Fact Check : अहमदाबाद हादसे के नाम पर एअर अल्जीरिया के विमान का पुराना Video वायरल
पिछले साल एअर अल्जीरिया के विमान में कुछ तकनीकी दिक्कत आ गई थी। उसी घटना के वीडियो को अब एअर इंडिया क्रैश से जोड़ते हुए वायरल किया जा रहा है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: Jun 13, 2025 at 01:12 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। गुजरात की राजधानी अहमदाबाद में 12 जून की दोपहर एअर इंडिया की फ्लाइट लंदन के लिए उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद क्रैश हो गई। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स इस वीडियो को एअर इंडिया हादसे से जोड़ते हुए शेयर कर रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। दरअसल पिछले साल सितंबर में अल्जीरिया में एअर अल्जीरिया के विमान में कुछ तकनीकी दिक्कत आ गई थी। जिसके बाद उसे वापस जमीन पर सुरक्षित लैंड करवा लिया गया था। उसी घटना के वीडियो को अब एअर इंडिया क्रैश से जोड़ते हुए वायरल किया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल
इंस्टाग्राम यूजर govind_agk ने 13 जून को एक वीडियो को पोस्ट करते हुए इसे हादसे से पहले प्लेन के अंदर का मंजर बताया।
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने अहमदाबाद क्रैश के नाम से वायरल वीडियो की जांच के लिए सबसे पहले इसके कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस टूल के जरिए सर्च किया। हमें एक फेसबुक अकाउंट पर पुरानी तारीख में यह वीडियो अपलोड मिला।
फेसबुक पेज I love Biskra पर असली वीडियो 24 सितंबर 2024 को पोस्ट किया गया। इसी तरह Info Trafic Algérie नाम के एक फेसबुक पेज ने इस वीडियो को 23 सितंबर 2024 को अपलोड किया।
अरेबिक भाषा में वीडियो के कैप्शन से यह पता चला कि यह एअर अल्जीरिया का प्लेन है।
हमें यह जानना था कि क्या पिछले साल सितंबर में एअर अल्जीरिया के किसी विमान में वायरल वीडियो जैसा कोई हादसा हुआ था? कीवर्ड के जरिए सर्च करने पर हमें 23 सितंबर 2024 की एक खबर मिली। अल्जीरिया की स्थानीय वेबसाइट पर पब्लिश खबर में एअर अल्जीरिया की ओर से एक बयान प्रकाशित किया गया। इसमें बताया गया, “एयर अल्जीरिया अपने मूल्यवान ग्राहकों और जनता को सूचित करना चाहता है कि अल्जीयर्स और इस्तांबुल के बीच उड़ान संख्या AH3018, जो कि अल्जीयर्स अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रात 11:02 बजे उड़ान भरी थी, में तकनीकी खराबी के कारण, पायलट ने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती उपाय के रूप में उड़ान के एक घंटे बाद होउरी बौमेडिएन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लौटने का निर्णय लिया।”
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दैनिक जागरण, अहमदाबाद के वरिष्ठ संवाददाता शत्रुघ्न शर्मा से संपर्क किया। उनके साथ वायरल वीडियो को शेयर किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि एअर इंडिया हादसे का ऐसा कोई वीडियो अब तक सामने नहीं आया है, जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया गया है।
एअर इंडिया ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली AI171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान 230 यात्रियों और 12 चालक दल के सदस्यों को लेकर अहमदाबाद से रवाना हुआ था। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत की पुष्टि हो गई है। एकमात्र जीवित व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यात्रियों में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, 7 पुर्तगाली नागरिक और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। जीवित व्यक्ति भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है।
जांच के अंत में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। पता चला कि यह हैंडल अगस्त 2022 को बनाया गया है। इसे 24 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल पोस्ट फर्जी साबित हुई। एअर अल्जीरिया के विमान के पुराने वीडियो को अहमदाबाद हादसे से जोड़ते हुए वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने एअर इंडिया हादसे के बाद कई फर्जी व भ्रामक पोस्ट की जांच की। इन पड़तालों को नीचे पढ़ा जा सकता है।
- Claim Review : एअर इंडिया हादसे से पहले का मंजर
- Claimed By : IG User govind_agk
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












