Fact Check : धोनी ने नहीं की आईपीएल रद्द करने की मांग, वायरल बयान फर्जी
धोनी ने आईपीएल को रद्द करने की मांग नहीं की है। धोनी के नाम से फर्जी बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
- By: Pragya Shukla
- Published: May 14, 2025 at 04:35 PM
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारत-पाक तनाव के कारण आईपीएल 2025 को कुछ हफ्ते के लिए सस्पेंड किया गया था और अब उसे फिर से शुरू कर दिया गया है। 17 मई से फिर आईपीएल के मैच शुरू होने जा रहे हैं। इसी से जोड़ते हुए भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का एक कथित बयान तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि धोनी ने आईपीएल को लेकर कहा है कि इसे फिर शुरू से करना चाहिए या फिर रद्द कर देना चाहिये।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। धोनी की ओर से इस तरह का कोई बयान आईपीएल को लेकर नहीं दिया गया है।
क्या हो रहा है वायरल ?
फेसबुक यूजर ‘हिंदी न्यूज’ ने 11 मई 2025 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “धोनी चाहते हैं कि इस बार का आईपीएल पूरी तरह से रद्द हो जाए क्योंकि अब उनकी टीम इस आईपीएल से बाहर हो चुकी है। उनका कहना है कि इस समय देश में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ही आईपीएल को पोस्टपोन किया गया था और इसे इस साल के लिए बंद ही कर देना चाहिए आपका इस बारे में क्या कहना है।”
पोस्ट पर लिखा हुआ है, धोनी ने कहा IPL को शुरू से करवाना चाहिए या फिर रद्द करके सीधे अगले सीजन में इसकी शुरुआत करनी चाहिए।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें दावे से जुड़ी कोई जानकारी नहीं मिली।
हमने पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए महेंद्र सिंह धोनी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स को खंगालना शुरू किया। हमें दावे से जुड़ी कोई पोस्ट वहां पर नहीं मिली।

जनसत्ता की वेबसाइट पर 13 मई 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, 20 मई को सीएसके का राजस्थान रॉयल्स के साथ मैच होना है। धोनी भी इस मैच का हिस्सा होंगे।

अधिक जानकारी के लिए हमने इस विषय में स्पोर्ट्स एनालिस्ट, जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन से बात की। उन्होंने दावे को गलत बताया है। उनका कहना है कि धोनी ने आईपीएल रद्द करने को लेकर ऐसी कोई मांग नहीं की है और न ही ऐसा कोई बयान दिया है।
अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ वायरल करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर क्रिकेट से जुड़ी पोस्ट को शेयर करता है। यूजर को 84 हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि धोनी ने आईपीएल को रद्द करने की मांग नहीं की है। धोनी के नाम से फर्जी बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
- Claim Review : धोनी ने कहा IPL को शुरू से करना चाहिए या फिर रद्द करना चाहिये।
- Claimed By : FB User Hindi News
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












