X
X

Fact Check: MP विधानसभा चुनाव प्रचार में कांग्रेस के खिलाफ अखिलेश के बयान को हालिया लोकसभा चुनाव से जोड़कर किया जा रहा शेयर

अखिलेश यादव के कांग्रेस को वोट नहीं देने की अपील का वीडियो मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान का है, जब कांग्रेस और सपा में गठबंधन नहीं हो पाया था। इसी पुराने वीडियो को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर समझौता होने के बाद आगरा में 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में राहुल के साथ शामिल हुए अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: May 17, 2024 at 03:20 PM
  • Updated: May 17, 2024 at 04:03 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा चुनाव 24 के लिए मतदान जारी है और अब तक कुल चार चरणों का मतदान हो भी चुका है और उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो क्लिप को लेकर दावा किया जा रहा है कि अखिलेश यादव ने कांग्रेस को वोट नहीं देने की अपील की है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को भ्रामक पाया। जिस वायरल वीडियो क्लिप में अखिलेश यादव कांग्रेस को ‘चालू’ पार्टी बताते हुए उसे वोट नहीं देने की अपील कर रहे हैं, उसका मौजूदा लोकसभा चुनाव और मौजूदा चुनाव पूर्व गठबंधन से कोई लेना-देना नहीं है। वायरल वीडियो क्लिप मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान का है, जब गठबंधन नहीं होने की वजह से अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मतदाताओं से वोट नहीं देने की अपील की थी।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘uttambanatauttarpradesh’ ने पोस्ट (आर्काइव लिंक) को शेयर किया है, जिसमें राहुल गांधी और अखिलेश यादव के रोड शो की तस्वीर के साथ अखिलेश यादव का वीडियो क्लिप है।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।

पड़ताल

वायल पोस्ट में शामिल तस्वीर में राहुल गांधी और अखिलेश यादव साथ में रोड शो करते हुए नजर आ रहे हैं, वहीं वीडियो क्लिप में अखिलेश यादव को कांग्रेस को वोट नहीं देने की अपील करते हुए सुना जा सकता है।

21 फरवरी 2024 की ‘द हिंदू’की न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, “समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने आगामी लोकसभा चुनाव (2024) के मद्देनजर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में सीट साझेदारी घोषणा कर दी है। कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में 17  सीटें मिली हैं, वहीं मध्य प्रदेश में सपा खजुराहो  सीट पर चुनाव लड़ेगी और अन्य 28 सीटों पर कांग्रेस को समर्थन देगी।”

इसी संदर्भ में वायरल पोस्ट को शेयर किया जा रहा है। वायरल पोस्ट का एक हिस्सा वह तस्वीर है, जिसमें राहुल गांधी और अखिलेश यादव साथ में रोड शो करते हुए नजर आ रहे हैं। रिवर्स इमेज सर्च में हमें यह तस्वीर कई रिपोर्ट्स में मिली।

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की 25 फरवरी 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों दलों में सीटों का समझौता होने के बाद समाजवादी पार्टी चीफ अखिलेश यादव आगरा में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल हुए थे।

लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीट शेयरिंग को लेकर समझौता होने के बाद पार्टी चीफ अखिलेश यादव आगरा में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल हुए थे।

इसी तस्वीर के साथ अखिलेश यादव का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है, “कांग्रेस को भी वोट मत देना…बहुत चालू पार्टी है कांग्रेस….सावधान रहोगे कि नहीं..!”

इससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कांग्रेस से गठबंधन होने के बाद अखिलेश यादव ने कांग्रेस के पक्ष में वोट नहीं देने की अपील की। वीडियो के ऑरिजिनल सोर्स को ढूंढने के लिए हमने इन-विड टूल से इसके की-फ्रेम्स को निकाला और उसे रिवर्स इमेज सर्च किया। सर्च में हमें यह वीडियो (आर्काइव लिंक) एएनआई के एक्स हैंडल पर अपलोड किया हुआ मिला, जिसे पांच नवंबर 2023 को शेयर किया गया है।

https://x.com/ANI/status/1721100338374356995

दी गई जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश में अखिलेश यादव ने खुलकर कांग्रेस का विरोध करते हुए कांग्रेस को ‘धोखेबाज’ पार्टी तक बता डाला था। राज्य के टीकमगढ़ में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ कांग्रेस पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, “…..(यहां) कुछ नहीं मिल रहा है राशन में….तो बीजेपी को वोट क्यों दोगे तुम? कांग्रेस को भी वोट मत देना…बहुत चालू पार्टी है कांग्रेस….सावधान रहोगे कि नहीं रहोगे।”

नईदुनिया की रिपोर्ट में भी अखिलेश यादव के इस बयान का जिक्र है।

यानी वायरल हो रहा वीडियो लोकसभा चुनाव का नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान का है, जब दोनों दलों में गठबंधन नहीं हुआ था।

वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने मध्य प्रदेश नईदुनिया के राज्य ब्यूरो प्रमुख धनंजय प्रताप सिंह से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया, “अखिलेश यादव का यह बयान पिछले साल नवंबर महीने का है, जब विधानसभा चुनाव को लेकर वह प्रचार कर रहे थे।”

वायरल पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर को इंस्टाग्राम पर 2.5 लाख लोग फॉलो करते हैं।

चुनाव आयोग की अधिसूचना (आर्काइव लिंक) के मुताबिक, लोकसभा चुनाव के तहत अब तक चार चरणों का मतदान हो चुका है और पांचवें चरण के लिए मतदान 20 मई को होना है, जिसमें आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की कुल 49 सीटों पर वोटिंग होगी। चुनाव से संबंधित अन्य भ्रामक व फेक दावों की जांच करती फैक्ट चेक रिपोर्ट को विश्वास न्यूज के चुनावी सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: अखिलेश यादव के कांग्रेस को वोट नहीं देने की अपील का वीडियो मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान का है, जब कांग्रेस और सपा में गठबंधन नहीं हो पाया था। इसी पुराने वीडियो को लोकसभा चुनाव 2024 के लिए दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर समझौता होने के बाद आगरा में ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में राहुल के साथ शामिल हुए अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : अखिलेश यादव ने की कांग्रेस के खिलाफ वोट देने की अपील।
  • Claimed By : Insta User-uttambanatauttarpradesh
  • Fact Check : भ्रामक

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later