X
X

Fact Check: बर्फीली रोड पर कार के बेकाबू होने का यह वीडियो तुर्किये का है, मनाली का नहीं 

बर्फीली रोड पर कार फिसलने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो तुर्किये में हुए हादसे का है, जिसे अब मनाली का बताते हुए शेयर किया जा रहा है। 

  • By: Pragya Shukla
  • Published: Jan 28, 2026 at 12:54 PM
  • Updated: Jan 28, 2026 at 04:17 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मौसम बिगड़ने से हिमाचल में हुई बर्फबारी से जोड़ते हुए हादसे का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को देखा जा सकता है कि बर्फीली जगह पर एक कार आकर पेड़ से टकरा जाती है। तभी उसके साइड में खड़ी कार पलटकर नीचे गिरने लगती है। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह बर्फबारी के बाद मनाली में हुए हादसे का है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो तुर्किये में हुए हादसे का है, जिसे अब मनाली का बताते हुए शेयर किया जा रहा है। 

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘Solan news 9’ ने 24 जनवरी 2026 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “मनाली में बर्फ़बारी के बीच हालात बेहद ख़तरनाक। सड़कों पर गाड़ियाँ बुरी तरह स्किड हो रही हैं…ज़रा सी लापरवाही जानलेवा बन सकती है। कृपया सोच-समझकर चलें, धीरे चलें, सुरक्षित रहें। Life से बड़ा कुछ नहीं है भाई।”

वीडियो पर लिखा है, “मनाली में बर्फबारी के बीच हालात बेहद खतरनाक।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो तुर्किये के फेसबुक पेज ‘Mynet’ पर मिला। वीडियो को 30 दिसंबर 2025 को शेयर किया गया था। तुर्किये की  भाषा में मौजूद जानकारी के मुताबिक, वीडियो तुर्किये के मलात्या (Malatya) शहर का है, जहां पर बर्फीली परिस्थितियों के कारण एक कार फिसल गई और दूसरी कार से टकरा गई। इस हादसे का वीडियो कैमरे में कैद हो गया।

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो से जुड़ी एक रिपोर्ट तुर्किये की न्यूज वेबसाइट ‘haber49’ पर मिला। रिपोर्ट को 29 दिसंबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। तुर्किये की भाषा में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना ‘Yeşilyurt’ जिले के ‘Malatya’ शहर में हुई थी।

जांच के दौरान हमें वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य न्यूज रिपोर्ट भी मिली। इन रिपोर्ट्स में भी इस वीडियो को तुर्किये में हुए हादसे का बताया गया है।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण मनाली के रिपोर्टर जयवंत ठाकुर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल वीडियो मनाली का नहीं है। लेकिन बर्फबारी के बाद यहां पर भी इस तरह की घटनाओं का वीडियो सामने आ रहा है।

न्यूज 24 की वेबसाइट पर 26 जनवरी 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, “हिमाचल प्रदेश के मशहूर टूरिस्ट प्लेस मनाली में भारी बर्फबारी की वजह से हालात बेहद खराब हो गए हैं। सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जमी है जिसके कारण फिसलन बढ़ गई और नेशनल हाईवे पर करीब 8 से 10 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। सैकड़ों गाड़ियां जाम में फंस गईं, जिनमें बैठे पर्यटकों को 24 घंटे से ज्यादा वक्त तक गाड़ियों में ही रहना पड़ा।”

एनडीटीवी की वेबसाइट पर 24 जनवरी 2026 को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के मनाली में भारी बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के कई वीडियो सामने आए हैं। इनमें से कुछ खूबसूरत हैं, तो कुछ डरावने। ऐसा ही एक डरावना वीडियो मनाली से आया है, जो दिखाता है कि पहाड़ों पर लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। अब जो वीडियो सामने आया है, उसमें एक कार बर्फ पर फिसलती हुई दिख रही है। ड्राइवर ने उसे रोकने की कोशिश की, तो वह भी उसके साथ घसीटता हुआ चला गया। यह दिखाता है कि भारी बर्फबारी के कारण मनाली में हालात बेहद खराब हो चुके हैं।”

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 25 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बर्फीली रोड पर कार फिसलने के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। यह वीडियो तुर्किये में हुए हादसे का है, जिसे अब मनाली का बताते हुए शेयर किया जा रहा है। 

  • Claim Review : मनाली हादसे का वीडियो।
  • Claimed By : FB User Solan news 9
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later