Fact Check: रैली में अभिवादन करते अखिलेश यादव का वायरल वीडियो 2021 का झांसी का है, गोरखपुर का नहीं
दिसंबर 2021 में झांसी में अखिलेश यादव ने एक रैली की थी। उस दौरान के वीडियो को हाल में गोरखपुर में हुए रोड शो का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- By: Sharad Prakash Asthana
- Published: Nov 20, 2026 at 05:13 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने जनसभाएं शुरू कर दी हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हाल ही में गोरखपुर में एक रैली की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें सभा में लोगों का अभिवादन करते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो गोरखपुर में अखिलेश की हुई हालिया जनसभा का है।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की तो पता चला कि यह दिसंबर 2021 में झांसी में हुई रैली का है। इसका हाल में गोरखपुर में हुई रैली से कोई संबंध नहीं है। वीडियो को भ्रामक दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।
क्या है वायरल पोस्ट?
फेसबुक यूजर ‘कुनाल विद्रोही’ ने 18 नवंबर 2026 को एक वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, ”गोरखपुर में आज जबर्दस्त जन सैलाब देखने को मिला….ये जनसैलाब बदलाव का संकेत दे रहा है, अब 2027 में PDA सरकार बनने से कोई नहीं रोक पाएगा। जय PDA तय PDA।”

पड़ताल
वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल लेंस पर सर्च किया। अखिलेश यादव के फेसबुक पेज पर 3 दिसंबर 2021 को वायरल वीडियो पोस्ट किया गया था। इसके साथ में लिखा है, “झांसी वाले अब झांसे में नहीं आएंगे! बुंदेलखंड पुकारता ~ नहीं चाहिए भाजपा।”

मेरठ के हस्तिनापुर के पूर्व विधायक ‘योगेश वर्मा’ ने भी इस वीडियो को 3 दिसंबर 2021 को समान कैप्शन के साथ शेयर किया गया था।

‘समाजवादी पार्टी’ के फेसबुक पेज पर 3 दिसंबर 2021 को इस रैली का एक अन्य वीडियो पोस्ट किया गया था। इसके साथ में लिखा है कि झांसी में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रैली में उमड़ा जनसैलाब।

‘द हिंदू’ की वेबसाइट पर 8 जनवरी 2022 को छपी एक रिपोर्ट में वायरल हो रहे वीडियो के कीफ्रेम का प्रयोग किया गया है। इसके कैप्शन के अनुसार, यह तस्वीर 3 दिसंबर 2021 की है। झांसी में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी विधानसभा चुनाव 2022 से पहले ‘समाजवादी विजय यात्रा’ के दौरान भीड़ का अभिवादन किया था।

गोरखपुर में ‘दैनिक जागरण’ के रिपोर्टर प्रदीप श्रीवास्तव से हमने संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो गोरखपुर का नहीं है। अखिलेश यादव ने यहां करीब 20 किमी लंबा रोड शो किया था।
क्या है संदर्भ?
अखिलेश यादव ने 18 नवंबर 2026 को गोरखपुर में रोड शो किया था। ‘दैनिक जागरण’ की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट के अनुसार, ”आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव गोरखपुर पहुंचे। यहां उन्होंने रोड शो किया और चौरीचौरा में जनसभा को संबोधित किया।”
पुराने वीडियो को अब शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को अंत में हमने स्कैन किया। प्रयागराज के रहने वाले यूजर एक राजनीतिक दल से जुड़े हैं। उनके करीब 38 हजार फॉलोअर्स हैं।
निष्कर्ष: दिसंबर 2021 में झांसी में अखिलेश यादव ने एक रैली की थी। उस दौरान के वीडियो को हाल में गोरखपुर में हुए रोड शो का बताकर वायरल किया जा रहा है।
- Claim Review : गोरखपुर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की रैली का वीडियो।
- Claimed By : Fb User- कुनाल विद्रोही
- Fact Check : भ्रामक
- Video Posted by FB@Akhilesh Yadav, Dated 3 Dec 2021
- Video Posted by FB@Yogesh Verma, Dated 3 Dec 2021
- Video Posted by FB@Samajwadi Party, Dated 3 Dec 2021
- News Report by The Hindu, Dated 22 Jan 2022
- News Report by Dainik Jagran, Dated 18 Nov 2026
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












