Fact Check: यूपी के बिजनौर में 12 साल के लड़के ने नहीं चलाईं दारोगा पर गोलियां, फेक पोस्ट वायरल
उत्तर प्रदेश के बिजनौर के नजीबाबाद में मां और बहन से दुराचार करने पर नाबालिग द्वारा दारोगा को गोली मारने का दावा करने वाली पोस्ट फेक है। बिजनौर में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है। पुलिस ने फेक पोस्ट करने वाले यूजर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Jul 4, 2026 at 04:42 PM
- Updated: Jul 4, 2026 at 05:00 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर की कानून-व्यवस्था से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि बिजनौर के नजीबाबाद में मां और बहन से दुराचार करने पर 12 साल के एक लड़के ने दारोगा को गोलियां मारीं।
विश्वास न्यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि वायरल पोस्ट फेक है। न तो बिजनौर में इस तरह का कोई मामला सामने आया है और न ही नजीबाबाद थाने में बिल्लू नाम का कोई दारोगा तैनात है, जिसका जिक्र वायरल पोस्ट में किया जा रहा है। पुलिस ने गलत जानकारी पोस्ट करने वाले पर मुकदमा दर्ज किया है।
क्या है वायरल पोस्ट?
इंस्टाग्राम यूजर ‘the_political_812’ ने 2 जुलाई 2026 को एक पोस्ट (आर्काइव लिंक) शेयर किया। इस पर लिखा है, “मां और बहन के साथ दरिंदगी… और इंसाफ के लिए 12 साल के बेटे ने उठाई बंदूक! बिजनौर में 12 साल के लड़के ने पुलिस दरोगा पर 3 गोलियां चला दी! मां और बहन के साथ पुलिस दरोगा द्वारा किए गए दुराचार का बदला लेने के लिए 12 साल के बेटे ने पुलिस दरोगा पर गोली चला दी। थाना नजीबाबाद जनपद – बिजनौर (उ.प्र.)
क्या ये बच्चा गलत है? या वो सही है अपनी मां और बहन की इज़त का बदला लेने में?
आरोप है किः गांव के सरपंच बलदेव और पुलिस दरोगा बिल्लू ने एक विधवा महिला और उसकी मासूम बेटी के साथ गलत काम किया! पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की! आखिरकार, न्याय की आस में 10 12 साल के बेटे ने उठाया बंदुक और चला दी 3 गोलियां! न्याय नहीं मिला… तो बेटे ने उठाया बदले का हथियार! क्या ऐसी घटनाओं के बाद भी चुप रहना सही है? इंसाफ दो! वरना ऐसे मासूम और माताएं कब तक रोती रहेंगी।“

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड से इस बारे में सर्च किया, लेकिन हमें ऐसी कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके।
इसके बाद हमने बिजनौर पुलिस के एक्स हैंडल को स्कैन किया, लेकिन इस घटना से संबंधित कोई भी पोस्ट हमें नहीं मिली।
बिजनौर पुलिस के फेसबुक पेज पर भी हमें ऐसी कोई पोस्ट नहीं मिली, जिससे वायरल दावे के बारे में जानकारी मिल सके।
इस बारे में हमने बिजनौर के एसपी अभिषेक झा से संपर्क कर उन्हें वायरल पोस्ट भेजी। उन्होंने इसे फेक बताते हुए कहा कि यहां इस तरह कोई घटना नहीं हुई है।
वहीं, नजीबाबाद थाने के प्रभारी अमित चौधरी ने कहा कि उनके थाने में बिल्लू नाम का कोई दारोगा तैनात नहीं है। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।
इस मामले में हमने बिजनौर के स्थानीय पत्रकार रोहित त्रिपाठी से भी बात की। उन्होंने भी कहा कि यहां इस तरह का कोई भी मामला सामने नहीं आया है।
क्या है संदर्भ?
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें एक लड़के को पुलिसकर्मी को धमकाते हुए देखा गया । इसमें दावा किया गया था कि बिहार में पुलिसकर्मियों ने जब पूछताछ के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग किया तो उसके बेटे ने उनको जान से मारने की धमकी दी। हालांकि, यह वीडियो कहां का है और पूरा मामला क्या था, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी।
फेक पोस्ट शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। फरवरी 2025 में बने इस अकाउंट के करीब 45 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: उत्तर प्रदेश के बिजनौर के नजीबाबाद में मां और बहन से दुराचार करने पर नाबालिग द्वारा दारोगा को गोली मारने का दावा करने वाली पोस्ट फेक है। बिजनौर में ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है। पुलिस ने फेक पोस्ट करने वाले यूजर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
- Claim Review : बिजनौर में मां और बहन से दुराचार करने पर 12 साल के लड़के ने दारोगा को गोलियां मारी।
- Claimed By : Insta User- the_political_812
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












