Fact Check: केरल में रेप करने पर बेटियों ने नहीं काटा पिता का प्राइवेट पार्ट, बांग्लादेश की घटना मनगढ़ंत कहानी के साथ वायरल
शख्स का प्राइवेट पार्ट काटने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो बांग्लादेश में हुई एक घटना का है। पत्नी का आरोप था कि उसने पति के अत्याचारों से परेशान होकर यह कदम उठाया था। इसी घटना के वीडियो को अब मनगढ़ंत कहानी के साथ वायरल किया जा रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jul 7, 2026 at 05:23 PM
- Updated: Jul 8, 2026 at 11:08 AM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 साल की नाबालिग के साथ हुई कथित रेप की घटना के बाद से ही खून से लथपथ एक शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह केरल में हुई एक घटना का है। एक शख्स अपनी तीन बेटियों के साथ अक्सर रेप करता था। इस बार वह अपनी साढ़े छह साल की चौथी बेटी के साथ रेप करने की कोशिश कर रहा था। तभी उसकी तीनों बड़ी बेटियों ने मिलकर उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। असल में प्राइवेट पार्ट काटने की यह घटना बांग्लादेश की है। दरअसल, बांग्लादेश में पति के अत्याचारों से परेशान होकर एक पत्नी ने उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया था। इसी घटना के वीडियो को अब गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘देवेन्द्र कुमार हिन्दू’ ने 4 जुलाई 2026 को वायरल वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन, “वह अपनी 3 बेटियों के साथ अक्सर रेप करता था। इस बार वह अपनी चौथी, 6.5 साल की बेटी के साथ रेप करने की कोशिश कर रहा था – लेकिन उसकी तीनों बड़ी बेटियों ने उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। यह मामला केरल का है, उनका मजहब क्या है, यह अंदाज़ा लगाने के लिए किसी इनाम की ज़रूरत नहीं है कुछ तू*@%#&#-यों को ये पोस्ट बुरा लग सकता है… इसमें वे इंसानियत के नाम पर रेपिस्ट का पक्ष लेने का प्रयास करेंगे।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वीडियो ‘North Bangla News’ नाम के फेसबुक पेज पर मिला। बांग्ला भाषा में मौजूद जानकारी के अनुसार, वीडियो बांग्लादेश के फरीदपुर के भांगा में हुई एक घटना का है। एक पत्नी ने सोते हुए अपने पति का गुप्तांग काट दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट बांग्लादेशी न्यूज वेबसाइट ‘ajker patrika’ पर मिली। इस रिपोर्ट को 29 जून 2026 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, घटना बांग्लादेश के फरीदपुर के भांगा जिले के होगलाडांगी सदरडी गांव की है। घायल व्यक्ति का नाम हनीफ शेख है और आरोपी महिला का नाम सुमैया अख्तर है। महिला हनीफ की दूसरी पत्नी है। दोनों के बीच अक्सर लड़ाइयां होती रहती थीं। फिर एक दिन जब महिला का पति सो रहा था, उसी दौरान महिला ने प्राइवेट पार्ट काट दिया। पड़ोसियों ने शख्स को भांगा उपजिला हेल्थ कॉम्प्लेक्स में एडमिट करवाया, लेकिन हालात गंभीर होने की वजह से घायल व्यक्ति को फरीदपुर के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया था। पड़ोसियों ने आरोपी महिला को पुलिस के हवाले कर दिया था। भांगा पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज (OC) मोहम्मद मिजानुर रहमान ने कहा था, “आपातकालीन नंबर 999 पर सूचना मिलने के बाद हमने महिला को घटनास्थल से अरेस्ट किया है। इस घटना के संबंध में अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है और यदि लिखित शिकायत मिलती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

बांग्लादेशी न्यूज वेबसाइट ‘The Voice 24’ पर 29 अप्रैल 2026 को बांग्ला भाषा में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी महिला का कहना था कि उसका पति उसे बेरहमी से मारता-पीटता था। विरोध करने पर वह अक्सर जलती हुई मच्छर भगाने वाली कॉइल से पत्नी को जला देता था। जब महिला यह सब बर्दाश्त नहीं कर सकी, तो उसने ब्लेड से पति का प्राइवेट पार्ट काटकर अलग कर दिया। महिला ने पति पर एक अन्य महिला के साथ संबंध होने के भी आरोप लगाए। साथ ही, उसका कहना था कि उसके पति ने तीन शादियां की हैं और एक पत्नी ने उसकी वजह से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

अन्य न्यूज रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।
अधिक जानकारी के लिए हमने बांग्लादेशी न्यूज वेबसाइट ‘जागो न्यूज’ के रिपोर्टर शिराजुज्जमान से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो बांग्लादेश में हुई एक घटना का है। महिला का कहना था कि उसने पति के अत्याचारों से परेशान होकर यह कदम उठाया था।
क्या है संदर्भ?
राजस्थान के श्रीगंगानगर में 13 साल की एक नाबालिग लड़की के साथ कथित दुष्कर्म करने का संवेदनशील मामला सामने आया है। न्यूज रिपोर्ट्स के अनुसार, पीड़िता अपनी एक दोस्त से मिलने के लिए श्रीविजयनगर गई हुई थी। फिर एक ई-रिक्शा चालक ने नाबालिग को बहलाकर कहा कि वह उसे घर छोड़ देगा, लेकिन आरोपी ने लड़की को बेच दिया। चार होटलों में पीड़िता के साथ 32 लोगों ने कई दिनों तक बार-बार दुष्कर्म किया और जबरन उसे शराब भी पिलाई गई। पुलिस और जिला प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीनों होटलों को ध्वस्त कर दिया है। अभी तक इस मामले में कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरी रिपोर्ट को यहां, यहां और यहां पढ़ा जा सकता है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर ने फेसबुक प्रोफाइल में खुद को छत्तीसगढ़ का रहने वाला बताया है। यूजर को छह हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि एक शख्स का प्राइवेट पार्ट काटने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। यह वीडियो बांग्लादेश में हुई एक घटना का है। पत्नी का आरोप था कि उसने पति के अत्याचारों से परेशान होकर यह कदम उठाया था। इसी घटना के वीडियो को अब मनगढ़ंत कहानी के साथ वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : केरल में बेटियों के साथ रेप करने पर उन्होंने पिता का प्राइवेट पार्ट काटा।
- Claimed By : FB User देवेन्द्र कुमार हिन्दू
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












