Fact Check: क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी जिंदा हैं, उनकी मौत का दावा करने वाली वायरल पोस्ट निकली फर्जी
विश्वास न्यूज़ ने वायरल पोस्ट की जांच की और पाया कि महेंद्र सिंह धोनी की मौत का दावा फर्जी है। वे सही-सलामत हैं।
- By: Pallavi Mishra
- Published: May 6, 2025 at 02:24 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज़)। चेन्नई सुपर किंग्स को 3 मई 2025 को आईपीएल मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ दो रन से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें दावा किए जा रहा है कि सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस हार को बर्दाश्त नहीं कर पाए और हार्ट अटैक के कारण उनकी मौत हो गई।
विश्वास न्यूज़ ने वायरल पोस्ट की जांच की और पाया कि यह पोस्ट फर्जी है। महेंद्र सिंह धोनी जीवित और स्वस्थ हैं।
वायरल पोस्ट में क्या है?
फेसबुक यूजर ‘Miss Kajal (Dhirajmahi)’ (Archive) ने 2 मई 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा ‘नहीं रहे धोनी RIP. धोनी हार बर्दाश्त नहीं कर पाए। हार्ट अटैक से स्वर्गवास पहुंचे।’

पड़ताल
हमने कीवर्ड सर्च करके अपनी जांच शुरू की। हमें कहीं भी एमएस धोनी की मौत या हार्ट अटैक की कोई रिपोर्ट नहीं मिली। धोनी एक बहुत बड़े खिलाड़ी हैं और अगर उनकी सेहत को लेकर ऐसी कोई खबर आती, तो वो जरूर सुर्खियां बटोरती।
ख़बरों के अनुसार, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 3 मई को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 52वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स को दो रन से हराया था। इसके बाद धोनी ने इस हार की खुद जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि उन्हें कुछ बड़े शॉट्स खेलकर दबाव हटाना चाहिए था, लेकिन वो ऐसा कर नहीं पाए और इसके लिए वे खुद को दोषी मानते हैं।
इसके बाद हमने आईपीएल की वेबसाइट पर CSK टीम का चार्ट चेक किया। CSK का अगला मैच 7 मई को होना है। वेबसाइट पर दिख रहे लाइन अप में एमएस धोनी का नाम कप्तान के तौर पर लिखा है।

इसके बाद हमने क्रिकेट विशेषज्ञ और ईएसपीएन कमेंटेटर सैयद हुसैन से संपर्क किया, जिन्होंने पुष्टि की कि वायरल दावा गलत है और धोनी सही-सलामत हैं।
वायरल दावे को Miss Kajal (Dhirajmahi) नामक एक फेसबुक यूजर ने शेयर किया था, जिसके 3000 से अधिक फ़ॉलोअर हैं।
अक्सर लाइक्स आदि पाने के लिए सोशल मीडिया यूजर मशहूर हस्तियों की मृत्यु की झूठी खबरें फैला देते हैं। विश्वास न्यूज़ ने पहले भी ऐसे कई फैक्ट चेक किए हैं, जिन्हें यहां पढ़ा जा सकता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने वायरल पोस्ट की जांच की और पाया कि महेंद्र सिंह धोनी की मौत का दावा फर्जी है। वे सही-सलामत हैं।
- Claim Review : नहीं रहे धोनी RIP. धोनी हार बर्दाश्त नहीं कर पाए। हार्ट अटैक से स्वर्गवास पहुंचे
- Claimed By : Facebook User Miss Kajal (Dhirajmahi)
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












