Fact Check : ब्राजील में सरेआम हुई हत्या का वीडियो उत्तराखंड के नाम पर किया गया वायरल
ब्राजील के वीडियो को उत्तराखंड का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है। उत्तराखंड में यह घटना नहीं हुई है।
- By: Ashish Maharishi
- Published: May 30, 2025 at 04:54 PM
नई दिल्ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। 36 सेकंड के इस वीडियो में एक शख्स को बुरी तरह से मारते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इसे उत्तराखंड का बताकर भाजपा पर निशाना साध रहे हैं।
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। ब्राजील के वीडियो को उत्तराखंड का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है। उत्तराखंड में यह घटना नहीं हुई है।
क्या हो रहा है वायरल
फेसबुक ग्रुप स्वर्ग से सुंदर अपना उत्तराखंड ने 29 मई को एक वीडियो को पोस्ट करते हुए दावा किया, “आखिर इस लड़के की क्या गलती थी जो इसे इतनी बुरी तरह से मारा गया? क्या 2025 इसी लिए आया? क्या आम जनता को जीने का कोई हक नहीं? उत्तराखंड देव भूमि को भाजपा ने उपद्रवियों का अड्डा बना दिया। प्लीज शेयर एंड फॉलो करें।”
वायरल पोस्ट के कंटेंट को यहां ज्यों का त्यों लिखा गया है। इसे सच मानकर कई यूजर्स शेयर कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
पड़ताल
विश्वास न्यूज ने वायरल पोस्ट की जांच के लिए सबसे पहले वीडियो को ध्यान से स्कैन किया। वीडियो देखने से यह स्पष्ट था कि वीडियो भारत का नहीं है।
इसके बाद इसके कई कीफ्रेम्स निकाले। फिर इन्हें गूगल लेंस के जरिए सर्च किया। इसके अलावा यान्डेक्स टूल का भी इस्तेमाल किया गया। हमें वीडियो से संबंधित खबरें कई विदेशी न्यूज वेबसाइट व यूट्यूब चैनल पर मिलीं।
GazetaNewsAL नाम के एक यूट्यूब चैनल ने वायरल वीडियो का इस्तेमाल करते हुए अपनी रिपोर्ट में बताया कि ब्राजील के कैम्पो एलेग्रे में व्यक्ति की हत्या कर दी गई। यह सबकुछ कैमरे में रिकॉर्ड हो गया।
सर्च के दौरान हमें नीड टू नो नाम की एक वेबसाइट पर भी संबंधित घटना से जुड़ी खबर मिली। इसमें बताया गया कि ब्राजील में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। वजह पांच साल की पोती की कस्टडी को लेकर परिवार में चल रहा विवाद बताया गया।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए गूगल ओपन सर्च टूल का इस्तेमाल किया। हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो उत्तराखंड में वायरल वीडियो जैसी किसी घटना की पुष्टि कर सके।
जांच के अंत में हमने उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से प्रकाशित दैनिक जागरण के सिटी डेस्क टीम के सुनील नेगी से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि राज्य में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है, जैसा कि वायरल वीडियो में दिखाया गया है। वायरल वीडियो विदेश का है।
अंत में हमने फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की । पता चला कि यूजर गुरुग्राम में रहता है। इसके फेसबुक पर पांच हजार से ज्यादा लोग जुड़े हुए हैं।
निष्कर्ष : विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल पोस्ट फर्जी है। उत्तराखंड में ऐसी कोई घटना नहीं हुई है, जैसा कि वायरल पोस्ट में दावा किया गया है। ब्राजील के वीडियो को उत्तराखंड का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।
- Claim Review : उत्तराखंड में सरेआम हत्या
- Claimed By : उत्तराखंड में सरेआम हत्या
- Fact Check : झूठ
पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...












