Fact Check : भारत का झंडा पकड़े अफगान दल के सदस्य की तस्वीर एडिटेड, गलत दावे से हुई वायरल
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मैच जीतने के बाद अफगानिस्तान टीम के तिरंगा लहराने के दावे से वायरल तस्वीर एडिटेड है। भारतीय झंडा पकड़े हुए शख्स की वायरल तस्वीर एडिटेड है। असल तस्वीर में शख्स ने झंडा नहीं पकड़ा हुआ है।
- By: Pragya Shukla
- Published: Feb 28, 2025 at 05:38 PM
- Updated: Feb 28, 2025 at 05:50 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर भारत का झंडा पकड़े अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के सपोर्ट स्टाफ की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि अफगानिस्तान ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में इंग्लैंड से मैच जीतने के बाद पाकिस्तानी ग्राउंड पर भारत का झंडा लहराया।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। भारतीय झंडा पकड़े हुए शख्स की वायरल तस्वीर एडिटेड है। असल तस्वीर में शख्स ने झंडा नहीं पकड़ा हुआ है। अफगानिस्तान के मैच जीतने के बाद टीम और सपोर्ट स्टाफ के सदस्य ग्राउंड पर आकर एक-दूसरे के गले लगते है। इसी पल के एक स्क्रीनशॉट को एडिट कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘नमो बेस्ट पीएम ऑफ इंडिया’ ने वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “इंग्लैंड से जीतने के बाद अफगानिस्तान की टीम ने पाकिस्तानी ग्राउंड पर लहराया भारतीय झंडा जिसे देखकर पूरे पाकिस्तान अवाम की सुलग गई।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए हमने तस्वीर को गौर से देखा। हमें तस्वीर में कई कमियां नजर आई। झंडा पकड़े हुए शख्स के हाथ ठीक नहीं है। साथ ही तस्वीर में नजर आ रहे क्रिकेटर राशिद के हाथ भी ओवरलैप हो रहे हैं। झंड पकड़े शख्स के पीछे कोई शख्स खड़ा है, जिसकी टी-शर्ट आधी नजर आ रही है। ऐसे में हमें तस्वीर के एटिडेट होने का संदेह हुआ।
हमने जियो हॉटस्टार की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अफगानिस्तान और इंग्लैंड के मैच के रिप्ले को देखा। हमें असली हिस्सा वहां पर 9.9.22 पर मिला। असली हिस्से में देखा जा सकता है कि मैच खत्म होने के बाद अफगानिस्तान की टीम और सपोर्ट स्टाफ के सदस्य मैदान में आते हैं। फिर एक-दूसरे को गले लगाते हैं। इसी हिस्से को एडिट कर सपोर्ट स्टाफ के सदस्य के हाथ में तिरंगा थमा दिया गया है।

दोनों के बीच के अंतर को नीचे देखा जा सकता है।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह तस्वीर एडिटेड है।
अंत में हमने फोटो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को 73 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि मैच जीतने के बाद अफगानिस्तान टीम के तिरंगा लहराने के दावे से वायरल तस्वीर एडिटेड है। भारतीय झंडा पकड़े हुए शख्स की वायरल तस्वीर एडिटेड है। असल तस्वीर में शख्स ने झंडा नहीं पकड़ा हुआ है। अफगानिस्तान के मैच जीतने के बाद टीम और सपोर्ट स्टाफ के सदस्य ग्राउंड पर आकर एक-दूसरे के गले लगते है। इसी पल के एक स्क्रीनशॉट को एडिट कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।
- Claim Review : अफगानिस्तान टीम ने इंग्लैंड से मैच जीतने के बाद तिरंगा लहराया।
- Claimed By : FB User Namo Best PM of India
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












