X
X

Fact Check: सचिन तेंदुलकर ने जो रूट को लेकर नहीं दिया वायरल बयान, AI निर्मित है यह वीडियो

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि जो रूट के रिकॉर्ड के करीब पहुँचने पर सचिन तेंदुलकर की नाराजगी वाला वीडियो फेक है। सचिन ने कभी ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। यह वीडियो 2013 के पुराने फुटेज को AI के जरिए एडिट कर बनाया गया है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि सचिन तेंदुलकर, इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट (जोसेफ रूट) द्वारा उनके टेस्ट रिकॉर्ड के करीब पहुंचने पर चिढ़ और गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। वायरल वीडियो एक ‘डीपफेक’ है, जिसे 2013 के एक पुराने इंटरव्यू में AI का उपयोग करके एडिट किया गया है।

क्या हो रहा है वायरल ?

इंस्टाग्राम यूजर ‘legendsrevolution’ ने 5 जनवरी को वायरल वीडियो को शेयर किया। वीडियो में सचिन तेंदुलकर को कथित तौर से बोलते सुना जा सकता है “ये जो रूट टेस्ट क्रिकेट में सेंचुरी पर सेंचुरी मारे जा रहा है। ऐसा ही चलता रहा तो ये भी रिकॉर्ड हाथ से चला जाएगा।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल पोस्ट की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। हमें यह असली वीडियो बीबीसी न्यूज़ के यूट्यूब चैनल पर 18 नवंबर 2013 को अपलोड मिला, जिसका शीर्षक है – “SACHIN TENDULKAR FULL INTERVIEW – BBC NEWS”। इसमें सचिन तेंदुलकर अपने संन्यास के बाद अपनी भावनाओं को व्यक्त कर रहे थे। इस वीडियो में उन्होंने सुनील गावस्कर और विवियन रिचर्ड्स को अपना हीरो बताया था। मगर कहीं भी इंग्लैंड के दिग्गज क्रिकेटर जो रूट को लेकर कुछ नहीं कहा था।

इस वीडियो में 01:36 से लेकर 01:45 तक के हिस्से को उठाकर  एडिट किया गया है और फर्जी ऑडियो अटैच किया गया है।

हमने वीडियो को  जांचने के लिए AI डिटेक्शन टूल्स का सहारा लिया। हमने हाइव मॉडरेशन टूल की मदद से वीडियो को सर्च किया। इस टूल ने वीडियो के लगभग 80 फीसदी तक एआई जेनरेटेड होने की संभावना बताई।

एक और डीपफेक डिटेक्शन टूल ट्रुथ स्कैन ने वीडियो के एआई निर्मित होने की 99 प्रतिशत संभावना जताई।

इसके बाद होने हमने वीडियो में इस्तेमाल ऑडियो को एडवांस ऑडियो डीपफेक डिटेक्शन इंजन वाली स्विस डीप-टेक कंपनी, Aurigin.ai की मदद से चेक किया। टूल ने ऑडियो के AI द्वारा निर्मित होने की 100 प्रतिशत संभावना जताई।

अधिक जानकारी के लिए हमने स्पोर्ट्स एनालिस्ट, जर्नलिस्ट और कमेंटेटर सैयद हुसैन से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह फर्जी वीडियो है और असली इंटरव्यू में सचिन ने ऐसा कुछ नहीं बोला था, बल्कि जो रूट को लेकर सचिन तेंदुलकर ने कभी भी ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।

बताते चलें कि इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट इस समय अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं और उन्होंने हाल ही में संपन्न हुई एशेज सीरीज 2025-26 में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवाया है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने यह सीरीज 4-1 से जीती, लेकिन रूट इंग्लैंड के लिए सबसे बड़े नायक बनकर उभरे। उन्होंने इस सीरीज में इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक 400 रन बनाए और वे पूरी सीरीज के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे। रूट ने इस दौरे पर दो शानदार शतक (ब्रिस्बेन और सिडनी) जड़े। सिडनी टेस्ट की पहली पारी में उनकी 160 रनों की यादगार पारी ने न केवल इंग्लैंड को मजबूती दी, बल्कि यह उनके टेस्ट करियर का 41वां शतक भी था, जिसके साथ उन्होंने रिकी पोंटिंग के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।

रूट के इस शानदार प्रदर्शन ने अब उन्हें सचिन तेंदुलकर के ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुँचा दिया है। जो रूट के नाम अब 13,943 टेस्ट रन दर्ज हैं और वे सचिन के 15,921 रनों के सर्वकालिक रिकॉर्ड को तोड़ने से मात्र 1,978 रन दूर हैं। शतकों के मामले में भी रूट (41 शतक) अब सचिन के 51 टेस्ट शतकों से केवल 10 कदम पीछे हैं।

अंत में हमने वीडियो को गलत जानकारी के साथ शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर legendsrevolution को 3000 से अधिक लोग फॉलो करते हैं।  

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि जो रूट के रिकॉर्ड के करीब पहुँचने पर सचिन तेंदुलकर की नाराजगी वाला वीडियो फेक है। सचिन ने कभी ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। यह वीडियो 2013 के पुराने फुटेज को AI के जरिए एडिट कर बनाया गया है।

  • Claim Review : सचिन तेंदुलकर ने जो रूट के उनके रिकॉर्ड्स के करीब आने पर चिढ़ और गुस्सा जाहिर किया।
  • Claimed By : Instagram User ‘legendsrevolution’
  • Fact Check : झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later