Fact Check: मुस्लिम बच्चे के गुब्बारे को फोड़ने का वीडियो बांग्लादेश का है, सांप्रदायिक रंग देकर भारत के नाम से किया जा रहा शेयर
बच्चे के गुब्बारे फोड़ते शख्स के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Jan 27, 2026 at 02:31 PM
- Updated: Jan 27, 2026 at 04:54 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर गुब्बारे बेचते एक बच्चे के साथ मारपीट करते शख्स का वीडियो सांप्रदायिक दावे के साथ तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुई घटना का है, जहां पर एक बच्चा धार्मिक टोपी पहनकर गुब्बारे बेच रहा था। तभी एक शख्स वहां आकर उसे पीटने लगा और उसके सारे गुब्बारे भी फोड़ दिए,जबकि बच्चा रुकने की गुहार लगाता रहा।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। वीडियो को बांग्लादेश के कंटेंट क्रिएटर ने शेयर किया है, जिसे अब गलत दावे के साथ भारत से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
फेसबुक यूजर ‘Shaba Khan’ ने 27 जनवरी 2026 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “देखिए वीडियो को यह वीडियो लखनऊ की है जहां एक मुस्लिम बच्चा गुब्बारा बेच रहा उसकी टोपी देखकर आतंकवादी ने मारना शुरू कर दिया उसके सारे गुब्बारे फोड़ने लगे ना मर्द वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर कीजिए ताकि बनदा पकड़ा जाए।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। हमें वायरल वीडियो ‘Amazing Collection24’ नाम के बांग्लादेश के पेज पर मिला। वीडियो को 13 जनवरी 2026 को शेयर किया गया था। कैप्शन में बांग्ला में लिखा है, “गुब्बारे वाले उस छोटे लड़के का क्या हुआ?”
पेज को खंगालने पर हमें वीडियो के अन्य वजर्न इसी पेज पर 13 जनवरी 2026 को शेयर हुए मिले। मौजूद जानकारी के मुताबिक, शख्स ने गुब्बारे फोड़ने के बाद बच्चे को 1000 टका दिए। वीडियो में शख्स को बच्चे को बांग्लादेश करेंसी देते हुए भी देखा जा सकता है।

पेज के बायो में दी गई जानकारी के अनुसार, यह बांग्लादेश का है और यूजर ने खुद को डिजिटल क्रिएटर बताया है।

पड़ताल के दौरान हमें अन्य बांग्लादेशी पेज पर भी यह वीडियो शेयर हुआ मिला।
अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण लखनऊ के चीफ रिपोर्टर राजीव बाजपेयी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि लखनऊ में इस तरह की कोई घटना सामने नहीं आई है।
अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 36 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को वाराणसी का रहने वाला बताया है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि बच्चे के गुब्बारे फोड़ते शख्स के वायरल वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है और न ही इसमें कोई सांप्रदायिक एंगल है। वीडियो को बांग्लादेश के कंटेंट क्रिएटर ने शेयर किया है, जिसे अब गलत दावे के साथ भारत से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : लखनऊ में गुब्बारे बेच रहे मुस्लिम बच्चे को युवक ने पीटा।
- Claimed By : FB User Shaba Khan
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












