’ ने 7 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “बीजेपी फिर सुरक्षा देने में नाकाम रही. श्रीनगर में अमरनाथ के यात्रियों को ले जा रही बस पर हैंड ग्रेनेड से हमला किया गया. एक लाख से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात होने के बावजूद, मोदी सरकार और अमित शाह अपनी नाकामी छुपाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि यह न लगे कि वे फेल हो गए हैं।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट ‘Manorama News’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिली। इस वीडियो रिपोर्ट को 4 जुलाई 2026 को शेयर किया गया था। यहां मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो में नजर आ रही बस केरल राज्य परिवहन की थी। बस जब बेंगलुरु में ज्ञान भारती मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई थी।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट केरल की न्यूज वेबसाइट ‘mathrubhumi’ पर भी मिली। इस रिपोर्ट को 3 जुलाई 2026 को प्रकाशित किया गया था। मलयालम भाषा में प्रकाशित इस रिपोर्ट के अनुसार, “बेंगलुरु में KSRTC की बस में आग लग गई थी। यह बस पयन्नूर से बेंगलुरु जा रही थी। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था। यह हादसा केंगेरी ज्ञान भारती मेट्रो स्टेशन के पास हुआ। शुरुआती जांच से पता चलता कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी थी। बस में सिर्फ दो यात्री, कंडक्टर और ड्राइवर ही सवार थे। बस से धुआं निकलते ही सभी लोग बाहर निकल आए थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग लगने से बस का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया। यह घटना सुबह करीब 6:45 बजे हुई और आग बुझाने के लिए केंगेरी से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची थी।”

अन्य न्यूज रिपोर्ट्स को यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।

पड़ताल के दौरान हमें अमरनाथ श्रद्धालुओं पर 2026 में हमला होने की कोई विश्वसनीय न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली। 

अधिक जानकारी के लिए हमने केरल के रिपोर्टर वेणुगोपाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि यह केरल राज्य परिवहन की बस थी और इसमें आग लगने का यह हादसा बेंगलुरु में हुआ था। 

क्या है संदर्भ?

जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई, 2026 से शुरू हुई है और यह 57 दिनों तक चलेगी। रक्षाबंधन के दिन, 28 अगस्त 2026 को इसका समापन होगा। बीते तीन दिनों में 56 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के अंदर शिवलिंग के दर्शन किए हैं। पूरी रिपोर्ट को यहां पर पढ़ा जा सकता है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि इस यूजर ने प्रोफाइल में खुद को कोलकाता का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अमरनाथ यात्रा के दौरान बस में आग लगने के नाम पर वायरल किए जा रहे वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो अमरनाथ यात्रा का नहीं, बल्कि बेंगलुरु में हुए एक हादसे का है। इसी हादसे के वीडियो को अब गलत दावे के साथ अमरनाथ यात्रा 2026 का बताकर वायरल किया जा रहा है। 

  • Claim Review : अमरनाथ श्रद्धालुओं पर हुए हमले का वीडियो।
  • Claimed By : FB User অবুঝ বালক
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later