X
X

Fact Check: IPL की नीलामी में शामिल किए गए थे बांग्लादेशी क्रिकेटर्स, वायरल दावा भ्रामक  

आईपीएल 2025 की नीलामी में बांग्लादेश के 13 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। उनमें से दो शार्टलिस्ट हुए थे, लेकिन वे बिके नहीं। आईपीएल की नीलामी में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को शामिल नहीं किए जाने का दावा भ्रामक है।  

fact check, Bangladesh, ipl 2025,

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के लिए हाल ही में मेगा नीलामी का आयोजन किया गया था, जिसमें 182 खिलाड़ी खरीदे गए थे। इस आयोजन को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा के खिलाफ आईपीएल की नीलामी में बांग्लादेशी क्रिकेटरों को शामिल नहीं किया गया।

विश्वास न्यूज की जांच में दावा भ्रामक निकला। दरअसल, आईपीएल की नीलामी के लिए 13 बांग्लादेशी क्रिकेटर्स ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से दो रिशाद हुसैन और मुस्तफिजुर रहमान शॉर्टलिस्ट हुए थे। हालांकि, नीलामी में इन पर बोली नहीं लगी।  

क्या है वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर study._room ने 29 नवंबर को पोस्टकार्ड शेयर (आर्काइव लिंक) किया। इस पर बांग्लोदशी खिलाड़ियों की तस्वीर लगी हुई है और लिखा है, “IPL नीलामी में कोई भी बांग्लादेसी क्रिकेटर शामिल नहीं किया गया, बांग्लादेस में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा”  

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। बीबीसी हिंदी की वेबसाइट पर इस बारे में 28 नवंबर को खबर छपी है। इसके अनुसार, बांग्लादेश का कोई भी क्रिकेटर आईपीएल 2025 में नहीं खेलेगा। 2020 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है। 13 बांग्लादेशी क्रिकेटर इस बार की नीलामी के लिए उपलब्ध थे, जिनमें से दो रिशाद हुसैन और मुस्तफिजुर रहमान शॉर्टलिस्ट भी हुए, लेकिन उन पर किसी ने बोली नहीं लगाई। बीसीसीआई या आईपीएल ने इसको लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है। हालांकि, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी इसे दक्षता से जुड़ा मामला बता रहे हैं। आईपीएल 2024 में बांग्लादेश के खिलाड़ी मुस्तफिजुर रहमान को ही खेलने का मौका मिला था।      

आईपीएल टी 20 की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, बोली में 182 खिलाड़ी बिके। इनमें ऋषभ पंत पर सबसे ज्यादा 27 करोड़ रुपये की बोली लगी। इस नीलामी में कुल 639.15 करोड़ रुपये की बोली लगाई गई।

आईपीएल 2025 के लिए 1574 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 1165 भारतीय और 409 विदेशी थे। नीलामी का आयोजन 24 और 25 नवंबर को सउदी अरब के जेद्दा में किया गया था। रजिस्ट्रेशन कराने वालों में 13 खिलाड़ी बांग्लादेश के थे।

इस बारे में दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी का कहना है कि आईपीएल की नीलामी में बांग्लादेश के खिलाड़ियों को शामिल किया गया था, लेकिन वे बिके नहीं।

बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा को लेकर भारत की तरफ से बांग्लादेश से अल्पसंख्यकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया है। 29 नवंबर को एएनआई के एक्स हैंडल से विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल  का वीडियो बयान पोस्ट किया गया है। इसमें वह कह रहे हैं कि बांग्लादेश में हिंदुओं और अल्पसंख्यकों की स्थिति को लेकर भारत ने मामला उठाया है। बांग्लादेश से अल्पसंख्यकों को सुरक्षा प्रदान करने की बात कही गई है।

भ्रामक दावा करने वाले इंस्टा यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 5 लाख फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: आईपीएल 2025 की नीलामी में बांग्लादेश के 13 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। उनमें से दो शार्टलिस्ट हुए थे, लेकिन वे बिके नहीं। आईपीएल की नीलामी में बांग्लादेशी खिलाड़ियों को शामिल नहीं किए जाने का दावा भ्रामक है।  

  • Claim Review : बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा के खिलाफ आईपीएल की नीलामी में बांग्लादेशी क्रिकेटरों को शामिल नहीं किया गया।
  • Claimed By : Insta User- study._room
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later